काशी पहुंचे G20 के मेहमान: एयरपोर्ट पर पहले जत्थे का जोरदार स्वागत, मेहमाननवाजी ने कराया कण-कण शंकर का अहसास
जी-20 सम्मेलन में शामिल होने के लिए विदेशी प्रतिनिधिमंडल का पहला जत्था शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचा। मेहमानों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल के साथ ही अन्य अधिकारियों व भाजपा नेता मौजूद रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने काशी पहुंचे विदेशी मेहमान काशी की आतिथ्य परंपरा से अभिभूत हो गए। एयरपोर्ट पर उतरते ही शिव की नगरी में उन्हें भी कण-कण शंकर का अहसास हुआ। शिव के रंग में रंगी काशी के कण-कण ने उन्हें स्वागत की जो अनुभूति कराई वह उनके चेहरों पर नजर आ रही थी। शनिवार को तीन दलों के आगमन के साथ ही विदेशी मेहमानों के काशी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
जी-20 शिखर सम्मेलन के तहत 17 अप्रैल से होने वाली कृषि आधारित बैठक में शामिल होने विदेशी मेहमान वाराणसी पहुंचने लगे हैं। शनिवार को विदेशी प्रतिनिधिमंडल का तीन जत्था वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। इस दौरान मेहमानों का स्वागत काशी की परंपरा और संस्कृति के अनुसार हुआ।
एयरपोर्ट के टर्मिनल बिल्डिंग में एक ओर जहां लोक गीत की प्रस्तुति चल रही थी, तो वहीं दूसरी ओर दर्जनों बटुकों ने मेहमानों को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तिलक लगाकर उनकी अगवानी की। मछलीशहर के सांसद बीपी सरोज और एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल ने विदेशी मेहमानों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम के साथ ही रुद्राक्ष की माला भेंट की।
एयरपोर्ट पर भव्य सजावट
एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल ने बताया कि जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए एयरपोर्ट पर भव्य सजावट की गई है। इसमें टर्मिनल बिल्डिंग के साथ ही पार्किंग एरिया, बाउंड्री को रंग-बिरंगी लाइटों से सजावट की गई है। उन्होंने बताया कि जी-20 सम्मेलन को वाराणसी एयरपोर्ट उत्सव की तरह मना रहा है। वहीं मेहमानों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर सीनियर कमांडेंट अजय कुमार, एसडीएम पिंडरा अंशिका दीक्षित, प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय आदि मौजूद रहे।
रात तक पूरी हो जाएंगी जी-20 की सजावट
जी-20 की बैठक को सिर्फ दो दिन बचे हैं। बैठक को लेकर जिला प्रशासन व अन्य विभाग तैयारियों में जुटे हैं। विभागीय अधिकारियों की मानें तो जो भी तैयारियां बची हैं, वह देर रात तक पूरी कर ली जाएंगी। इसके लिए अतिरिक्त कार्मिकों को काम पर लगाया गया है। बैठक के लिए निर्धारित मार्गों पर स्थित भवनों और प्रतिष्ठानों पर थीम आधारित पेंटिंग कराई जा रही है। दीवारों पर काशी की सांस्कृति, सभ्यता और प्राचीनता को दर्शाया गया है।
सड़कें चमक गई हैं और गंदगी न दिखे इस पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सभी जगहों पर जी-20 से संबंधित पोस्टर, डिवाइडरों को सजाने और पौधरोपण का काम किया जा रहा है। रात के समय सड़कें आकर्षक दिखें, इसके लिए विशेष लाइटिंग की जा रही है। वीडीए उपाध्यक्ष अभिषेक गाेयल ने बताया कि पेंटिंग के कुछ काम बचे हैं। उन्हें देर रात तक पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने चार अधिकारियों का रोका वेतन
जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने शनिवार को राइफल क्लब सभागार में जी-20 के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने क्लस्टर वार तैनात अधिकारियों से पूछा तो कार्य की प्रगति अधिकारी नहीं बता पाए। बैठक से अनुपस्थित चार अधिकारियों का वेतन रोकने और एक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने को कहा। बैठक में अनुपस्थित अपर आयुक्त व्यापार कर, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, औषधि प्रशासन, उपायुक्त उद्योग, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन रहे। सहायक नियंत्रक बाट माप को प्रतिकूल प्रविष्टि देने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि जी-20 के लिए छह रूट निर्धारित किए गए हैं। उन्हें विशेष रूप से सजाने का कार्य किया जा रहा है।