वाराणसी में अधिवक्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति का जलाया पोस्टर, बोले- हरकतों से बाज नहीं आए तो अंजाम बुरा होगा
चीन से भारतीय सैनिकों के बीच झड़प की जानकारी मिलने पर सोमवार को वाराणसी के अधिवक्ता आक्रोशित हो उठे। बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानन्द राय के नेतृत्व में कलक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और वहां के झंडे का पोस्टर जलाया। अधिवक्ताओं ने चीन के विरोध में नारेबाजी भी की। कहा, अभी भी समय है चीन अपनी हरकतों से बाज आ जाए नहीं तो अंजाम बुरा होगा। अधिवक्ताओं ने कहा कि हमारे जवान चीन को करारा जवाब देने के लिए सक्षम हैं।
पूर्व महामंत्री नित्यानन्द राय ने कहा कि सिक्किम में चीनी और भारतीय जवानों के बीच झड़प की खबर मिली। कुछ ही समय में पता चला कि हमारे जवानों ने चीन को करारा जवाब दिया है। भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई में 20 सैनिक घायल हुए। कहा, अभी भी समय है चीन अपनी हरकतों से बाज आ जाए नहीं तो अंजाम बुरा होगा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने बाबा विश्वनाथ से भारतीय जवानों की रक्षा की प्रार्थना भी की। विरोध प्रदर्शन में विनोद पांडेय, सजीवन यादव, मुकेश मिश्र, राजकुमार तिवारी, विनोद सिंह आदि शामिल रहे।
बता दें कि भारत और चीन के बीच पिछले साल मई की शुरुआत से सीमा पर गतिरोध जारी है। इसी बीच एक बार फिर से भारत और चीन के जवानों के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर झड़प की खबर सामने आई। जानकारी के अनुसार, यह झड़प तीन दिन पहले सिक्किम के नाकू ला में हुई जब पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिकों ने यथास्थिति को बदलने की कोशिश की थी। उसके कुछ सैनिकों ने भारतीय क्षेत्र में बढ़ने की कोशिश की। सीमा पर तैनात भारतीय सेना के चौकस जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें रोक दिया। इस झड़प में चीन के 20 सैनिकों के घायल होने का समाचार है। वहीं भारत के चार सैनिक भी इस झड़प में बहादुरी से लड़ते हुए घायल हुए हैं।