मां अन्नपूर्णा मंदिर: सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी निगरानी, महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में रखेंगी नजर
धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा के दरबार में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रित करने के लिए एकल मार्ग व्यवस्था लागू कर प्रवेश और निकास मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विस्तार
मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए आज से पांच दिनों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। जेबकतरों और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती होगी।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए एकल मार्ग व्यवस्था लागू कर प्रवेश और निकास मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचकर सुरक्षा एवं दर्शन व्यवस्था को जांचा।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर, बैरिकेडिंग, पार्किंग, श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए निर्धारित मार्गों और आसपास की गलियों का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज से बातचीत कर दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सुझाव भी लिए गए।
श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं से सर और मैडम कहकर संबोधित करने तथा विनम्र व्यवहार करने को कहा गया। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों को विशेष सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद कर मंदिर के आसपास की सड़कों और गलियों को अतिक्रमण मुक्त रखने, दुकानों का सामान सड़क तक नहीं फैलाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई।