विद्यापीठ : ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख बढ़ी, 5 जिलों के छात्र भी 23 तक कर सकेंगे आवेदन; जानें खास
महाविद्यालय की ओर से सभी फार्मों की हार्डकॉपी को 30 अप्रैल तक जमा करने की तिथि जारी की गई है। इस बारे में विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय से ली जा सकती है।
विस्तार
Mahatma Gandhi Kashi Vidyapith: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में सत्र 2024-25 में सम सेमेस्टर की परीक्षा की तैयारी में लगे विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को छह दिन का और मौका दिया गया है। अब वाराणसी समेत पांच जिलों में विद्यार्थी 23 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन भर सकेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से वाराणसी के साथ ही चंदौली, भदोही, सोनभद्र, मिर्जापुर में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में सम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरवाया जा रहा है। इसमें बैक और अंक सुधार की परीक्षा के लिए भी फाॅर्म भरने की तिथि 15 अप्रैल थी।
तिथि बीतने के बाद भी बहुत से छात्र-छात्रा आवेदन नहीं कर पाए थे। छात्रों की ओर से भी तिथि बढ़ाने की मांग की गई थी। इस बीच विश्वविद्यालय की ओर से 23 अप्रैल तक ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की तिथि तय की गई है। विश्वविद्यालय के इस फैसले से छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत होगी।
परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि ऑनलाइन भरे गए फाॅर्म की हार्डकॉपी संबंधित महाविद्यालय, विश्वविद्यालय में संकाय/विभाग में 25 तक जमा करा सकते हैं। संकाय विभाग की ओर से आवेदन पत्र को 26 को अप्रूव किया जाएगा। महाविद्यालयों की ओर से आईडी, पासवर्ड के माध्यम से संबंधित खाते में 28 अप्रैल तक जमा होगा।
काशी विद्यापीठ में नए सत्र से होगा नए विषयों में दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मुख्य परिसर के साथ ही उससे जुड़े अन्य परिसर को मिलाकर पांच नए कोर्स इस बार शुरू किए जा रहे हैं। इन सभी कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया भी इसी साल से शुरू होगी।
प्रवेश समिति में फैसला होने के बाद अब विश्वविद्यालय की ओर से पाठ्यक्रमवार सीटों के निर्धारण, फाॅर्म भरने, प्रवेश की प्रक्रिया आदि को लेकर पूरी जानकारी भी जल्द ही वेबसाइट पर जारी की जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से मुख्य परिसर में बीबीए, एमए एजुकेशन का कोर्स शुरू किया जाएगा।
भैरव तालाब परिसर में बीसीए, बीबीए पाठ्यक्रम के संचालन का फैसला प्रवेश समिति में हो चुका है। इसके साथ ही गंगापुर परिसर में भी स्नातकोत्तर कृषि पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया जाएगा। विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि किस कोर्स में कितनी सीट होगी। प्रवेश का क्या मानक होगा। इन सब बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए नियमावली तैयार करवाई जा रही है।