वाराणसी: मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, विभिन्न थानों में 40 आपराधिक मुकदमे हैं दर्ज
पूछताछ में गोलू ने बताया कि जिस बाइक के साथ पकड़ा गया, वह पिछले माह अवलेशपुर स्थित एक लॉन से चोरी की गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को इसकी पिछले डेढ़ साल से तलाश थी। वह रोहनिया थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। रोहनिया पुलिस को सूचना मिली कि अखरी बाईपास तिराहे के पास चंद्रिका विहार कॉलोनी में कुछ बाइक सवार बदमाश किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में है।
इस पर अखरी चौकी इंचार्ज मनोज तिवारी पुलिस के साथ घेराबंदी करते हुए चेकिंग शुरू कर दी। तिराहे से लगभग एक किमी दूर कालोनी के मोड़ पर पुलिस को बाइक सवार दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए तो रोकने का इशारा किया। इस पर पीछे बैठे बदमाश ने एक वाहन के पीछे ओट लेकर पुलिस फोर्स पर फायर झोंक दिया।
इसके बाद चारों तरफ से पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान अंधेरे का लाभ लेकर एक बदमाश भाग निकला। रोहनिया पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान सामने आया कि यह रोहनिया थाना अंतर्गत बेटावर निवासी सुदीप उर्फ संदीप उर्फ गोलू यादव है, जो थाने का हिस्ट्रीशीटर और इसके ऊपर वाराणसी के विभिन्न थानों में 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इसकी तलाश में पुलिस डेढ़ साल से लगी हुई थी। पूछताछ में गोलू ने बताया कि जिस बाइक के साथ पकड़ा गया, वह पिछले माह अवलेशपुर स्थित एक लॉन से चोरी की गई थी। रोहनिया थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि पिछले माह हाइवे पर ट्रक चालकों से लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में इसकी संलिप्तता सामने आई थी।
25 की उम्र में 40 आपराधिक घटनाओं को दिया अंजाम
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि गिरफ्तार बदमाश 25 की उम्र में लूट, धमकी, चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इसमें सर्वाधिक 20 मुकदमे सिर्फ लूट के दर्ज हैं। इसकी तलाश लंका, रामनगर, मिर्जामुराद औऱ शिवपुर पुलिस को भी थी। हाईवे पर ट्रक और अन्य राहगीरों से लूटपाट करता था।
4 साल पहले विश्व सुंदरी पुल पर ट्रक ड्राइवर को गोली मारकर 60 हज़ार की लूट हुई थी, उस घटना को भी गोलू यादव ने ही अंजाम दिया था। तत्कालीन लंका थाना प्रभारी भारत भूषण तिवारी ने इसे गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया था।