यूपी: पुलिस प्रताड़ना से क्षुब्ध युवक ने की खुदकुशी, लड़की की झूठी शिकायत पर पीटने का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। आरोप है कि युवक ने पुलिस प्रताड़ना की वजह से खुदकुशी की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ने आरोपों की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जौनपुर शहर के मुल्लाटोला मोहल्ले में शनिवार को 22 वर्षीय युवक ने घर के अंदर कमरे में फांसी लगा ली। घरवालों का कहना है कि कि एक युवती की झूठी शिकायत पर यूपी-112 के कर्मचारियों ने युवक को पकड़कर पीटा और उससे 20 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
मुल्लाटोला निवासी असलम का पुत्र मो. राजू(22) अपने पिता के साथ मकान में पेंटिंग का काम करता था। शनिवार को वह पिता के साथ काम पर नहीं गया। घरवालों के मुताबिक वह मोहल्ले के पास गोमती नदी के किनारे मोबाइल फोन पर टिकटाक वीडियो बना रहा था। उसी दौरान डायल 112 बाइक सवार एक सिपाही और एक होमगार्ड गोमती नदी के किनारे पहुंच गए।
मोबाइल से किसी लड़की को फोन कर परेशान करने की बात कहते हुए युवक को थाने ले जाने लगे। इतने में मोहल्ले के लोग जुट गए। मौके पर युवक की मां भी पहुंच गई। आरोप है कि दो हजार रुपये लेकर पुलिसकर्मी युवक को छोड़कर चले गए। थोड़ी देर बाद वही पुलिसकर्मी दोबारा युवक के घर पहुंच गए और 18 हजार रुपये की और मांग की।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कहा कि इतने पैसे का इंतजाम जल्दी से कर दो नहीं, तो जेल भेज देंगे। परिवार की माली हालत का हवाला देकर मिन्नतें की, मगर बात न बनने पर युवक की मां ने पैसे का इंतजाम करने के लिए दो घंटे की मोहलत मांगी। वह कर्ज लेने मोहल्ले में चली गई।
कुछ देर बाद लौटी तो राजू का शव कमरे में पंखे के सहारे रस्सी के फंदे पर झूल रहा था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस पहुंची तो लोगों ने कड़ा विरोध जताया। बाद में सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह, नगर कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
सीओ सिटी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया तो दो घंटे बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम एसपी अशोक कुमार ने भी कोतवाली पहुंचकर मृतक के पिता से पूछताछ की। उन्होंने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।