Varanasi: चार दिवसीय ‘काशी कुंभ’ का उद्घाटन, मंडलायुक्त बोले- भाषा और संस्कृति को संरक्षित करें युवा
अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के चौथे राष्ट्रीय अधिवेशन ‘काशी कुंभ’ के उद्घाटन गुरुवार को हुआ। मंडलायुक्त ने कहा कि कोविड काल में मारवाड़ी समाज की माताओं और बहनों ने काफी मदद की थी। इसकी प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने कहा कि मारवाड़ी समाज के युवाओं को अपनी भाषा और संस्कृति को संरक्षित रखना होगा। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के चौथे राष्ट्रीय अधिवेशन ‘काशी कुंभ’ के उद्घाटन अवसर पर ये आह्वान मंडलायुक्त ने किया। बृहस्पतिवार को नरिया स्थित रामनाथ चौधरी लॉन में इस युवा संगम की शुरुआत हुई जिसमें तीन हजार मारवाड़ी शामिल हुए।
मंडलायुक्त ने कहा कि कोविड काल में मारवाड़ी समाज की माताओं और बहनों ने काफी मदद की थी। इसकी प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की थी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ समाज की महिलाओं ने पोषण पोटली भी बांटी थी। प्रदेश में पहली बार हो रहे अधिवेशन में आए अतिथियों का स्वागत पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जाजोदिया ने किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल लखोटिया और शाखाध्यक्ष उमेश जोगाई ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। इस मौके पर मंडलायुक्त को समाज गौरव सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा भी की। अधिवेशन में मंच बाजार भी लगाया गया। इसमें टेक्सटाइल, खाद्य पदार्थ, भगवान के कपड़े, बुटीक आदि के स्टॉल लगाए गए थे।
तीन लोगों को मिला राष्ट्रीय अलंकरण सम्मान
पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन ने तीन लोगों को राष्ट्रीय अलंकरण पुरस्कार दिया। इनमें जनसेवा के लिए डा. सुनील जोशी को श्री ईश्वरदास जालान स्मृति पुरस्कार दिया। पत्रकारिता के लिए पंडित अच्युतानंद मिश्र को डा. राम मनोहर लोहिया स्मृति पुरस्कार दिया। विशिष्ट एवं मौलिक शोधकार्य के लिए डा. शिवानी मातनहेलिया को श्री भंवर महल सिंधी स्मृति पुरस्कर दिया गया।
राष्ट्रीय सभा में संगठन व सामाजिक कार्यों के विकास पर हुई चर्चा
काशी कुंभ युवा संगम के पहले दिन के सत्र में मारवाड़ी युवा मंच की शाखा सर्वोच्च अधिकार प्राप्त राष्ट्रीय सभा मंडल की बैठक हुई। इसमें मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने संगठन व सामाजिक कार्यों के विस्तार पर चर्चा की। साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में बलराम सुल्तानिया, सुरेंद्र भट्ट, जितेंद्र गुप्ता आदि शामिल रहे।
बनारस व राजस्थान की साझा सांस्कृतिक की प्रस्तुति ने मोहा मन
शाम में सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत गंगा आरती से हुई। इसके बाद विशाल कृष्ण ने शानदार नृत्य की प्रस्तुति से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. शिवानी ने बनारस व राजस्थान के साझा गीतों पर नृत्य शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। पुनीत कुमार ने शास्त्रीय गीत से खूब वाहवाही लूटी।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों का चुनाव जारी
अधिवेशन में राष्ट्रीय पदाधिकारियों का चुनाव जारी है। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए गुवाहाटी के रितेश और नोखा के सुरेंद्र मैदान में हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए जोन एक से हिमशिखर खंडेलिया, आशीष अग्रवाल, धीरज नाहर, जोन दो से नंदलाल अग्रवाल, जोन तीन से यशा पोद्दार, जोन चार से दीपक छपरिया, जोन पांच से राम किशोर वर्मा, सुशील बंसल मैदान में हैं।
काशी में आयोजन पर जताई खुशी
पहली बार काशी आगमन हुआ है। इस बात की खुशी है कि इस बार राष्ट्रीय अधिवेशन काशी में हुआ है। इसी बहाने काशी में आना हुआ और यहां भव्यता देखने का मौका मिला। - सोनम टिबरेवाल, पश्चिम बंगाल
देश की सांस्कृतिक नगरी में मारवाड़ी युवा मंच का भव्य आयोजन हो रहा है। इसमें शामिल होने का अहसास काफी अलग है। वैसे तो बहुत बार राष्ट्रीय आयोजन में हिस्सा लिया हुं पर काशी आने खुशी अलग है। - प्रदीप अग्रवाल, बंगलुरू