जौनपुर: बारिश से कई इलाकों में जलभराव, रामपुर थाना बना तालाब
बारिश के चलते जौनपुर जिले के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। शुक्रवार को डीएम कोर्ट के सामने एक पुराना नीम का पेड़ धराशायी हो गया। गोमती नदी एवं नाले उफान पर है। गोमती नदी का जलस्तर साढ़े चौदह फुट तक पहुंच गया है। रामपुर थाना परिसर तालाब बन गया है। जौनपुर शहर में निचले कई इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
बदलापुर में 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश से खेत डूब गए हैं। स्कूल- कालेजों, सरकारी कार्यालयों में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा। तहसील परिसर, चंदन शहीद मार्ग, जौनपुर, घनश्यामपुर रोड पर जलभराव हो गया है। पीली नदी में बाढ़ के चलते चकरियहवा घाट, बदलापुरखुर्द और हिम्मतपुर, दुगौलीकला-कस्तूरीपुर का रपटापुल फिर डूब गया।
जंघई स्टेशन पर ट्रैक 2,3,4 पानी में डूब गया है। गाड़ियों को ट्रैक एक से निकाला जा रहा है । एजे ट्रेन प्लेटफार्म तीन पर खड़ी कर दी गई, जिससे जौनपुर नहीं जा सकी। रामपुर थाना परिसर पानी से लबालब भर गया है। रामपुर ,धनुहां, कठवतिया मोड़, बरसठी मोड़ आदि जगहों पर जलभराव है। रामपुर मुख्य मार्ग पर तो सड़क का पता ही नहीं चल पा रहा है।
सुजानगंज के फरीदाबाद निवासी रामकुमार वर्मा के घर में पानी घुस गया है। चैनपुर में भोला गुप्ता के घर में पानी भरने से बिजली उपकरण खराब हो गए। नेवढ़िया में कई जगह जलभराव हो गया है। मछलीशहर में बरईपार मार्ग पर सराय यूसुफ गांव के पास शीशम का पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। एक घंटे बाद पेड़ को काटकर रास्ता साफ किया गया। फौजदार इंटर कालेज समेत कई विद्यालयों के परिसर में जलभराव हो गया है।