UP News: रामलीला में निगम की जैकेट पहनकर तैनात होंगे 100 कर्मचारी, सफाई को लेकर जारी हुए ये निर्देश
Varanasi News: स्मार्ट सिटी वाराणसी में सफाई को लेकर विशेष ध्यान रखे जा रहे हैं। रामलीला में भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे इस लिए मेयर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशानिर्देेश दिए हैं।
विस्तार
मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की बैठक में तय हुआ कि रामनगर की रामलीला में 100 सफाईकर्मी नगर निगम की जैकेट पहनकर तैनात किए जाएंगे। नगर निगम में हुई बैठक में मेयर ने कहा कि पीएम के जन्मदिन वाले दिन 17 सितंबर से विश्वेश्वरगंज की निगम की दुकानों का किराया ऑनलाइन जमा किया जाएगा। इसके लिए दुकानों पर डायनिमिक क्यूआर कोड लगेंगे।
उन्होंने बताया, भेलूपुर जोन से ऑनलाइन घर-घर कूड़ा उठान की निगरानी शुरू होगी। 29 सितंबर को नगर में एक साथ 7500 पौधे लगेंगे। नवरात्रि एवं दुर्गापूजा पर विशेष सफाई व्यवस्था होगी। बैठक में मेयर और नगर आयुक्त ने कहा कि 17 से शुरू होने वाली रामलीला में पेट्रोमैक्स, साफ-सफाई, सड़क मार्ग प्रकाश, पेयजल, आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नवरात्र की सप्तमी, अष्टमी, नवमी एवं दशमी को शहर में दर्शनार्थियों की बहुत अधिक भीड़ होती है। जनसुविधाओं की तैयारियां पूरी कर लें। बायो टाॅयलेट यूरिनल, वाटर टैंकर से साफ-सफाई बेहतर हो।
उन्होंने कहा, आगामी तीन दिनों में सभी निर्माण चौकियों पर निर्माण सामग्री की व्यवस्था कराएं। वार्डों में लगने वाले ट्यूबवेलों को क्षेत्रीय पार्षद से संपर्क कर आगामी 30 सितंबर तक पूरा कराएं। जो फर्म काम नहीं कर रही हैं उन्हें ब्लैक लिस्ट करें। 18 समृद्ध वार्डों में तत्काल सर्वे कराते हुए पेयजल पाइप डालने के लिए जल निगम से समन्वय स्थापित करें। तत्काल अल्पकालिक निविदा कराकर कार्य शुरू कराएं। एक वृक्ष मां के नाम अभियान के तहत लगने वाले पौधों के लिए गड्ढे बनवाएं।
रामनगर की रामलीला और बारावफात की तैयारियों में न रहे कोई कमी
जिलाधिकारी एस.राजलिंगम ने कलेक्ट्रेट में रामनगर की रामलीला के सफल आयोजन और बारावफात की तैयारियों को लेकर बैठक की। मातहतों को हिदायत दी कि तैयारियों में कहीं कोई कमी र रहे। दोनों त्योहारों के आयोजन समितियों के पदाधिकारियों से कहा सभी त्योहार सकुशल और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होंगे। कोई नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी।
मेला संचालन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि रामलीला 17 सितंबर से शुरू होकर 16 अक्तूबर तक चलेगी। इस आयोजन के संबंध में जिलाधिकारी ने अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिए गए आयोजन स्थल का मौके पर जाकर निरीक्षण करें। वहां बेहतर साफ सफाई की व्यवस्था करें। जल भराव आदि की समस्याएं दुरुस्त कराएं। पेयजल और शौचालय की व्यवस्था कराएं।
सफाई को लेकर सौंपा ज्ञापन
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल सागर ने मेयर अशोक कुमार तिवारी को ज्ञापन देकर श्री 108 श्री मौनीबाबा रामलीला कमेटी के 17 रामलीला स्थानों पर साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं कराने की मांग की है।