Varanasi News Today: भांजे के साथ रहने के लिए कोर्ट में दी अर्जी, मंडी में मजदूर गिरा...मौत; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के मिर्जामुराद के एक गांव में पति की तहरीर पर पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसकी पत्नी अपने भांजे के साथ रह रही है। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में पहड़िया मंडी गेट नंबर 2 के अंदर मजदूर की गिरने से मौत हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तहरीर में पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी दस साल के बेटे के साथ 28 मार्च को शाम तक मायके से लौटने की बात कहकर निकली थी, लेकिन लौटी नहीं। पुलिस खोजबीन में जुटी ही थी कि पति के मोबाइल पर किसी अधिवक्ता का फोन आया और बताया कि हाईकोर्ट से बोल रहा हूं। उन्होंने बताया कि तुम्हारी पत्नी ने अपने भांजे के साथ रिलेशनशिप में रहने की अर्जी दी है।
पीड़ित अपने वकील के साथ कोर्ट पहुंचे और विरोध किया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पति से तलाक लिए बिना किसी अन्य के साथ रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती और अर्जी खारिज कर दी। पति का ये भी आरोप है कि पत्नी घर से सोने-चांदी के जेवर व नकद, 15 लाख रुपये लेकर गई है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि दर्ज गुमशुदगी के आधार पर जांच बढ़ाई जा रही है।
मंडी में मजदूर गिरा, मौत
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में पहड़िया मंडी गेट नंबर 2 के अंदर शुक्रवार सुबह मजदूर की अचानक गिरने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक की पहचान श्यामजी यादव (45) के रूप में हुई है। वह चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा ऊपरवार गांव के निवासी थे। वह मंडी में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सुबह चार बजे दुकान पर चाय पीने के बाद जैसे ही आगे बढ़े, अचानक गिरकर अचेत हो गए। मजदूर उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
आईआईटी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म में बचाव पक्ष ने विवेचक से की जिरह
फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में शुक्रवार को बीएचयू आईआईटी की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सुनवाई हुई। विवेचक सहजानंद श्रीवास्तव अदालत में उपस्थित हुए। आरोपी कुणाल पांडेय और सक्षम पटेल की ओर से अधिवक्ता ने विवेचक से जिरह की। अब तीसरे आरोपी आनंद चौहान की ओर से जिरह बाकी है, जिसके लिए अदालत ने अगली तारीख 18 अप्रैल तय की है। अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी मनोज गुप्ता रहे।
आरोपी आनंद चौहान की ओर से अधिवक्ता उपस्थित रहे। प्रकरण के अनुसार, दो नवंबर 2023 की रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ बाइक सवार तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता की शिकायत पर लंका थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों कुणाल पांडेय, आनंद चौहान उर्फ अभिषेक और सक्षम पटेल के नाम सामने आने पर उन्हें आरोपी बनाया गया। इस मामले में विवेचक का मुख्य बयान पहले ही दर्ज हो चुका था, जबकि अब जिरह की प्रक्रिया जारी है।
फोन नंबर बदल लिया 50 लाख का लोन
भेलूपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी निवासी आकाश कुमार के आधार कार्ड से लिंक मोबाइल का नंबर बदलकर साइबर ठगों ने 50 लाख रुपये का लोन ले लिया। पीड़ित ने अपर पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई। निर्देश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
पीड़ित का आरोप है कि ठगों ने आधार से लिंक मोबाइल नंबर बदलकर उनके डिजिटल लॉकर तक पहुंचकर और विभिन्न नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों से 50 लाख का पर्सनल लोन ले लिया। जानकारी होने पर आकाश ने 13 अप्रैल को साइबर क्राइम के ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही भेलूपुर थाने में भी सूचना दी, जहां प्रारंभिक स्तर पर उनकी तहरीर रख ली गई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि साइबर ठगों की पहचान की जा रही है।
युवक के पिता ने युवती पर दर्ज कराई प्राथमिकी
शिवपुर के मीरापुर बसही वाटिका के पास किराये के मकान फंदे से लटक कर आत्महत्या करने वाले युवक के पिता ने युवती के खिलाफ उकसाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। आजमगढ़ के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी कुलदीप कुमार (27) वाराणसी में निजी कंपनी में काम करता था। बीते दिन उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला था। पूजा सक्सेना नाम की युवती पर प्रताड़ित और ब्लैकमेल करने की बात लिखी थी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपित युवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच की जा रही है।
दहेज हत्या में पति, सास और ससुर गिरफ्तार
मिर्जामुराद क्षेत्र के लच्छापुर गांव में महिला की हत्या के मामले में आरोपी देवर की गिरफ्तारी बाद पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेजा। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पूनम के पति सुजीत कुमार सिंह, ससुर तेजबहादुर और सास मुनका देवी उर्फ चमेला निवासी लच्छापुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
11 अप्रैल को पूनम पटेल (32) घर के बाहर गेहूं फैला रही थीं। देवर अजीत पटेल से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर पहले पैर काटा और फिर सिर पर वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी और खून से सनी कुल्हाड़ी के साथ मौके पर बैठा रहा।
दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता से मारपीट
दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट के मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की। परमानंदपुर शिवपुर निवासी खुशबू पटेल ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उनकी शादी 28 मई 2023 को चंदौली के डहिया निवासी संतोष पटेल के साथ हुई। आरोप है कि पति संतोष शराब पीकर घर आते थे और दहेज में कार की मांग करते हैं। इन्कार करने पर मारपीट करते हैं। ससुर राकेश चंद्र पटेल, सास हौसला देवी, देवर सुनील पटेल, ननद सुमन देवी, सोनम देवी, सोनम पटेल और नंदोई लवकुश पटेल भी प्रताड़ित करते हैं। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।
सिलिंडर ब्लैक करने का विरोध करने पर पिटाई
लोहता थाना क्षेत्र के चुरामनपुर, मुढ़ैला में शुक्रवार शाम चार बजे गैस सिलिंडर की कालाबाजारी का विरोध करना राजन जायसवाल को भारी पड़ गया। आरोप है कि गैस एजेंसी पर मौजूद ट्रॉली चालक व कुछ अन्य ने मिलकर युवक को पीट दिया। राजन जायसवाल बाइक से घर लौट रहे थे। उन्होंने ट्रॉली चालक छोटू यादव से पूछा कि एक हजार रुपये में मिलने वाला गैस सिलिंडर दो हजार रुपये में क्यों बेच रहे हो। इस बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी छोटू यादव, उसके भाई व दो अन्य लोगों ने राजन पर ईंट और डंडों से हमला कर दिया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
गांजा के साथ एक गिरफ्तार
मिर्जामुराद क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेनीपुर चौराहे के पास से 600 ग्राम गांजे के साथ कुंतली बिंद (48) को पकड़ा और दो हजार रुपये बरामद किए। पूछताछ में कुंतली ने बताया कि गांजे की पुड़िया बनाकर बेचने का काम करता है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
शराब ठेके के बाहर भिड़े दुकानदार
आदमपुर के भदऊचुंगी में कंपोजिट शराब की दुकान के बाहर चखना की दुकान लगाने वाले आपस में भिड़ गए। पुलिस ने मारपीट कर रहे दुकानदारों को खदेड़ा। लोगों का कहना है कि शराब ठेके की आड़ में सेल्समैन अवैध चखने की दुकानें लगवाता है। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि दुकानों को हटवा दिया है।
घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के गोइट्ठा में चोरों ने बंद मकान में चोरी कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। राम आशीष शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 13 अप्रैल को पैतृक गांव हांसपुर आजमगढ़ गए थे। 15 अप्रैल को जब लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखे जेवरात और 40 हजार रुपये ले गए। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र पुलिस का छापा, अपहृत किशोरी मिली
मिर्जामुराद के एक गांव में शुक्रवार को महाराष्ट्र पुलिस ने छापा मारकर अपहृत नाबालिग को बरामद कर उसे साथ ले गई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि महाराष्ट्र के पालघर के वालीव थाना की पुलिस टीम पहुंची थी। टीम ने बताया कि उनके थाने में अपहरण के एक मामले में किशोरी की तलाश की जा रही थी। जिसकी लोकेशन मिर्जामुराद क्षेत्र में मिली थी।
बाइक की टक्कर से मासूम घायल, मां भी जख्मी
चौबेपुर क्षेत्र के नरपतपुर में डुबकियां विद्युत उपकेंद्र के पास शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में मासूम समेत उसकी मां घायल हो गई। दानियालपुर निवासी राजकुमार बरनवाल की पत्नी नेहा बरनवाल बेटे अपूर्व को स्कूटी से स्कूल से छुट्टी के बाद घर ला रही थीं। चौबेपुर से वाराणसी की ओर जा रही बाइक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े और दोनों को चोटें आईं। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से दादा व पोता घायल
चौबेपुर क्षेत्र के डुबकियां में वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह 10 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से दादा-पोते घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। भटूही गांव निवासी विकास यादव दादा रमापति यादव के साथ पलकहां गांव की ओर जा रहे थे। डुबकियां पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने गाड़ी में टक्कर मार दी। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि जांच की जा रही है। वहीं, रोहनिया के बीरभानपुर के सामने हाईवे के सर्विस रोड पर शुक्रवार रात ऑटो और कार की टक्कर में बहोरनपुर निवासी चालक राजू विश्वकर्मा (30) के साथ सवार जौनपुर निवासी नेहा दुबे, जया दुबे और दीपापुर निवासी अशोक घायल हो गए। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ठेका खुलने पर प्रदर्शन, आंदोलन की दी चेतावनी
आदमपुर थाना क्षेत्र के मुकिमगंज इलाके में सड़क किनारे खुले नए कंपोजिट शराब ठेके को हटवाने की मांग को लेकर शुक्रवार को महिलाओं और पुरुषों ने धरना-प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि शराब की दुकान खुलने से मोहल्ले का माहौल बिगड़ रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराबियों की आवाजाही बढ़ने से छात्राओं को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में असहजता का सामना करना पड़ रहा है। परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों ने गंभीर चिंता जताई।
बृहस्पतिवार को ठेका परिसर के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें भाजपा पार्षद और एक दुकानदार के बीच कहासुनी के साथ हाथापाई जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। घटना के बाद मामला और तूल पकड़ गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि लोगों को शांत कराया गया।
मनरेगा भुगतान में देरी पर प्रधानों का फूटा गुस्सा
आराजीलाइन ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को ग्राम प्रधानों की बैठक ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश पटेल की अध्यक्षता में हुई। मनरेगा के तहत दो वर्षों से लंबित सामग्री और श्रमिक भुगतान को लेकर प्रधानों ने आक्रोश व्यक्त किया। मुकेश पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लंबित भुगतान तत्काल जारी नहीं किया गया तो प्रधान लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेंगे।
संविदा कर्मचारियों से मिले चीफ लेबर कमिश्नर
बीएचयू में शुक्रवार को नियमितीकरण की मांग को लेकर धरने दे रहे संविदा कर्मचारियों से मिलने चीफ लेबर कमिश्नर मुकेश कुमार तिवारी पहुंचे। मधुबन में धरनास्थल पर कर्मचारियों से उनकी मांगों, कार्य परिस्थितियों और लंबे समय से लंबित नियमितीकरण के मुद्दे पर जानकारी ली। शुक्रवार को ही पदयात्रा निकालने की अनुमति दे दी गई।
डांट से नाराज किशोर पहुंचा रायबरेली
वाराणसी जिले का एक किशोर घर वालों की डांट से नाराज होकर रायबरेली पहुंच गया। रेलवे स्टेशन पर (जीआरपी) ने देखा तो पूछताछ की। उसके परिजनों को सूचना दी गई है। पूछताछ पर उसने अपना नाम अमन गोड़ (15) पुत्र गुड्डू बताया, जो अमौली थाना चौबेपुर जिला वाराणसी का रहने वाला है। बालक से रेलवे स्टेशन आने का कारण पूछा गया तो उसने बताया कि घर वालों की डांट से नाराज होकर चला आया है। चौबेपुर थाने से संपर्क कर किशोर के परिजनों को सूचना भेजी गई, जिस पर पिता गुड्डू भी पहुंच गए।
हाईवे पर 213 वाहनों का चालान, 5 बाइक सीज
एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान में 213 वाहनों का चालान और पांच बाइक को सीज किया गया।
मुकुंदानंद की ओर से दायर वाद पर जवाब दाखिल
जिला अदालत के स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में शुक्रवार को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्य स्वामी मुकुंदानंद गिरि की ओर से दायर वाद पर अपर सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार चौरसिया की अदालत में सुनवाई हुई। आशुतोष ब्रह्मचारी पर धमकी देने और झूठे मामलों में फंसाने के आरोप लगाए हैं। सुनवाई के दौरान आशुतोष ब्रह्मचारी ने अदालत में जवाब दाखिल कर अपना पक्ष रखा और दस्तावेज भी पेश किए। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिकाओं से जुड़े कागजात प्रस्तुत कर आरोपों को गलत बताया।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
कलेक्ट्रेट माल विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ ने पुरानी पेंशन बहाली और भर्ती प्रतिबंध हटाने समेत 9 सूत्री मांगों पर आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को तेलियाबाग स्थित एक धर्मशाला में पत्रकारवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया, तो पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
10 दिनों से पानी नहीं 50 हजार लोग परेशान
राजकीय पेयजल नलकूप का स्टार्टर और मोटर पिछले 10 दिनों से खराब पड़ा है, जिसके कारण जलापूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। शुद्ध पेयजल के अभाव में 50 हजार की आबादी परेशान है। ग्रामीणों का आरोप है कि 10 दिन बीत जाने के बावजूद मोटर ठीक करने नहीं किया गया। पेयजल संकट से पिंडरा, रमईपुर, मानापुर, जदवातारा, असिला, मिराशाह और अजईपुर जैसे गांव प्रभावित हैं। स्थानीय निवासी विवेक गुप्ता ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार जल निगम के अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन अधिकारियों ने फोन तक नहीं उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को क्षेत्रीय ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक से मिलकर जलापूर्ति बहाल करने और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगा।
पत्रकारों के लिए प्रोटेक्शन एक्ट जरूरी : मंत्री
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डाॅ. संजय निषाद ने कहा कि काशी पत्रकार संघ का इतिहास केवल एक संस्था का इतिहास नहीं है, बल्कि यह काशी की सामाजिक चेतना, संघर्ष और सच्चाई की आवाज का एक जीवंत दस्तावेज हैं। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं पर गंभीर चिंता जताई और उनके लिए एक सशक्त प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने पर सहमति जताई। शुक्रवार को काशी पत्रकार संघ की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में पराड़कर स्मृति भवन पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पत्रकारों को जीवनभर सम्मान व सुरक्षा मिलनी चाहिए। संघ की ओर से उठाए गए आवास, पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दों के समाधान का आश्वासन दिया। इस दाैरान संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। संचालन जितेंद्र श्रीवास्तव ने किया।
जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह को दी विदाई
जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह का तबादला नई दिल्ली होने पर उन्होंने उप निदेशक मेरा युवा भारत विकास कुमार सिंह को अपना कार्यभार सौंपा। शुक्रवार को अर्दली बाजार स्थित मेरा युवा भारत कार्यालय में हुए विदाई समारोह में उन्हें विदाई दी गई। उन्हें स्मृति चिह्न और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन सृजन चतुर्वेदी ने किया। मौके पर अरविंद विश्वकर्मा, दिनकर प्रताप सिंह, सुरेश भारद्वाज, राजेश मौर्या, अंजनी कुमार सिंह, राजेश विश्वकर्मा मौजूद रहे।
कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ सिग्नल इंजीनियरिंग एंड टेलीकम्युनिकेशन (आईआरआईसेट) की ओर से शुक्रवार को मंडलीय अधिकारियों, तकनीशियनों और लोको निरीक्षकों के लिए कवच 4.0 पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य वक्ता एम. मुनिकुमार ने प्रशिक्षण सत्र में कवच प्रणाली के विभिन्न तकनीकी पहलुओं, वर्तमान कार्य प्रगति, चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विस्तार से प्रकाश डाला। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अधिकारियों को ‘कवच’ प्रणाली से जुड़े तकनीकी कार्यों में समन्वय एवं निगरानी पर बल दिया।
बीएचयू में नारी शक्ति वंदन कानून पर कार्यक्रम के दाैरान छात्रों और सुरक्षाधिकारियों में नोकझोंक
बीएचयू के न्यू विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में छात्रों और सुरक्षाधिकारियों व गार्डों और के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। नारी शक्ति वंदन अधिनियम कार्यक्रम के हस्ताक्षर अभियान का बैनर लगाने को लेकर विवाद हुआ और मारपीट की नौबत बन गई। एबीवीपी की बीएचयू इकाई की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा था, जिस पर रोकटोक करने से छात्र नाराज हो गए और आपसी कहासुनी नोकझोंक में तब्दील हो गई। मंदिर के बाहर भीड़ इकट्ठा होने लगी तो प्रॉक्टोरियल बोर्ड से बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। एबीवीपी की ओर से मांग की गई है कि कुलपति हस्ताक्षर अभियान रोकने वालों पर कार्रवाई करें।
डिप्टी सीएम ने जताई शोक संवेदना
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय की 90 वर्षीय माता स्वर्गीय श्यामा देवी का निधन पिछले दिनों हुआ था। अपनी शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए शुक्रवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उनके भदैनी स्थित आवास पर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने उनकी दिवंगत मां स्वर्गीय श्यामा देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।
जंसा बाजार में कमिश्नर के निर्देश पर लगे साइड गेज को उखाड़ा
जंसा बाजार-रामेश्वर मार्ग पर पंचकोसी परिक्रमा मार्ग की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए पुलिस कमिश्नर के आदेश पर लोक निर्माण विभाग की ओर से लगाए साइड गेज को एक व्यापारी नेता ने उखाड़ कर फेंक दिया। इससे प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के आने से सड़क तो खराब हो ही रही है, साथ ही पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए भी जानलेवा स्थिति पैदा हो गई है। केवल जंसा ही नहीं, बल्कि देहली विनायक पंचकोसी मार्ग से कपरफोरवा गोसाईपुर मार्ग की स्थिति भी बदतर है। पीडब्ल्यूडी की ओर से लगाए गए साइड गेज को ट्रक ड्राइवरों ने तोड़ दिया।
जनवरी में एसडीएम राजातालाब ने फिर से साइड गेज लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण आज तक वहां काम शुरू नहीं हो सका। एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि साइड गेज हटाने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया था। अगर किसी व्यक्ति ने कानून हाथ में लेकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है तो इसकी रिपोर्ट परिवहन विभाग को भेजी जाएगी। साथ ही, आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।
किसान न्याय सत्याग्रह के तीसरे दिन चलाया हस्ताक्षर अभियान
युवा कांग्रेस ने शास्त्री घाट पर चल रहे किसान न्याय सत्याग्रह के तीसरे दिन शुक्रवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसका उद्देश्य यूएस ट्रेड डील के विरोध और किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दिलवाने की मांग करना था। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां लगातार किसानों के खिलाफ जा रही हैं। यूएस ट्रेड डील जैसे समझौते देश के किसानों को कमजोर कर रहे हैं। यह सत्याग्रह सिर्फ आंदोलन नहीं, बल्कि किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई है।
सरकार को चाहिए कि वह किसानों की आवाज सुने और ठोस निर्णय ले। महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा देश का युवा किसानों के साथ खड़ा है। संचालन प्रदेश महासचिव माधव कृष्ण ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता विपिन मेहता, धनंजय त्रिपाठी, प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई ऋषभ पांडेय, रोहित दुबे, अनुभव राय, रोहित राणा, विनीत चौबे मौजूद रहे।
17 लिपिकों के बदले गए पटल
नगर निगम प्रशासन ने कामकाज में तेजी लाने और व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निगम के विभिन्न विभाग और जोन में तैनात 17 कनिष्ठ व वरिष्ठ लिपिकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसमें निर्माण, स्वास्थ्य और राजस्व विभाग के कई लिपिक शामिल हैं। नगर आयुक्त का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। स्थानांतरित कर्मचारी से अविलंब अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है।
व्यापारियों ने उठाई मांग, मरीजों को न लगानी पड़े दौड़, सस्ती हों दवाएं
सरकारी अस्पतालों में मरीजों को अत्यधिक दौड़ न लगानी पड़े। निजी अस्पतालों की मनमानी बंद हो। उद्योग व्यापार मंडल काशी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को लहुराबीर स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत में कई मुद्दों पर आक्रोश जताया।
व्यापारी नेताओं ने शहर की जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था और बिजली निगम द्वारा उपभोक्ताओं के आर्थिक उत्पीड़न पर नाराजगी जताई। व्यापार मंडल के अध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में इलाज केवल कागजों और औपचारिकता तक सीमित रह गया है।
महामंत्री ध्रुव ने आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछाने के बहाने सड़कों को बार-बार खोदना और फिर अधूरा छोड़ देना अधिकारियों एवं ठेकेदारों की मिलीभगत से सरकारी राजस्व की खुली लूट है। कोषाध्यक्ष अनिल बिंद ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटरों की रफ्तार और बिलिंग असामान्य रूप से तेज है। शिकायत करने पर उपभोक्ताओं को डराने-धमकाने और जबरन प्रीपेड मीटर थोपने के आरोप लगाए गए।
महानगर उद्योग व्यापार समिति (युवा मंच) के व्यापारियों ने शुक्रवार को डीसीपी क्राइम व गोमती जोन नीतू कात्यायन से मुलाकात की। व्यापारियों ने समस्याओं और सुझाव से अवगत कराया। युवा अध्यक्ष सुजीत गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों के साथ ऑनलाइन ठगी और माल बकाया के भुगतान नहीं हो रहे हैं। हर समय समाज की सेवा में तत्पर रहने वाले व्यापारी वर्ग की समस्याओं का निस्तारण किया जाए। डीसीपी ने आश्वस्त किया कि हर किसी के साथ न्याय होगा। देवांश चौबे, ज्ञानू गुप्ता, आनंद अग्रहरि, पंकज वर्मा, आशीष जायसवाल रहे।
बरेका में हुआ सेवा पुरस्कार वितरण समारोह
बरेका में शुक्रवार को 69वां और 70वां वार्षिक विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह मनाया गया। शुभारंभ मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने महाप्रबंधक का पौधा भेंट कर किया। उन्होंने 2024 और 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 अधिकारियों और कर्मचारियों को महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बरेका के विभिन्न अनुभागों को वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सामूहिक पुरस्कार भी दिए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत कृष्ण रास रागनी, गजल ये दौलत भी ले लो ये शोहरत भी ले लो एवं डेढ़िया लोक नृत्य की भव्य प्रस्तुति ने दर्शकों को विभोर कर दिया। जनसंपर्क विभाग की ओर से बरेका की विशिष्ट उपलब्धियों पर आधारित एक आकर्षक डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। महाप्रबंधक ने बताया कि मेक इन इंडिया के संकल्प को साकार करते हुए बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 लोकोमोटिव का निर्माण कर अब तक का सर्वाधिक उत्पादन दर्ज किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 20% अधिक है।
कोलकाता की कृष्टि घोषाल कथक से किया मुग्ध
काशी वंदन संस्कृतिक संध्या में शुक्रवार को नमो घाट पर कोलकाता के कृष्टि घोषाल ने कथक की मोहक प्रस्तुति दी। उन्होंने शिव वंदना से शुरुआत की। तीनताल में निबंध बंदिश-प्रभु दाता सावन दे...पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी। अंत में पारंपरिक कथक में राग केदार... में तीनताल में निबद्ध तराना पेश किया। संयोजक अंशुमान महाराज तथा संचालन और धन्यवाद ज्ञापन तरुण कुमार सिंह ने किया।
महाराणा प्रताप से जाना जाता है इतिहास
कथावाचक शांतनु महाराज ने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने युवाओं से भी अपने संस्कारों को अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारा इतिहास मुगलों से नहीं, महाराणा प्रताप सहित तमाम योद्धाओं से जाना जाता है। क्षत्रिय धर्म संसद की ओर से दौलतपुर क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी में चल रही शौर्य कथा में प्रवचन कर रहे थे। अंत में संस्था के अध्यक्ष रणविजय सिंह, अखंड प्रताप सिंह, बब्बू सिंह, प्रदीप सिंह, अरबिंद सिंह ने आरती उतारी।
हिमालय-उतराखंड के पौराणिक स्थलों के हुए दर्शन
काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग के आजाद आर्ट गैलरी में समकालीन चित्रकार हरि दर्शन संख्या की एकल चित्रकला प्रदर्शनी हिमालय: द सेक्रेड साइलेंस ऑफ स्पिरिचुअलिटी एंड पीस का समापन हुआ। विश्व शांति के प्रतीक रोरिक पैक्ट की वर्षगांठ को समर्पित प्रदर्शनी को देखने के लिए 500 से ज्यादा लोग पहुंचे। तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन शास्त्रीय गायक पद्मश्री पं. रित्विक सान्याल ने किया। 108 चित्रों की शृंखला में यहां 24 को ही प्रदर्शित की गई।
चित्रकार हरि दर्शन ने तीन वर्षों तक हिमालय प्रवास और शोध के बाद 108 चित्रों की शृंखला तैयार की है। इन चित्रों में केदारनाथ, तुंगनाथ, रुद्रनाथ और नंदा देवी जैसे शिखरों की दिव्य आभा को दर्शाया गया है। चित्रों में सांख्य दर्शन के तीन गुणों सत्व, रज और तम का अद्भुत संतुलन है। इस मौके पर इंटैक वाराणसी के संयोजक अशोक कपूर, ललित कला विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा मौजूद रहे।
राष्ट्रीय कला केंद्र में पुस्तक का लोकार्पण
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के क्षेत्रीय केंद्र में ग्रंथ कमला-द स्प्लेंडर ऑफ इंडियन आर्ट एंड कल्चर का लोकार्पण किया गया। प्रो. कमल गिरि की स्मृति में हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि स्मृति-ग्रंथ केवल श्रद्धांजलि नहीं होती। बल्कि वे ज्ञान के स्थायी स्रोत बन जाते हैं। प्रो. प्रद्योत कुमार मुखोपाध्याय ने कहा कि प्रो. कमल गिरि ने भारतीय कला इतिहास को एक नई दृष्टि दी।
ग्रंथ के संपादक मंडल के विद्वानों में भारतीय कला इतिहास कांग्रेस के अध्यक्ष प्रो. मारुतिनंदन प्रसाद तिवारी ने बताया कि इसमें भारतीय कला और संस्कृति के अलग-अलग आयामों पर देश-विदेश के विद्वानों के शोधपूर्ण लेख संकलित हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के प्रो. आलोक श्रोत्रिय और दृश्य कला संकाय के प्रो. शांति स्वरूप सिन्हा को सम्मानित कर ग्रंथ भेंट किया गया। काशी के लेखकों को भी ग्रंथ की एक-एक प्रति दी गई।
आज से 7.30 से 1 बजे तक खुलेंगे स्कूल
गर्मी को देख शनिवार से सभी परिषदीय विद्यालयों का समय बदल दिया गया है। शुक्रवार देर शाम बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने आदेश जारी किया। बताया कि शनिवार से सभी परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई के अंग्रेजी व हिंदी माध्यम के विद्यालयों के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। बदले समय में कक्षा एक से 8 तक के सभी विद्यालय सुबह 7.30 बजे से दोपहर एक बजे तक चलेंगे। अगले आदेश तक समय यही रहेगा।
रविवार को रोस्टर में खुलेंगे निबंधन कार्यालय
जनता की सुविधा के लिए रविवार को रोस्टर में निबंधन कार्यालय खुले रहेंगे। सहायक महानिरीक्षक निबंधन धीरेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि 19 अप्रैल से लागू व्यवस्था के अनुसार उप निबंधक कार्यालय सदर द्वितीय, प्रत्येक कार्यदिवस को दोपहर 1 से शाम 8 बजे तक चलेगा। सदर द्वितीय उप निबंधक कार्यालय में दस्तावेज पंजीकरण के लिए अपॉइंटमेंट दोपहर 1 से शाम 7 बजे तक मिलेगा।
उप निबंधक सदर प्रथम कार्यालय महीने के पहले और चतुर्थ रविवार को खुलेगा। आगामी सप्ताह के शनिवार को बंद रहेगा। इसी तरह उप निबंधक सदर तृतीय कार्यालय द्वितीय रविवार को खुलेगा और आगामी सप्ताह के शनिवार को बंद रहेगा। उप निबंधक सदर तृतीय कार्यालय जरूरी हुआ तो महीने के पांचवें रविवार को भी खुलेगा। जबकि उप निबंधक सदर चतुर्थ कार्यालय महीने के तृतीय रविवार को खुलेगा और आगामी सप्ताह के शनिवार को बंद रहेगा।
आज से एकमुश्त समाधान योजना शुरू
वीडीए की ओर से संपत्तियों और मानचित्र से संबंधित बकायेदारों को राहत दी जा रही है। इसके तहत एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस-2026) लागू की जा रही है। यह योजना 18 अप्रैल से सीमित अवधि के लिए प्रभावी रहेगी। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने आवंटियों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए बकाये का शीघ्र निस्तारण करें। इच्छुक आवंटी प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट https://vdavns.com/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी और सहायता के लिए वीडीए कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य उन आवंटियों और भू-स्वामियों को आर्थिक राहत देने है, जो विभिन्न कारणों से अपनी देय किस्तों का समय पर भुगतान नहीं कर सके हैं।
तीन दिन तक 40 डिग्री से नीचे नहीं आया पारा
तीन दिन से काशी का पारा 40 डिग्री से नीचे नहीं आया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा 25 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पछुआ हवा का सिलसिला थमने के बाद काशी में तीखी धूप भी असहनीय हो चुकी है। हवा 5-8 किमी प्रति घंटे की गति से चली। दोपहर में पुरवा हवा का भी असर रहा। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के कई इलाकों में पारा 43 से 45 डिग्री के पार जा रहा है। महाराष्ट्र में बने प्रति चक्रवात की वजह से तीन दिन में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
अन्नपूर्णा रसोई में शुरू हुई पीएनजी
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित अन्नपूर्णा रसोई में शुक्रवार को पीएनजी का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इससे प्रतिदिन 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद तैयार हो सकेगा। एसडीएम शंभू शरण, गेल के जीएम सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से पीएनजी कनेक्शन का औपचारिक शुभारंभ किया।
गेल के वरिष्ठ अधिकारी विपणन देबाशीष साहू ने बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुंचने वाली गलियां अत्यंत संकरी, भीड़भाड़ वाली थी। यहां कनेक्शन में कई बाधाएं थीं। इसके बावजूद गेल की टीम ने प्लानिंग के साथ सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पाइपलाइन बिछाने का काम किया। इस दौरान गौरी शंकर मिश्र, सुरेश तिवारी, कालाधर नारायण, उदित सिन्हा, नवाजिश अली आदि मौजूद रहे।
जवाब दाखिल करने के लिए सरकार ने मांगा समय
वाराणसी में रमजान के महीने में गंगा में नाव पर बैठकर इफ्तारी करने व बिरयानी के अवशेष गंगा में फेंकने के आरोपियों की ओर से दायर जमानत अर्जी पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा गया। कोर्ट ने 24 अप्रैल की तिथि नियत कर दी। यह आदेश न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार सिन्हा की एकलपीठ ने दिया है। वाराणसी के कोतवाली थाने में 16 मार्च 2026 को दानिश सैफी, आमिर कैफी और नूर इस्लाम व अन्य के खिलाफ गंभीर आरोपों में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रजत जायसवाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। ट्रायल कोर्ट की ओर से जमानत अर्जी खारिज किए जाने पर आरोपियों ने हाईकोर्ट में जमानत अर्जी दायर की है।
सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा देंगे 12,165 अभ्यर्थी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से शनिवार और रविवार को सहायक आचार्य परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए जिले में 8 केंद्र बनाए गए हैं। जहां दो दिनों में 12,165 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी।
एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से सहायक आचार्य की परीक्षा कराई जा रही है। शनिवार को कुल 6129 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली में 2349 और दूसरी पाली में 3780 अभ्यर्थी हैं। ऐसे ही रविवार को 6036 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
पहली पाली में 3102 और दूसरी में 2934 अभ्यर्थी हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक व दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगी। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के रेंज में फोटो स्टेट की दुकानें बंद होंगी। कक्ष निरीक्षकों की कार्यप्रणाली पर विशेष निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस का प्रवेश वर्जित होगा। अभ्यर्थियों को एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
विद्यापीठ में परीक्षा आवेदन आज से, 25 तक होंगे
काशी विद्यापीठ परिसर और संबद्ध कॉलेजों में कई वार्षिक कोर्स के परीक्षाओं के लिए आज से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। जो कि 25 अप्रैल तक चलेंगे। शैक्षिक सत्र 2025-26 स्नातक (वार्षिक पाठ्यक्रम) बीएफए, बी. म्यूज और बीए मास कम्यूनिकेशन दूसरे, तीसरे और चौथे वर्ष के साथ ही वार्षिक डिप्लोमा कोर्स की परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने की तिथि 18 से 25 अप्रैल तक है। आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी विभाग या महाविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल है।
स्वदेशी भाषाओं को शिक्षा-रोजगार से जोड़ने पर ही संरक्षित होगी जनजातियों की संस्कृति
राजघाट स्थित वसंत महिला महाविद्यालय में स्वदेशी भाषाओं को शिक्षा-रोजगार से जोड़कर और द्विभाषी किताबों से जनजाति संस्कृति को बचाने की कवायद हुई। शुक्रवार को संथाली, मुंडारी और हो भाषाओं के विकास और संरक्षण के लिए डिजिटल और सांस्कृतिक नवाचार पर 100 से ज्यादा शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।
यूपी के अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, राजस्थान और कर्नाटक के प्रतिभागियों ने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। डॉ. मनोहर कुमार दास ने बताया कि महिलाओं की मोबाइल और डिजिटल संसाधनों तक सीमित पहुंच भाषा संरक्षण के प्रयासों को प्रभावित करती है। मुख्य अतिथि ओडिशा स्थित राजेंद्र विवि के कुलपति प्रो. विभूति भूषण मलिक ने कहा कि जनजातीय भाषाएं केवल बातचीत का माध्यम नहीं बल्कि समुदाय की पहचान, ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक अस्तित्व की आधारशिला हैं। आईआईटी खड़गपुर के प्रो. हरे राम तिवारी और बीएचयू के प्रो. जय कांत तिवारी ने इसे एनईपी से जोड़कर आज की जरूरत बताया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अलका सिंह ने कहा कि यह संगोष्ठी जनजातीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक बड़ी अकादमिक पहल है। प्रबंधक एसएन दुबे ने इसकी सामाजिक प्रासंगिकता बताई। संयोजक प्रो. जय सिंह ने भी विचार रखे। डॉ. प्रवीण कुमार ने इसे ज्ञान-विनिमय का सशक्त मंच बताया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में रितुल पहले स्थान पर
बीएचयू के नगर छात्र निकाय की ओर से डे-स्कॉलरों के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में सामाजिक विज्ञान संकाय की छात्रा रितुल को पहले पुरस्कार के लिए चुना गया। सामाजिक विज्ञान संकाय के छात्र आदित्य आनंद ने दूसरा और कला संकाय के छात्र आदर्श कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में मूल्यांकन प्रो. रोयाना सिंह, प्रो. बाला लखेंद्र और डॉ. शिखा सिंह ने किया। मुख्य अतिथि छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि एमएमवी की प्राचार्य प्रो. रीता सिंह, प्रो. ललित मोहन अग्रवाल डॉ. अपाला साहा रहे।
चिकित्सा में आधुनिक पद्धतियां बढ़ाने पर देंगे जोर
बीएचयू आईएमएस के अस्थि रोग विभाग की ओर से चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए 18 और 19 अप्रैल को इंस्ट्रूमेंट असिस्टेड सॉफ्ट टिश्यू मोबिलाइजेशन विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य फिजियोथेरेपी में क्लिनिकल दक्षता बढ़ाना है। साक्ष्य-आधारित उपचार पद्धतियों के जरिए प्रतिभागियों को आधुनिक सॉफ्ट टिश्यू मोबिलाइजेशन तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्घाटन एनएलटी कॉन्फ्रेंस हॉल में निदेशक प्रो. एसएन संखवार, चिकित्सा संकाय के डीन प्रो. संजय गुप्ता करेंगे।