Maha Shivratri: बाबा दरबार में श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड, एक सेकंड में 14 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
Maha Shivratri: मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने कतारबद्ध श्रद्धालुओं पर गुलाब के फूल बरसाकर स्वागत किया। सात घंटे पहले से ही कतार में लगे हुए श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था।
विस्तार
महाशिवरात्रि पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन का नया रिकॉर्ड ही बना दिया। रात दस बजे तक 9.11 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। इससे पहले एक जनवरी 2024 को 7.25 लाख लोगों ने बाबा के दर्शन किए थे। आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को एक सेकंड में 14 श्रद्धालुओं ने बाबा के झांकी दर्शन किए। मंगला आरती से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला अनवरत 45 घंटों तक चलेगा।
शुक्रवार की भोर में मंगला आरती के बाद 3:15 बजे से दर्शन-पूजन के लिए मंदिर के कपाट खुल गए। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने कतारबद्ध श्रद्धालुओं पर गुलाब के फूल बरसाकर स्वागत किया। सात घंटे पहले से ही कतार में लगे हुए श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। गेट नंबर चार से एक कतार दशाश्वमेध घाट की तरफ तो दूसरी कतार चौक थाने के आगे तक लगी थी। हर-हर महादेव... और जय श्रीराम... का जयघोष करते हुए श्रद्धालुओं का रेला बाबा के धाम में प्रवेश करने लगा।
लगे हर-हर महादेव के नारे
सुबह छह बजे तक 1.78 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा दरबार में दर्शन किए। दर्शनार्थियों का आंकड़ा प्रति सेकंड 16 श्रद्धालुओं का रहा। नौ बजे तक 3.88 लाख, 10 बजे तक 4.53 लाख, 11 बजे तक 4.94 लाख, 12 बजे तक 5.42 लाख, एक बजे तक 5.98 लाख, दो बजे तक 6.56 लाख, तीन बजे तक 6.82 लाख, चार बजे तक 7.26 लाख, पांच बजे तक 7.57 लाख और शाम छह बजे तक 7.81 लाख ने दर्शन किए थे।
प्रति सेकंड दर्शनार्थियों का आंकड़ा
- सुबह 3 से 6 बजे तक 16 दर्शनार्थी प्रति सेकंड
- सुबह 6 से 9 बजे तक 19 दर्शनार्थी प्रति सेकंड
- सुबह 9 से 12 बजे तक 14 दर्शनार्थी प्रति सेकंड
- दोपहर 12 से 3 बजे तक 12 दर्शनार्थी प्रति सेकंड
- दोपहर 3 से 5 बजे तक 6 दर्शनार्थी प्रति सेकंड
दर्शनार्थियों के अब तक के आंकड़े
- एक जनवरी 2024 को 7.25 लाख
- सावन के सोमवार को भक्तों की संख्या
- 10 जुलाई पहला सोमवार- 5.50 लाख
- 17 जुलाई दूसरा सोमवार- 5.50 लाख
- 24 जुलाई तीसरा सोमवार- 06 लाख
- 31 जुलाई चौथा सोमवार- 6.50 लाख
- सात अगस्त पांचवां सोमवार- 6.60 लाख
- 14 अगस्त छठवां सोमवार- 6.15 लाख
- 21 अगस्त सातवां सोमवार- 6.85 लाख
- 28 अगस्त आठवां सोमवार- 6.35 लाख