वाराणसी: पंडालों में विराजने के लिए साकार हो रहे देवी-देवता, 50 हजार से अधिक मूर्तियों के मिले ऑर्डर
मूर्तिकारों के मुताबिक इस बार मूर्तियों की मांग दोगुनी हो गई है। ऑर्डर पर मूर्तियां तैयार की जा रही हैं। दाम में भी 10 से 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वाराणसी जिले में 50 हजार से अधिक मूर्तियां तैयार हो रही हैं।
विस्तार
त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद अब विश्वकर्मा पूजा, हरतालिका तीज और गणेशोत्सव की तैयारियां तेज हो गईं हैं। जहां बाजार खरीदारी से गुलजार होने लगे हैं वहीं, पूजा के लिए गणेश जी, शिव-पार्वती और विश्वकर्मा जी की मूर्तियां आकार ले रही हैं। मूर्तिकारों के मुताबिक इस बार मूर्तियों की मांग दोगुनी हो गई है। ऑर्डर पर मूर्तियां तैयार की जा रही हैं। दाम में भी 10 से 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वाराणसी जिले में 50 हजार से अधिक मूर्तियां तैयार हो रही हैं।
लक्सा के मूर्तिकार दीपक उर्फ जीमी प्रजापति ने बताया कि पिछले साल से दोगुनी मूर्तियां बनवाने के ऑर्डर मिले हैं। जौनपुर, भदोही, सोनभद्र, चंदौली आदि जिलों से भी ऑर्डर आए हैं। हरतालिका तीज और गणेशोत्सव पर मांग ज्यादा है। शिव-पार्वती की इस बार 10 हजार से अधिक मूर्तियां बनाई हैं। इस बार यह 40 प्रतिशत बढ़ी है।
प्लास्टर ऑफ पेरिस की भी मूर्तियां
देवनाथपुरा के मूर्तिकार निर्मल दास ने बताया कि पिछले साल से ऑर्डर ज्यादा मिले हैं। इस बार गणेश जी की आठ फीट की मूर्ति अलग लुक में बना रहे हैं। इसे बीएचयू में स्थापित की जाएगी। शिवपुर में प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां बनाई जा रही हैं। यहां विश्वकर्मा जी की ज्यादा मूर्तियां बन रही हैं। इसके अलावा बाईपास, मंडुवाडीह में भी मूर्तियां बनाई जा रही हैं।
20 हजार रुपये तक की हैं मूर्तियां
पुआल की आठ फीट की गणेश जी की मूर्ति 20 हजार रुपये की है। जबकि छह इंच से पांच फीट तक की मूर्ति 300 से 15 हजार तक की हैं। वहीं, भगवान विश्वकर्मा की 6 इंच से 3 फीट तक की मूर्तियां सौ रुपये से एक हजार तक की हैं। माता पार्वती की छह इंच की ही मूर्ति बिकती हैं, जो थोक में 20 से 30 रुपये पीस है। जीमी ने बताया कि इको फ्रेंडली मूर्तियां बन रही हैं। क्योंकि ज्यादा लोग कुंडों व तालाबों में गंदगी के कारण घरों में विसर्जित कर रहे हैं।
पगड़ी व बाल गणेश की मूर्ति कर रहे पसंद
गणेश जी की पगड़ी और बाल रूप की मूर्तियों की मांग ज्यादा है। मूर्तिकार 30 तरह की मूर्तियां बना रहे हैं। विश्वकर्मा जी की हाथी पर सवारी और सिंहासन पर विराजमान वाली मूर्ति है। वहीं शिव-पावर्ती की बैठे और खड़े आकार वाली ही मूर्तियां बिकती हैं।
10 हजार मूर्तियां बाहर से मंगाईं
बनारस में त्योहारों पर रेडिमेड मूर्तियां भी बिकती हैं। कारोबारी कोलकाता से भी मूर्तियां मंगाते हैं। जिले में कोलकाता से करीब 10 हजार मूर्तियां मंगाई गई हैं। लक्सा के कारोबारी रवि, राजेश व दिनेश प्रजापति ने बताया कि कोलकाता से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भी मूर्तियां मंगाई गईं थीं। अभी त्योहारों को देखते हुए गणेश जी, लक्ष्मी-गणेश जी, शिव-पार्वती आदि देवी-देवताओं की मूर्तियां मंगाई गईं हैं। इनके दाम में भी 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
चंद्रयान पर विराजेंगे विघ्न विनाशक
वाराणसी जिले में 18 सितंबर से गणेशोत्सव की धूम रहेगी। मगर इस बार विघ्न विनाशक चंद्रयान के सिंहासन पर विराजमान होंगे। गणपति को पांच दिनों तक अलग-अलग सिंहासन पर भी विराजमान कराया जाएगा। गणेशोत्सव पर शहर में दो दर्जनभर से अधिक संस्थाएं विविध आयोजन करती हैं। साथ ही धार्मिक अनुष्ठान और प्रतियोगिताएं भी होती हैं। श्रीगणेश उत्सव सेवा समिति के सदानंद पाठक ने बताया कि इस बार चंद्रयान-3 के रूप में सिंहासन बनाया जाएगा। इसी पर गणेश जी को विराजमान किया जाएगा।