वाराणसी: डोमराजा के वंशजों की सामने आई पीड़ा, बोले- मंदिरों में हमारा प्रवेश निषेध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावक बनने के बाद डोमराजा के वंशज जगदीश चौधरी अचानक मिली पहचान से उत्साहित तो दिखे लेकिन सालों से समाज के हाशिये पर पड़े होने की पीड़ा भी उभर आई। बकौल जगदीश चौधरी, हमारे बच्चों को दोस्त नहीं मिलते, हमें शादी-ब्याह आदि में नहीं बुलाया जाता, बनारस के मंदिरों में हमारा प्रवेश निषेध है। समाज हमें स्वीकार नहीं करता लेकिन मुझे उम्मीद है कि मोदी हमारे लिए कुछ करेंगे।
नियमित रोजगार तक नहीं...
चौधरी ने बताया कि बनारस के दोनों राजा हरिश्चंद्र और मणिकाणिका घाट में करीब 600 डोम काम करते हैं। ऐसे में किसी को दस दिन में तो किसी को इससे भी अधिक समय बाद ही काम मिलता है। कोई नियमित रोजगार न होने के कारण इस समुदाय के लोगों को कई बार तंगी का सामना भी करना पड़ता है।
हमने बहुत सहा है...
जगदीश चौधरी के भाई विश्वनाथ के मुताबिक शुक्रवार का दिन उनके लिए महत्वपूर्ण है लेकिन उन्हें समाज में सम्मानजनक स्थान और नियमित रोजगार चाहिए। विश्वनाथ ने कहा, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के कारण हमने बहुत सहा है। उम्मीद है कि मोदी हमारे दर्द को महसूस करेंगे और हमारी बेहतरी के लिए कुछ करेंगे। समाज की मुख्यधारा में शामिल न हो पाने का दर्द ही है कि विश्वनाथ कहने को मजबूर हुए, ये किस तरह का जीवन है?
श्मशान की अग्नि के पहरुओं को कहते हैं डोमराजा
मान्यता है कि राजा हरिश्चंद्र ने श्मशान में एक बार खुद को एक डोम को बेच दिया था। तभी से श्मशान की आग के इन पहरुओं को डोमराजा कहा जाता है। हिंदुओं में मान्यता है कि श्मशान में डोम राजा की ओर से प्रज्ज्वलित कर रखी गई अग्नि का ही प्रयोग करना होता है। ये डोमराजा हीं हैं जो श्मशान में अग्नि प्रज्ज्वलित कर रखते हैं। श्मशान में भले ही इनको पूछा जाता हो लेकिन इससे इतर यह समुदाय अपने में ही सिमटा हुआ है।
कांग्रेस ने खेल में खर्च किए 70 हजार करोड़, कुंभ 4 हजार करोड़ में ही: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भ्रष्टाचार कांग्रेस के डीएनए में है। कांग्रेस का हाथ देशद्रोहियों के साथ है। इसी के अनुरूप उनका घोषणा पत्र भी है। भाजपा प्रत्याशी रमापति राम त्रिपाठी के नामांकन के दौरान सभा में सीएम ने कहा, महज चार हजार करोड़ रुपये खर्च कर सरकार ने प्रयागराज में कुंभ का शानदार आयोजन किया, जिसमें 25 करोड़ लोग शामिल हुए। कांग्रेस सरकार ने सिर्फ कॉमनवेल्थ गेम में ही 70 हजार करोड़ खर्च कर दिए और कई लोग जेल भी गए।
जीआईसी मैदान में योगी ने कहा कि हर तरफ जनता में एक ही भाव, एक ही आवाज है। फिर से मोदी सरकार बनाने के लिए लोग एकजुट हैं। इसलिए इस बार जनता खुद चुनाव लड़ रही है। केरल और बंगाल जैसे राज्यों में भी लोग खुलकर भाजपा के समर्थन में आए हैं। यह बदलाव केंद्र सरकार के कार्यों की बदौलत है।
देवरिया मेडिकल कॉलेज देवरहा बाबा के नाम पर: योगी ने कहा कि देवरिया में जो मेडिकल कॉलेज बन रहा है, उसका नाम पूज्य संत देवरहा बाबा के नाम पर होगा।