वाराणसी: हॉस्पिटल में कनेक्शन काटने गए जेई और कर्मचारियों को पीटा, दो पर मुकदमा दर्ज
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के करमनवीर स्थित गंगा जमुना हॉस्पिटल में बिजली के बकाया बिल का भुगतान न होने पर कनेक्शन काटने गए जेई और कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। इस दौरान विभाग के कागजातों को भी मारपीट करने वालों ने फाड़ दिया।
मामले में पुलिस ने हॉस्पिटल संचालक केके पांडेय और एक अज्ञात के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बांधा पहुंचाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली विभाग की ओर से इन दिनों बकाए बिल का भुगतान न करने वालों का कनेक्शन काटने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीम दोपहर करीब एक बजे गंगा जमुना हॉस्पिटल पहुंची। इस दौरान 50578 रुपये बकाया होने पर अवर अभियंता अरसद हुसैन, श्रीनिवास यादव, संविदा कर्मी रामप्रकाश, मीटर रीडर विनोद कुमार ने कनेक्शन काट दिया।
आरोप है कि इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अस्पताल संचालक ने अधिकारियों-कर्मचारियों की पिटाई शुरू कर दी। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। जेई ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्युत मजदूर संगठन के पूर्वांचल उपाध्यक्ष वेद प्रकाश राय के नेतृत्व में भारी संख्या बिजली कर्मचारी लंका थाने पहुंचे और मारपीट करने वालों के गिरफ्तारी की मांग करने लगे। उधर लंका पुलिस को दिए तहरीर में जेई-कर्मचारियों ने मारपीट के साथ ही सरकारी कागजात फाड़े जाने की शिकायत कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर वेद प्रकाश राय ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो प्रबंध निदेशक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन के साथ ही कार्य बहिष्कार करेंगे।