काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी रंजिश के चलते छात्र को जमकर पीटा, फायरिंग कर भागे युवक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के ककरमत्ता स्थित एक चाय की दुकान पर खड़े छात्र की सोमवार रात बाइक सवार 10-12 युवकों ने जमकर पिटाई की। इसके बाद छात्र को लक्ष्य कर तीन राउंड फायरिंग करते हुए सभी भाग निकले।
सरेराह हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। वहीं, दुकान पर खड़ा छात्र और अन्य लोग फायरिंग में बाल-बाल बच गए। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों को चिह्नित करने में जुटी हुई थी। पुलिस के अनुसार वारदात की वजह काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई प्रतीत हुई है।
न्यू कॉलोनी में किराये पर रहने वाला आशुतोष श्रीवास्तव रात आठ बजे के लगभग अपने दो दोस्त के साथ ककरमत्ता क्षेत्र में दुकान पर खड़ा होकर चाय पी रहा था। बताया जाता है कि इसी दौरान बाइक सवार 10-12 युवक आए और आशुतोष को बांस-बल्ली से पीटने लगे। आशुतोष बचने के लिए भागा तो सभी उसे दौड़ा कर पकड़ लिए।
इसके बाद हमलावरों ने आशुतोष को लक्ष्य कर फायरिंग शुरू कर दी। हमले में आशुतोष की नाक और हाथ में गंभीर चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक गोली मिस हो गई और दो गोली आशुतोष के सिर के समीप से गुजर गई।
भेलूपुर थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक की जांच में पुराने विवाद के साथ ही वर्चस्व की लड़ाई की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एक दिन पहले फेसबुक पर हुआ था गालीगलौज
आशुतोष से मारपीट और फायरिंग को एक दिन पहले फेसबुक पर लाइव वीडियो के माध्यम से हुए गालीगलौज को जोड़ कर देखा जा रहा है। बताया जाता है कि मंडुवाडीह थाने में दर्ज मुकदमों के दो आरोपियों ने एक-दूसरे को जमकर गाली दी थी। इसके साथ ही एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई थी। माना जा रहा है कि उन्हीं दोनों की लड़ाई में एक का पक्ष लेने की वजह से आशुतोष की पिटाई की गई।