Varanasi News: गोदाम में लगी भीषण आग, 10 लाख का सामान खाक; पीड़ित व्यापारी के घर पहुंचे कैबिनेट मंत्री
Varanasi News: अगलगी की घटनाओं के बाद मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड ने आग पर तो काबू पा लिया लेकिन पीड़ितों का काफी नुकसान हो गया। रोहनिया वाली घटना में करीब 10 लाख का नुकसान बताया जा रहा है। वहीं, चिरईगांव में हुई घटना के बाद कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने मौका-मुआयना किया है।
विस्तार
वाराणसी के रोहनिया देउरा निवासी विशाल गुप्ता का नीबिया खुशीपुर में साचू राम गुप्ता ट्रेडर्स के नाम से कबाड़ की गोदाम है। सोमवार की देर रात करीब डेढ़ बजे गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को फोन करके बुलाया, लेकिन छोटी गाड़ी होने के कारण आग बुझ नहीं पाई।
इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो और गाड़ी आई तब जाकर ढाई घंटे कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग बुझाई। देउरा रोहनिया के रहने वाले गोदाम के मालिक विशाल गुप्ता ने बताया कि गोदाम में काफी मात्रा में प्लास्टिक के सामान और किताबें थी जिसके कारण आग ने भयानक रूप ले लिया।
आग से करीब 10 लाख से ज्यादा नुकसान हुआ है। चौकी प्रभारी अखरी ओम नारायण शुक्ला ने बताया कि गोदाम के ऊपर बिजली का तार गया है, इसलिए आशंका है कि शॉर्ट-सर्किट से आग लगी थी। तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
पीड़ित व्यापारी के घर पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने दिया मदद का आश्वासन
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मंगलवार को दोपहर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जाल्हूपुर बाजार में शॉर्ट-सर्किट के चलते लगी आग से पीड़ित दुकानदार अरविन्द विश्वकर्मा के घर पहुंचे दुकानदार से मुलाकात कर प्रतिष्ठान में आग लगने का कारण व हुई नुकसानी की जानकारी ली।
रविवार दोपहर में जब व्यापारी दुकान बंद कर कहीं निकला था। उसी समय दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे सबकुछ जलकर राख हो गया। जानकारी होने पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने स्वयं मौका-मुआयना किया। कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने पीड़ित दुकानदार को हर सम्भव मदद देने का आश्वासन दिया और वहां उपस्थित क्षेत्रीय लेखपाल को दुकान में जले सामान व उसकी वाजिब कीमतों के नुकसानी का पूरा आकलन कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इस अवसर पर संजय सिंह, श्यामकार्तिक मिश्रा, गौरव सिंह, अमित पाण्डेय, अजय राजभर, अजय कुमार पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।