एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें: लूट का आरोपी गिरफ्तार, सीए व दंपती के खिलाफ मुकदमा
Varanasi News: वाराणसी में छोटी-बड़ी काफी खबरें रहीं। राजातालाब थाना क्षेत्र में कैब चालक से लूट के आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, धोखाधड़ी के आरोप में सीए और दंपती के खिलाफ चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आइए जाते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
कैब चालक से कार, मोबाइल और नकदी लूट कर उसे वीरभानपुर स्थित नहर के समीप फेंक कर भागने के मामले में राजातालाब थाने की पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष राजातालाब अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान 15 हजार के इनामी बदमाश टकटकपुर निवासी संदीप कुमार गौड़ के रूप में हुई है।
संदीप के खिलाफ कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में छह मुकदमे दर्ज हैं। लूटपाट की यह घटना गत 23 सितंबर की है। इस मामले में 27 सितंबर को एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था।
महिला का वीडियो वायरल करने के आरोप में केस
लखराव इलाके में रहने वाली एक महिला की शिकायत पर उनके पड़ोस में रहने वाले रंजीत सिंह के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला का आरोप है कि आरोपी आए दिन उनका वीडियो और फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर वायरल करता रहता है। गत 26 सितंबर को उनके घर में घुसकर उनके बेडरूम का वीडियो बनाने लगा। महिला उसी दिन मामले की शिकायत महमूरगंज पुलिस चौकी पर की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
सीए और दंपती के खिलाफ तीसरा मुकदमा दर्ज
41 लाख रुपये धोखाधड़ी के आरोप में सीए और दपंती के खिलाफ चेतगंज थाने में तीसरा मुकदमा दर्ज किया गया। धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में सीए और दंपती के खिलाफ दो मुकदमे चेतगंज थाने में दर्ज हैं। चितईपुर थाने के राजेंद्र विहार कालोनी निवासी व सेल्सटैक्स अधिवक्ता विश्वजीत शाह के अनुसार उनका सीए सतीश कुमार चौबे और त्रिभुवन नारायण तिवारी और उनकी पत्नी साधना तिवारी ने धोखाधड़ी कर 23 लाख रुपये हड़प लिए।
महिला और चार बेटों पर धोखाधड़ी का मुकदमा
उदयपुर, चोलापुर निवासी एक व्यक्ति ने एसीपी कैंट के यहां प्रार्थना पत्र देकर जदीद बाजार, नदेसर निवासी महिला और उसके चार पुत्रों के खिलाफ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। मंगलवार को मां-बेटों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित मनोज कुमार मिश्रा के अनुसार सुशीला देवी और उसके पुत्र प्रकाश, रवि, राकेश व रोशन गुप्ता उनके पूर्व परिचित व उधार लेनदेन करते रहे। है।
अधिवक्ता के घर में चोरी, कारीगर हिरासत में
मढ़वा निवासी अधिवक्ता रमेश कुमार सोनकर के घर से चोर गहने चुरा लिए। पीड़ित ने अपने घर में पीओपी का काम करने वाले कारीगरों पर शंका जताते हुए लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कारीगरों से पूछताछ कर रही है।
फंदे से लटककर युवक ने की आत्महत्या
दानगंज चोलापुर थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव में किराये पर रहने वाले एक युवक ने पेड़ के सहारे फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह लोगों को हुई तो पुलिस को लोगों ने सूचना दी। चोलापुर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। थाना अध्यक्ष चोलापुर ईश्वर दयाल दुबे ने बताया कि आजमगढ़ के तरवा के रहने वाले अशोक का पुत्र सूरज गोंड (35) बढई का काम करता था। कर्ज ज्यादा ले लिया था, जिससे तगादे से तगं आकर उसने आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना पर रिश्तेदार और परिजन चोलापुर पहुंचे। चोलापुर पुलिस अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है
पुलिस चौकी के अंदर ही दो पक्षों में मारपीट
खजुरी गांव में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस बीच खजुरी पुलिस चौकी पर पहुंचे दोनों पक्ष एक बार फिर भिड़ गए। थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान कर दिया। छोटी खजुरी गांव के अनिल कुमार यादव और कृष्ण कुमार यादव के बीच कई वर्षों से जमीन विवाद चल रहा है।
बेटी की शादी के लिए रखे जेवरात और नकदी चोरी
उगापुर गांव में रामअवध यादव के घर में घुसे चोर उनकी बेटी की शादी के लिए रखे गहने और नकदी चुरा ले गए। मंगलवार को चोरी की घटना की सूचना पाकर चौबेपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। रामअवध यादव ने बताया कि उनकी बेटी की शादी की तैयारी चल रही है। चोर सोमवार की रात दो लाख 21 हजार रुपये, सोने के दो झुमके व चार अंगूठी और चांदी के जेवर चुरा ले गए।
सोने के आभूषण जब्त कर यात्री को छोड़ा
कैंट स्टेशन से बरामद चार करोड़ आठ लाख मूल्य के आभूषण को आयकर विभाग की टीम ने जब्त कर लिया है। वहीं, सोमवार की देर रात यात्री को नोटिस जारी करते हुए जीआरपी थाने से छोड़ दिया गया। आयकर अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को किसी ने भी सोने के आभूषण संबंधित कोई कागजात नहीं प्रस्तुत किया। पांच किग्रा सोने के आभूषण के साथ गुजरात के राजकोट निवासी राजेश घनश्याम भाई को पकड़ा गया था।
स्कूल के लिए निकला छात्र लापता, केस दर्ज
मिर्जामुराद थाने क्षेत्र के गुरदासपुर गांव निवासी सौरभ उर्फ़ दीपक (15) गायब हो गया। परिजनों के अनुसार कक्षा 9 का छात्र सौरभ 5 अक्तूबर की सुबह 7 बजे स्कूल के लिए निकला था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम पंचायत निधि के लाखों रुपये गबन के मामले में पूर्व ग्राम प्रधान गिरफ्तार
कपसेठी पुलिस ने मझगवा कला के पूर्व ग्राम प्रधान को ग्राम पंचायत निधि के लाखों रुपये गबन के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया जाता है कि बड़ागांव विकास खंड के ग्राम पंचायत मझगवा के ग्राम प्रधान संदीप कुमार पांडेय पुत्र सुभाष पांडेय द्वारा ग्राम पंचायत निधि के वित्तीय वर्ष 2018-19 के मद से होने वाले कई कार्यों में 10 लाख 37 हजार 524 रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2019-20 में पंचायत भवन के निर्माण में 8 लाख 51000 हजार रुपये का गबन कर लिया था। जिसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा जिले के उच्च अधिकारियों से की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर अधिकारियों के निर्देश पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत बड़ागांव सुनील कुमार सिंह की तहरीर पर कपसेठी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार चल रहे आरोपी की तलाश शुरू की। इधर, बुधवार को गबन के आरोपी पूर्व ग्राम प्रधान को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पूर्व मंत्री का फर्जी मुख्तारनामा बनवाने वाले आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज
प्रदेश के पूर्व मंत्री कैलाश नाथ चौरसिया का फर्जी मुख्तारनामा तैयार कर करोड़ों रुपये हड़पने के मामले में विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम प्रथम) की अदालत ने छह आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोपियों में ओमप्रकाश चौरसिया व उसके दो पुत्र दीपक चौरसिया, धीरज चौरसिया के अलावा उसके भाई प्रदीप चौरसिया, लवकेश सिंह व सकेंद्र सिंह शामिल हैं। अभियोजन पक्ष के अनुसार मिर्जापुर के चौक त्रिमुहानी निवासी पूर्व मंत्री कैलाश नाथ चौरसिया ने लक्सा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
तीन दिन से लापता विवाहिता का गंगा नदी में मिला शव
बीते रविवार को घर से निकली आरती देवी (32) का शव बुधवार को रामनगर थाना क्षेत्र के बलुआघाट के समीप किला के पीछे गंगा नदी में उतराता हुआ मिला। वह मिर्जापुर के कछवा थाना के मितई गांव की निवासिनी थी। नाविकों की सूचना पर मौके पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। वहीं जानकारी होने पर विवाहिता का पति शशि कुमार भी परिजनों संग पहुंच गया। पति की तहरीर पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। शशि कुमार ने बताया कि बीते शुक्रवार को पत्नी की तबीयत खराब हो गई। परिवार के लोगों ने जानकारी दी तो मुंबई सेसोमवार को घर पहुंचा तो पूरी घटना की जानकारी हुई। इस बाबत चुनार थाना में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। मृतका को तीन बच्चे अर्चना (12), रामचीज (10) व रुपेश (5) हैं।
केस न दर्ज करने पर शिकायत, रिपोर्ट तलब
अदालत के आदेश के बाद भी सिगरा थाने की पुलिस ने एफआईआर नहीं दर्ज की। यह शिकायत अधिवक्ता नित्यानंद राय ने सीजेएम की कोर्ट में की। इस पर अदालत ने 11 अक्तूबर को सिगरा थाने से आख्या तलब की है। सीजेएम मनीष कुमार द्वितीय की अदालत ने कैन फिन होम्स लिमिटेड (केनरा बैंक द्वारा संचालित) के वाराणसी शाखा के पूर्व प्रबंधक रघुवंशी अजीत कुमार के खिलाफ गबन के आरोप में एफआईआर दर्ज करने का आदेश 29 जुलाई को दिया था। प्रकरण के मुताबिक कैन फिन होम के वर्तमान शाखा प्रबंधक महेंद्र सिंह यादव ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था।
भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर दिया धरना
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में भ्रष्टाचार, अनियमितता और दवाओं की खरीदारी में घोटाले का आरोप लगा कर छात्रों ने सेंट्रल ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों और सुरक्षा गार्डों के बीच बहस भी हुई। कुलसचिव को ज्ञापन सौंपने पहुंचे छात्रों को गार्ड ने बताया कि वो ड्यूटी पर नहीं हैं। इससे नाराज छात्र वहीं बैठकर धरना देने लगे।
वरुणा के ग्रीन बेल्ट में चार निर्माण सील
वीडीए की ओर से मंगलवार को वरुणा के ग्रीन बेल्ट क्षेत्र के पास चार अवैध निर्माण सील किए गए। इसके साथ ही चार अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। सारनाथ वार्ड के पुलकोना दानियालपुर में चार अवैध निर्माण सील किए गए। शिवाधार यादव की ओर से लगभग 8 बिस्वा में गणपत नगर में की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त की गई। शिवपुर वार्ड के पिसौर में तीन जगहों पर 9 बीघे में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की गई। ब्यूरो
भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर दिया धरना
वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में भ्रष्टाचार, अनियमितता और दवाओं की खरीदारी में घोटाले का आरोप लगा कर छात्रों ने सेंट्रल ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों और सुरक्षा गार्डों के बीच बहस भी हुई। कुलसचिव को ज्ञापन सौंपने पहुंचे छात्रों को गार्ड ने बताया कि वो ड्यूटी पर नहीं हैं। इससे नाराज छात्र वहीं बैठकर धरना देने लगे।
अवैध निर्माण रुकवाएं
वीडीए के अपर सचिव डॉ गुडाकेश शर्मा ने मंगलवार को सारनाथ के दौलतपुर रोड, भक्तिनगर काॅलोनी हासिमपुर, आजमगढ़ रोड ओम नगर कालोनी, लमही का निरीक्षण किया। यहां पर आवासीय और व्यवसायिक भवन का निर्माण पाया गया। जोनल अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी दी गई। कहा कि यदि अवैध हो तो निर्माण कार्य रुकवाएं और मानचित्र दाखिल करवाएं।
दाखिल करवाएं शमन मानचित्र
वीडीए सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडीए में बैठक हुई। इसमें शमन मानचित्र निस्तारण, बकाया जमा, शिकायत निस्तारण, प्रवर्तन की साप्ताहिक समीक्षा की गई। इसमें अवैध निर्माण कार्यों को बंद कराने, पार्किंग के लिए बेसमेंट को खाली कराने, अवैध प्लॉटिंग का ध्वस्तीकरण कराने के अभियान चलाने पर चर्चा की गई।
बीएचयू में ब्लॉक प्रमुख की बगैर नंबर की फॉर्च्यूनर सीज
बीएचयू परिसर में बगैर नंबर की भाजपा का स्टीकर लगी हुई फॉर्च्यूनर से तेज रफ्तार में हूटर बजाते हुए चलना और छात्रों से अभद्रता करना जौनपुर के बरसठी की ब्लाॅक प्रमुख के भतीजे को महंगा पड़ा। छात्रों ने पीछा कर प्राॅक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षा कर्मियों की मदद से बीएचयू के मेन गेट पर फॉर्च्यूनर को घेर लिया। लंका थानाध्यक्ष ने फॉर्च्यूनर को सीज कर दिया।
तीनों युवकों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। उधर, इस संबंध में लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि फार्च्यूनर सवार युवकों की पहचान जौनपुर के लाइन बाजार थाना के मियापुर के मंगल शुक्ला व लकी शुक्ला और हुसैनाबाद कचहरी के आनंद शुक्ला के रूप में हुई है।
680 किलोग्राम पटाखों के साथ दो गिरफ्तार
हौज कटोरा, पत्थर गली क्षेत्र में दो जगह से चौक थाने की पुलिस ने मंगलवार को 680 किलोग्राम पटाखों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान हौज कटोरा, पत्थर गली क्षेत्र के युसुफ खान उर्फ रिज्जू और इरफान के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर चौक विमल कुमार मिश्र ने बताया कि सब इंस्पेक्टर कुमार गौरव सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम पटाखों का अवैध तरीके से भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गठित की गई है।
मारपीट के दौरान छीन ली सोने की चेन
रिंग रोड पर बकाया के लेनदेन के विवाद में मारपीट के दौरान सोने की चेन छीन लेने का आरोप लगाते हुए विवेकानंद कॉलोनी निवासी रूप कुमार सेठ ने लालपुर पांडेयपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। रूप कुमार ने पुलिस को बताया कि छह अक्तूबर को गजानंद अपार्टमेंट निवासी दिव्यांशु पांडेय अपने तीन-चार साथियों के साथ मारपीट की और सोने की चेन छीन ली।
एक बदमाश जिलाबदर
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र की संजय नगर कॉलोनी, रमरेपुर निवासी संजय यादव उर्फ मटर यादव के खिलाफ गुंडा एक्ट के साथ ही तीन महीने के लिए जिलाबदर की कार्रवाई ज्वाइंट सीपी डॉ. के एजिलरसन ने की है। उन्होंने कहा है कि अगर इस बीच बदमाश कमिश्नरेट में दिखा तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाए।
सीडीपीओ का वेतन रोका
विकास भवन सभागार में मंगलवार को सीडीओ की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक हुई। इसमें खराब प्रगति पर बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) चिरईगांव और चोलापुर का अक्तूबर माह का वेतन रोका गया।
दंपती को कार से जबरन ले जाने के दौरान हंगामा
कछवा बाजार स्थित आभूषण की एक दुकान पर मंगलवार की रात चोरी के जेवर बेचने के आरोप में एक दंपती को कार में बैठा कर एक व्यक्ति अपने साथ ले जाने लगा। दंपती ने कार में बैठने से इन्कार करते हुए हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस कार सवार और दंपती को कछवा रोड चौकी ले गई।
जनसुनवाई में आईं 17 शिकायतें
नगर निगम में मंगलवार को संभव के तहत हुई जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने 17 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मातहतों को समस्या के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की हिदायत दी। चेतगंज के संदीप गुप्ता ने सीवर लाइन पाइप बदलवाने, छित्तूपुर बीएचयू के जीतेंद्र कुमार ने जल निकासी के लिए भूमि नाला और इंटरलॉकिंग, मंडुवाडीह के हेमंत कुमार राय ने सीवर कनेक्शन, आगागंज के संजय कुमार अग्निहोत्री ने बकरिया कुंड की सफाई के संबंध में शिकायती पत्र दिया।
ट्रेन के सामने कूदकर परिचालक ने जान दी
मिर्जामुराद के बहेड़वा स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप मंगलवार की सुबह वाराणसी से प्रयागराज की तरफ जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने कूदकर एक परिचालक ने जान दे दी। सूचना पर पहुंचे खजुरी चौकी इंचार्ज ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मिर्जापुर जिले के कछवा बाजार थाना क्षेत्र के गोतवा गांव का रहने वाला कमलेश कुमार भारती (32) रोडवेज में परिचालक था।
बुजुर्ग लापता, मुकदमा दर्ज
विद्या विहार कॉलोनी, चितईपुर निवासी 75 वर्षीय दुर्गा प्रसाद सिंह गत चार अक्तूबर की सुबह 10 बजे अपने घर से निकले तो वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं लगा। इस संबंध में उनके बेटे अभिषेक कुमार सिंह ने चितईपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उनके पिता मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं।
सम्मान समारोह में आएंगे डॉ. बृजेश पाठक
अग्रसेन युवा मंच काशी की ओर से 13 अक्तूबर को आयोजित होने वाले नवरत्न सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. बृजेश पाठक होंगे। अध्यक्ष अतुल अग्रवाल व महामंत्री सौरभ अग्रवाल ने बताया कि विशिष्ट अतिथि बेसिक शिक्षामंत्री संदीप सिंह और राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र होंगे। इस दौरान काशी के प्रतिष्ठित नौ वर्गों के ऐसे लोगों का सम्मान होगा, जो विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
लखनऊ में होगा विमेंस स्वच्छता लीडर्स अवाॅर्ड
वाराणसी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत विमेंस स्वच्छता लीडर्स अवाॅर्ड का आयोजन लखनऊ में होगा। इसमें प्रतिभाग करने वाली महिलाओं को शासन से सम्मानित किया जाएगा। इच्छुक महिलाओं को क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण करना होगा। चयन होने के बाद उन्हें शासन से सम्मानित किया जाएगा। क्यूआर कोड को वाराणसी नगर निगम के फेसबुक, वेबसाइट, इंस्टाग्राम और एक्स पर अपलोड किया गया है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के मुताबिक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के मद्देनजर नौ कैटेगरी में महिलाओं का सम्मान किया जाएगा।
लायंस क्लब ने कैंसर पीड़ितों को बांटे भोजन
कैंसर अस्पताल में लायंस क्लब काशी ने कैंसर पीड़ित मरीजों और परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था की। गरीबों को भी भोजन दिया। मुख्य अतिथि राम मोहन गुप्ता और विशिष्ट अतिथि अनिल वर्मा, पंकज मौर्या रहे। अध्यक्ष असीम वर्मा ने कहा कि लायंस क्लब सामाजिक सेवा करने में आगे रहता है। मानव सेवा ही ईश्वर की सेवा है। संयोजन कुलदीप चौबे, अनुज अग्रवाल, शिवाशीष, प्रमोद सिंह ने किया। इस मौके पर अरविंद कुमार मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को दिखाया पहला डाक टिकट
वाराणसी डाक परिक्षेत्र की ओर से मंगलवार को फिलेटली दिवस पर जेडीएस पब्लिक स्कूल बाबतपुर में कार्यशाला हुई। अध्यक्षता वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार और मेजर एसआर सिंह ने किया। पोस्टमास्टर जनरल ने विद्यार्थियों को दुनिया का पहला डाक टिकट पेनी ब्लैक, भारत का पहला डाक टिकट ‘शिंदे डाक’, चंदन और गुलाब के सुगंधित डाक टिकट दिखाए।
इस दौरान क्विज प्रतियोगिता हुई। इसमें ऋषभ प्रथ्ाम, मनोज कुमार द्वितीय और उमंग यादव तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर सहायक निदेशक एमएम हुसैन, पल्लवी मिश्रा, अनिकेत रंजन, मनीष कुमार, सौरभ कुमार उपस्थित रहे।
महिलाओं को सुरक्षा के बारे में दी जानकारी
वाराणसी। बड़ागांव विकासखंड परिसर में मंगलवार को विधिक साक्षरता शिविर में महिलाओं को सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल शीतल पाठक ने महिलाओं के अधिकारों और कानूनों के बारे में जानकारी दी।
वहीं, असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसिल याेगेंद्र नाथ त्रिपाठी ने 112 इंडिया एप, माई सेफ्टी एप के बारे में बताया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी के सचिव/अपर जनपद न्यायाधीश विजय कुमार विश्वकर्मा तथा नायब तहसीलदार श्वेता सिंह पटेल, न्यायिक नायब तहसीलदार प्राची मिश्रा और नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव, सीडीपीओ राकेश कुशवाहा मौजूद रहे। संवाद
कैंट पर रोपे पौधे, बनारस स्टेशन पर हुई सफाई
स्वच्छता अभियान के तहत कैंट रेलवे स्टेशन पर निदेशक अर्पित गुप्ता और मंडल यांत्रिक अभियंता सौरभ सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में सीएचआई प्रशांत पंसारे, अमित कुमार, संजीव सिंह, बबलू गिरी, मनीष आदि रहे। उधर, पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस, सिटी और अन्य स्टेशनों पर ‘स्वच्छ परिसर दिवस’ मनाया गया। वाराणसी मंडल स्थित कोचिंग डिपो, डीजल लाबी, मंडल अस्पताल, प्राथमिक विद्यालय, गुड्स डिपो, डीजल लॉबी की सफाई की गई।
कॉन्फ्रेंस में विशेषज्ञों ने केस और समाधान सुझाए
शहर के होटल सूर्या में तीन दिवसीय (04 से 06 अक्तूबर) अंतरराष्ट्रीय ऑर्थोपेडिक्स कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कॉन्फ्रेंस में 300 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चिकित्सक पहुंचे। तीन दिनों में 84 डॉक्टरों ने अपने जटिल ऑर्थोपेडिक्स के केस और उनके समाधान के विषय पर चर्चा की।
इसमें कोरिया, इंडोनेशिया, नेपाल के अलावा अमेरिका, मलयेशिया, स्विट्जरलैंड और दिल्ली से कई विशेषज्ञ ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े। भारत से लगभग 70 से अधिक अनुभवी डॉक्टरों ने भी अपने केस पेश किए। कार्यशाला में कलाई और कोहनी के जटिल चोटों के अत्याधुनिक उपचार के बारे में बताया गया।
काशी थीम पर दिसंबर में होंगी प्रतियोगिताएं
काशी थीम पर दिसंबर में होने वाली काशी सांसद सांस्कृतिक व अन्य प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने की। मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में डीएम ने समय से तैयारियां मुकम्मल करने को कहा। प्रतियोगिताओं के लिए स्पष्ट नियम व शर्तें, आयोजन स्थलों का चयन, मेडल, प्रमाणपत्र आदि की तैयारी सुनिश्चित कर ली जाए। डीएम ने कहा कि प्रत्येक प्रतियोगिता के लिए नोडल अधिकारी एवं अधिकारियों की विभिन्न समितियों का गठन कर काम शुरू कर दें। इसका व्यापक प्रचार प्रसार करें।
30 को उद्योग लगाने की दी जानकारी
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत नवीन उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों का मंगलवार को राजकीय उद्यान कंपनी बाग में प्रशिक्षण हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीएचयू के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरविंद कुमार ने दुग्ध, दही, घी, आइसक्रीम उत्पादों को हाइजेनिक तरीके से तैयार करने और विपणन के संबंध में जानकारी दी।
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. सुधीर सिंह ने फल और सब्जियों के उत्पादों को कम खर्च पर अधिक दिन तक संरक्षित रखने की वैज्ञानिक तकनीक की जानकारी दी। नागेंद्र सिंह ने उद्यमियों को वैल्यू एडिसन, विपणन और खाद्य प्रसंस्करण की गुणवत्तायुक्त तकनीक की जानकारी दी।
2.15 करोड़ रु. से होगा सुश्रुत हॉस्टल का विकास
आईएमएस बीएचयू के सुश्रुत हॉस्टल में 2.15 करोड़ से विकास कार्य करवाए जाएंगे। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के साथ मेस, लाइब्रेरी की सुविधाओं में भी विस्तार किया जाएगा।
आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार की मौजूदगी में रेजिडेंट डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में फैसला हुआ। आईएमएस निदेशक कार्यालय में रेजिडेंट ने सुश्रुत हॉस्टल में सुविधाओं का मुद्दा उठाया गया। सुरक्षा गार्डों की तैनाती के साथ ही मूलभूत सुविधाओं की मांग रेजिडेंट ने की है।
निदेशक ने बताया कि रेजिडेंट ने सुरक्षा गार्डों के लिए 8 घंटे का शेड्यूल तय करने पर चर्चा की। कार पार्किंग क्षेत्र से चाय की दुकान हटाकर हॉस्टल में कैंटीन चलाने का निर्णय लिया गया है। डॉक्टरों ने बंदरों के आतंक की जानकारी दी। इसके समाधान के लिए नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजे जाएंगे। दो आरओ यूनिट और जल आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था भी करवाई जाएगी। मेस समिति, जिम समिति और लाइब्रेरी समिति का भी गठन किया गया है।
स्ट्रीट वेंडर्स ने नगर निगम पर दिया धरना
भेलूपुर स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय पर बुधवार की दोपहर पटरी व्यवसाय संघ के लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरा व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम और पुलिस विभाग के लोग हम लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं। साथ ही दुकानें नहीं लगाने दे रहे हैं।
कहा कि एक माह से ऊपर हो गया लेकिन हमें दुकान नहीं लगाने दिया जा रहा है। त्योहार सिर पर है, हमारी रोजी-रोटी नहीं बन पा रही है। कहा कि हमें हटाया जाना स्ट्रीट वेंडर एक्ट का उल्लंघन है।
मारपीट मामले में एक नामजद सहित चौदह अज्ञात के खिलाफ केस
कपसेठी थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव निवासी तरुण दुबे पुत्र शैलेश ने तहरीर देकर एक नामजद सहित 14 अज्ञात लोगों के ऊपर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि बीती रात रुद्र सिंह पुत्र अज्ञात सहित तेरह चौदह अज्ञात लोगों ने रात को हम अपने परिवार के साथ मां कालिका मंदिर में दर्शन करने गए थे।
बताया कि लाइन में खड़ा होने को लेकर आरोपी ने मारपीट शुरू कर दिया। उसके साथ तेरह-चौदह लोग और थे। वे भी हमसे मारपीट करने लगे। इसके बाद धमकी दिया कि इस बात को अगर पुलिस को बताओगे तो जान से मार देंगे। इस मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।