काशी विद्यापीठ: प्रस्ताव पर समर्थ की मुहर, प्रवेश परीक्षाएं आठ से; यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों से जुड़ा है मामला
Varanasi News: काशी विद्यापीठ में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रियाएं 11 अगस्त तक कराई जाएंगी। इसके लिए प्रवेश पत्र भी डाउनलोड करना होगा। टीम समर्थ ने इस पर अपनी मुहर भी लगा दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए विश्वविद्यालय की ओर से प्रस्तावित प्रवेश परीक्षा की तिथियों पर समर्थ टीम ने मुहर लगा दी है। प्रवेश परीक्षाएं आठ से 11 अगस्त तक कराई जाएंगी। जल्द ही प्रवेशपत्र अपलोड होंगे। प्रवेश पत्र डाउनलोड होने की तिथि शनिवार को तय हो सकती है।
स्नातक और स्नातकोत्तर के 65 पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चली थी। दोगुने से कम आवेदन आनेप पर 35 पाठ्यक्रम प्रवेश परीक्षा की श्रेणी से बाहर हो गए। ऐसे पाठ्यक्रमों में मेरिट के आधार पर दाखिले की योजना बनाई है।
बाकी के 30 पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू हुई, मगर दो बार संभावित तिथियां तय नहीं हो पाईं। पिछले दिनों विश्वविद्यालय ने आठ से 11 अगस्त तक प्रवेश परीक्षा कराने की संभावित तिथियां प्रस्तावित कर समर्थ टीम को नई दिल्ली भेजी। शुक्रवार को समर्थ ने इस मुहर लगा दी।
काशी विद्यापीठ के प्रवेश समन्वयक प्रो. संजय ने बताया कि जल्द ही प्रवेश पत्र डाउनलोड होने शुरू हो जाएंगे। तिथि तय होने के बाद विश्वविद्यालय के निर्धारित यूआरएल से छात्र-छात्राएं अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। शुक्रवार को काशी विद्यापीठ के कर्मचारी देर शाम तक इसका निर्धारण करने में जुटे रहे।
इनकी भी सुनें
यूजी-पीजी की प्रवेश परीक्षाएं आठ से 11 अगस्त तक कराई जाएंगी। इसकी तैयारी चल रही है। जल्द ही प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि निर्धारित कर दी जाएगी। - डॉ. सुनीता पांडेय, कुलसचिव काशी विद्यापीठ
विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह 25 सितंबर को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह 25 सितंबर को होगा। राजभवन ने यह तिथि निर्धारित कर विश्वविद्यालय को भेज दी। यह विश्वविद्यालय का 46वां दीक्षांत समारोह होगा। इस पर छात्र-छात्राओं को उपाधियां और मेडल दिए जाएंगे।
काशी विद्यापीठ की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि दीक्षांत के लिए कोर कमेटी गठित कर दी गई है। जल्द ही उसकी बैठक कर दीक्षांत के आयोजन की आगामी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
काशी विद्यापीठ: अब 15 अगस्त तक ले सकेंगे स्नातक-परास्नातक में दाखिला
काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर में संचालित स्नातक-परास्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अब 15 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई रखी गई थी।
पीजी में आवेदन करने वाले तमाम छात्र-छात्राओं को छठे सेमेस्टर का रिजल्ट ही नहीं मिल पाया है। इससे आवेदनों की गति बेहद धीमी है। गंगापुर परिसर के प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह ने बताया बीए, एमए, बीकॉम, एमकॉम, बीएफए, एमएफए सहित अन्य पाठ्यक्रमों में आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
गंगापुर परिसर में इस वर्ष 60 प्रतिशत सीटें सीधे भरी जानी हैं। 40 प्रतिशत सीटें महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की प्रतीक्षा सूची से भरी जाएंगी। विद्यार्थी आवेदन कर सीधे अंक पत्रों और अन्य प्रपत्रों का भौतिक सत्यापन कराकर दाखिला ले सकते हैं।
गंगापुर परिसर के जनसंपर्क समिति के समन्वयक डॉ. पीएल विजय ने बताया कि शुक्रवार तक गंगापुर परिसर में लगभग 450 आवेदन आ चुके थे। इनमें से 200 छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया था। एमकॉम और एमएफए में दाखिले का दबाव ज्यादा है।