कड़ी धूप में ही कड़की बिजली: दशाश्वमेध में चटकी छत, 30 मिमी बरसे बदरा; आज भी काशी में बारिश का यलो अलर्ट
वाराणसी में कड़ी धूप के बीच अचानक बिजली कड़की और बारिश शुरू हो गई। दशाश्वमेध क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान की छत चटक गई। शहर में करीब 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी काशी में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
विस्तार
काशी में बृहस्पतिवार को बिजली गिरने के साथ 30 मिलीमीटर जोरदार बारिश हुई। दशाश्वमेध क्षेत्र के पास बिजली गिरने से एक मकान की छत चटक गई, जिससे हड़कंप मच गया। जान-माल का कोई नुकसान नहीं मगर स्थानीय पुलिस ने लोगों को हटाया। दिन में तेज धूप के बीच में ही गरजते बादलों और कड़कती बिजली ने काशीवासियों को सहमा दिया। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने कहा कि शुक्रवार के लिए भी काशी में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बिजली चमकने के साथ पानी बरस सकता है।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही। तीन बार सुबह, दोपहर और शाम को रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून की द्रोणी लखनऊ सहित जम्मू, देहरादून, बरेली, अंबिकापुर, झारसुगुड़ा से होते हुए उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव क्षेत्र बना रही है। 48 घंटों तक बादल गरजने अैर बिजली गिरने के साथ कुछ देर की बारिश भी हो सकती है।
कहीं एक तो कहीं 27 मिमी बारिश
काशी में मानसून के बादलों का रकबा घटने लगा है। यानी कि दो से चार किलोमीटर की दूरी में कहीं जोरदार बारिश तो कहीं सूखा पड़ा हुआ है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 24 घंटे पहले के जारी आंकड़ों के अनुसार एक ही समय में जहां चिरईगांव में 27.5 मिमी और कैंट में 23 मिमी तो हरहुआ में एक और काशी विद्यापीठ ब्लॉक में मात्र डेढ़ मिमी बारिश हुई। 27 में से 10 से ज्यादा स्टेशनों पर बारिश का मीटर शून्य पर ही सिमटा रहा। वहीं चोलापुर में 15 मिमी, बड़ागांव में छह और राजातालाब में चार मिमी पानी बरसा।