UP : IIT BHU और पुनर्वास विश्वविद्यालय तैयार करेंगे शिक्षण सामग्री, दिव्यांग छात्रों को मिलेगा सहयोग
Varanasi News : दिव्यांग छात्र-छात्राओं को अच्छी शिक्षा देने की दिशा में ये सराहनीय पहल होगी। दोनों संस्थान सहायक उपकरण की भी व्यवस्था करेंगे। इससे छात्र आसानी से पढ़ सकेंगे।
विस्तार
आईआईटी बीएचयू के छात्र और शिक्षक डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि के दिव्यांगजन विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा का उजाला करेंगे। दोनों शिक्षण संस्थान अकादमिक सहयोग के लिए साथ आए हैं। दिव्यांगजनों की सीखने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सहायक उपकरण और सहायक प्रौद्योगिकी विकसित करने पर दोनों संस्थान मिलकर काम करेंगे।
कुलपति प्रो. संजय सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को आईआईटी के निदेशक प्रो. अमित पात्रा के बीच संवाद सत्र हुआ। विद्यार्थियों के लिए अकादमिक सहयोग, शोध सहयोग, सॉफ्टवेयर विकास, कौशल संवर्द्धन कार्यक्रम, डाटा विश्लेषण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग एवं ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन के लिए सहमति बनी।
प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि संस्थान दिव्यांगजनों को शिक्षा प्राप्त करने में सहायक अध्ययन उपकरणों का विकास करने और विकास परियोजनाएं शारीरिक विकलांगता वाले व्यक्तियों के लिए कृत्रिम, ऑर्थोटिक, सहायक और पुनर्वास उपकरणों का विकास उनकी सामाजिक पहुंच को बढ़ाने के लिए सहयोग देगा।
कम सुनने वाले छात्रों को अनुवाद की सुविधा
प्रो. वीरोदय ने बताया कि अकादमिक सहयोग के क्रम में दोनों संस्थानों के मध्य सॉफ्टवेयर विकास को लेकर सहमति बनी। जो कम सुनने वाले छात्रों के लिए कक्षा व्याख्यान को तत्काल पाठ रूप में अनुवादित कर सकेगा। जबकि दृष्टिबाधित छात्रों की गतिशीलता में सुधार के लिए मानचित्र का विकास होगा। यह मोबाइल एप के रूप में वॉयस कमांड के साथ काम करेगा। ऐसे सॉफ्टवेयर पर जोर दिया जाएगा जो संकेत को पाठ और ऑडियो रूप में अनुवादित कर सकेगा।
17 को मिलेगा जिमखाना अवॉर्ड
आईआईटी बीएचयू के 17 छात्रों को जिमखाना अवॉर्ड 2023-24 से नवाजा जाएगा। ऑर्गेनाइजेशनल कैटेगरी के नाम की लिस्ट जारी कर दी है। पांच सब कैटेगरी में अवॉर्ड दिया जाएगा। आईआईटी ब्लू में प्रणव एस, कलर में ताविशी, शालिनी सिहाग, परीक्षित प्रकाश, सौम्या रंजन और आदित्य सुराना को सम्मानित किया जाएगा।
ऑनरेबल मेंशन में राघव अग्रवाल, सतवीर और आर्यन, स्पेशल मेंशन में वैभव मोहंती, आदित्य आयुष मिश्रा, जश्नदीप सिंह, प्रतीक हरेंद्र मिश्रा, गौरव है। सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट में आतिश्या सूद, लक्ष्मी दुर्गा, अविनाश गोदू और अभिरामी को सम्मानित किया जाएगा।