Varanasi News: लालपुर स्टेडियम में 13 मार्च से शुरू होगा टर्फ बिछाने का काम, आईआईटी बीएचयू की जांच में हुआ पास
लालपुर में 13 मार्च से टर्फ बिछाने का काम शुरू होगा। कार्यदायी संस्था के अभियंताओं ने मैदान में बीटूमिन के गैप को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विस्तार
करीब एक साल की देरी के बाद डॉ. भीम राव आंबेडकर स्टेडियम लालपुर में बिछने वाला टर्फ आईआईटी बीएचयू की जांच में पास हो गया है। इसके साथ ही स्टेडियम में हॉकी के लिए एस्ट्रो टर्फ बिछाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को कार्यदायी संस्था के अभियंताओं ने मैदान में बीटूमिन के गैप को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खेल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक एस्ट्रो टर्फ बिछाने का काम 12 मार्च से शुरू हो जाएगा। टर्फ बिछाने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। मैदान पर एस्ट्रोटर्फ का रोल एकट्ठा किया जा रहा है। इसके लिए बेस की सफाई और पीचिंग का काम शुरू हो गया है। जल्द ही डामर का लेप लगाने का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद टर्फ बिछाने का काम होगा।
स्टेडियम में पिछले एक साल से हॉकी के मैच नहीं हुए हैं। खिलाड़ी एस्ट्रोटर्फ बिछने का इंतजार कर रहे हैं। लालपुर में खेल विभाग का छात्रावास है, जहां 20 खिलाड़ी हॉकी का प्रशिक्षण लेते हैं। टर्फ न होने से चलते खिलाड़ी सिर्फ अभ्यास तक सीमित हैं। खिलाड़ियों के मुताबिक पहले टर्फ मंगाने में देरी हुई, उसके बाद पुराना टर्फ हटाने में देरी हुई।
पांच वर्ष बाद बदला जाता है टर्फ
गत वर्ष फरवरी माह में टर्फ हटाने का काम हुआ था। यहां करीब तीन हजार दर्शकों की क्षमता वाला दीर्घा बनकर तैयार है। इसके वॉल पर पूर्व और वर्तमान ओलंपियन और स्टार खिलाड़ियों की पेंटिंग लगाई गई है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि विदेश से मंगाई टर्फ की गुणवत्ता की जांच के बाद इसके बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। अप्रैल माह से एस्ट्रो टर्फ पर खिलाड़ी खेल सकेंगे।
खेल विशेषज्ञों के मुताबिक लालपुर स्टेडियम में 2013 में एस्ट्रोटर्फ लगाया गया था। एक टर्फ पांच की पांच वर्ष मियाद होती है। इसके बाद इसे बदला जाता है। इस टर्फ को 2024 में हटाया गया था।