चेतावनी बिंदु से 1.5 फीट नीचे गंगा: भदोही में जलस्तर के बढ़ाव की रफ्तार कम, दहशत बरकरार; अफसरों ने लिया जायजा
गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से करीब डेढ़ फीट नीचे पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने की रफ्तार कम होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं आश्रम के नीचे का करीब चार फीट हिस्सा पानी में डूब गया है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर के बीच अब रफ्तार थमने से स्थानीय लोगों की चिंता कुछ कम हुई है।
विस्तार
गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है, हालांकि अब पानी बढ़ने की गति धीमी हो गई है। बृहस्पतिवार को गंगा का जलस्तर 78.390 मीटर दर्ज किया गया। बुधवार की अपेक्षा बृहस्पतिवार को जलस्तर बढ़ने की रफ्तार में काफी कमी देखी गई, जिससे तटवर्ती इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है, हालांकि गंगा बाढ़ के पानी से उड़िया बाबा आश्रम की दक्षिणी नींव लगभग तीन से चार फीट डूब गई है।
प्रदेश में हो रही मानसूनी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर कभी बढ़ रहा तो कभी घट रहा है। दो दिन पूर्व से एक बार फिर जलस्तर बढ़ने लगा। बुधवार को गंगा का जलस्तर करीब चार से पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से बढ़ रहा था, जबकि बृहस्पतिवार को यह गति घटकर महज आधे से एक सेंटीमीटर प्रति घंटे रह गई।
जलस्तर में बढ़ोतरी की रफ्तार को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि आधी रात के बाद गंगा का जलस्तर स्थिर हो सकता है। तटवर्ती क्षेत्र के निचले इलाकों में स्थित खेतों में भी बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी से तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है, हालांकि बढ़ोतरी की रफ्तार कम होने से फिलहाल स्थिति में कुछ राहत नजर आ रही है।
लगातार बनी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पिछले सप्ताह से ही नौका संचालन बंद कर दिया गया है। इससे गंगा पार आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक्सईएन नहर सुधीर कुमार पाल ने बताया कि जलस्तर बढ़ने की रफ्तार कम हो गई है। संभावना है कि चार सितंबर से पानी घटने लगेगा।
तहसीलदार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
ज्ञानपुर तहसीलदार अजय सिंह ने बृहस्पतिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं बाढ़ शरणालय का निरीक्षण किया। उन्होंने इटहरा, विरासपुर, विहरोजपुर, रामपुर घाट, धनतुसली आदि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ बाढ़ शरणालयों एवं बाढ़ चौकियों पर पहुंचकर तैयारियों की जानकारी ली। बताया कि निरीक्षण के दौरान वर्तमान में सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में पाई गई।
बाढ़ चौकियों पर आवश्यक व्यवस्थाएं एवं जरूरी संसाधन उपलब्ध पाए गए और संबंधित कर्मचारियों को सतर्क रहते हुए निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बताया कि गंगेश्वर महादेव मंदिर/स्थल तक अभी बाढ़ का पानी नहीं पहुंचा है। तहसील प्रशासन द्वारा जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।