गाजीपुर: टूटी पटरी से गुजरने वाली थी जनशताब्दी एक्सप्रेस, की-मैन की सूझबूझ से टला हादसा
गाजीपुर जिले के दिलदार नगर में डीडीयू-पटना रेल मार्ग पर उसिया स्टेशन के पास गुरुवार सुबह 8:37 बजे तूफान एक्सप्रेस के गुजरने के बाद डाउन पटरी चटक गई। कुछ देर बाद ड्यूटी कर रहे की-मैन अनिरुद्ध की नजर चटकी पटरी पर पड़ी तो वह सन्न रह गया। ठीक उसी समय मंडुवाडीह-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस इस पर से गुजर रही थी।
की-मैन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल लाल झंडी लगाकर ट्रेन को रुकवा दिया। इससे एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। इस घटना के बाद उक्त ट्रेन करीब 35 मिनट तक खड़ी रही। पटरी दुरुस्त होने के बाद उसे रवाना किया गया। इस दौरान इस रूट पर आ रही अन्य गाड़ियों को भी जहां-तहां खड़ा कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह 8:37 बजे उसियां हाल्ट से पहले डाउन तूफान एक्स को गुजरने के बाद रेल पटरी चटक गई। ड्यूटी पर तैनात की मैन ने टूटी रेल पटरी को देखा और इस पर आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस को लाल झंडी दिखाकर रोक दिया। इसकी सूचना स्थानीय स्टेशन मास्टर के साथ दानापुर रेल कंट्रोल को दिया गया।
इसके बाद रेल पथ विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सभी ने चटकी रेल पटरी के पास क्लैंप बांधकर मरम्मत की। इसके कारण, तूफान एक्सप्रेस, सिकंदराबाद समर स्पेशल, गोहाटी दादर एक्सप्रेस, मेमो पैसेंजर और ताड़ीघाट पैसेंजर विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही। मरम्मत के बाद डाउन लाइन की सभी ट्रेनों को 30 किमी की काशन के जरिये गुजारा गया। दानापुर के जनसंपर्क अधिकारी संजय प्रसाद ने बताया कि टूटी रेल पटरी पर क्लैंप बांधकर दुरुस्त कर दिया गया है और डाउन लाइन की ट्रेनों को 30 किमी मेमो के जरिये परिचालन शुरू कर दिया गया है।