फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Four thousand people from 14 localities opposing citizenship law are being searched by the police

नागरिकता कानूनः विरोध करने वाले 14 मुहल्लों के चार हजार लोगों की पुलिस को तलाश

Sun, 22 Dec 2019 01:54 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, वाराणसी
अमर उजाला ब्यूरो, वाराणसी Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sun, 22 Dec 2019 01:54 AM IST
विज्ञापन
Four thousand people from 14 localities opposing citizenship law are being searched by the police
चार हजार लोगों की तलाश... - फोटो : अमर उजाला

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में बजरडीहा क्षेत्र में जुलूस निकालने, पुलिस पर पथराव कर अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने के मामले में पुलिस को 14 मुहल्लों के चार हजार लोगों की तलाश है। 

विज्ञापन


आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सात टीमें गठित की गई हैं। प्रकरण को लेकर शनिवार देर रात तक पुलिस बजरडीहा क्षेत्र के 17 लोगों से पूछताछ कर जुलूस निकालकर माहौल को बिगाड़ने वालों की तलाश में छापेमारी करती रही।
विज्ञापन


भेलूपुर थाना अंतर्गत बजरडीहा क्षेत्र में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद किशोरों और युवकों ने जुलूस निकला। बजरडीहा चौकी से थोड़ी दूर पर जुलूस को रोककर डीएम व एसएसपी ने धारा 144 के प्रतिबंधों का हवाला देकर लोगों को समझाया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इसी दौरान अचानक पुलिस की ओर पत्थर फेंके गए और लाठीचार्ज की अफवाह फैलाई गई। इसके बाद स्थिति अनियंत्रित हुई तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। भगदड़ में आठ साल के बच्चे मोहम्मद सगीर की जान चली गई। घायल 13 लोगों में से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती पांच लोगों में से अभी भी दो की हालत गंभीर बनी हुई है। 

प्रकरण को लेकर भेलूपुर थाने में बजरडीहा चौकी इंचार्ज अजय यादव की तहरीर के आधार पर 15 नामजद और चार हजार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि जान बूझकर माहौल बिगाड़ने के आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अतिरिक्त सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी कर रही है।

सायरन की आवाज और बूटों की खटखट के बीच पसरा रहा सन्नाटा

बजरडीहा क्षेत्र के लमही, अहमद नगर, महफूज नगर, मकदूम नगर, गल्ला, आजाद नगर, अंबा, धरहरा, मुर्गिया टोला, फारूखी नगर, जक्खा, कोल्हुआ सहित आसपास के अन्य इलाकों में शुक्रवार की शाम से सन्नाटा पसरा हुआ है।

पथराव, भगदड़ और लाठीचार्ज की घटना के बाद इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान दंगा नियंत्रक उपकरणों से लैस होकर तैनात हैं। 15 नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों ने रात भर इलाके के कई घरों में दबिश दी लेकिन किसी का पता नहीं लगा। पुलिस के अनुसार नामजद आरोपी घर छोड़ कर भाग गए हैं।

उधर, शुक्रवार की सुबह से बजरडीहा क्षेत्र में पुलिस और पीएसी के वाहनों के सायरन और बूटों की खटखट के बीच अजीब सी खामोशी दिखी। इलाके की सड़कों के किनारे स्थित कमोबेश सभी दुकानें बंद दिखीं और लोग अपने घरों के भीतर ही दुबके रहे, जो लोग सड़क पर मौजूद दिखे, वह शुक्रवार के घटनाक्रम को लेकर आपस की चर्चाओं में मशगूल थे।

इस बीच एडीजी जोन बृजभूषण, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, आईजी रेंज विजय सिंह मीणा, डीएम कौशल राज शर्मा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बजरडीहा क्षेत्र में चक्रमण कर लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से पुलिस और प्रशासन का सहयोग की बात करते हुए रोजमर्रा के कामकाज पर ध्यान देने की अपील की।

देर रात कराया गया पोस्टमार्टम, भोर में सुपुर्द-ए-खाक
बजरडीहा क्षेत्र में भगदड़ में जान गंवाने वाले आठ वर्षीय मोहम्मद सगीर के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार की देर रात वीडियो कैमरे के सामने कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार की भोर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच बजरडीहा क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान में सगीर के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पुलिस के अनुसार बच्चे की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसलिए विसरा सुरक्षित रखा गया है और उसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

तीसरे दिन भी बंद रहीं दालमंडी और बेनिया इलाके की दुकानें
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में नई सड़क, बेनिया, दालमंडी, हड़हा और आसपास के इलाकों की दुकानें लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी बंद रहीं। इस दौरान नई सड़क से बेनिया मार्ग पर दुकानदार जगह-जगह खड़े होकर आपस में चर्चा करते रहे और पुलिस-पीएसी के जवानों के साथ ही आला अफसर चक्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। हालांकि दुकानदारों का यह कहना था कि दुकानें बंद होने से घाटा हो रहा है। दुकानदारों ने संभावना जताई है कि सोमवार से क्षेत्र की दुकानें खुलेंगी और सब कुछ वापस पुराने ढर्रे पा आ जाएगा।

जबरन जुलूस निकालने के लिए उकसाने वाले तीन चिह्नित
बजरडीहा क्षेत्र में जुमे की नमाज और तकरीर के बाद कुछ लोगों ने बाहर से आए लोगों की शह पर युवाओं और किशोरों को जुलूस निकालने के लिए जबरन उकसाया। यह बात पुलिस की पूछताछ और सुरागकशी में सामने आई है। पुलिस के अनुसार, युवाओं और किशोरों को सुनियोजित तरीके से उकसाते हुए समझाया गया कि जुलूस निकाल कर अपनी ताकत और एकता का एहसास जिला प्रशासन के साथ ही प्रदेश और केंद्र सरकार को कराया जा सकता है। युवाओं और किशोरों को उकसाने के आरोपी महफूज नगर, धरहरा और मुर्गिया टोला निवासी तीन लोगों की पुलिस तलाश कर रही है।

सक्रियता और सूचना संकलन के काम में न हो लापरवाही
मिश्रित आबादी वाले जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता और सूचनाओं के संकलन को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए। एसएसपी ने शुक्रवार को थानेदारों और एलआईयू के कर्मचारियों से कहा कि हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पुलिस की नजर हो। सभी किस्म की सूचनाएं उच्चाधिकारियों से साझा की जाएं। क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में भ्रमणशील रह कर थानेदारों और हल्का प्रभारियों के संपर्क में रहें और किसी भी घटना के संबंध में सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचें। 

नदेसर क्षेत्र में नारेबाजी करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
नदेसर क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क पर इकट्ठा होकर नारेबाजी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इंस्पेक्टर कैंट अश्वनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि वीडियो फुटेज की मदद से प्रकरण में लच्छीपुरा के गुलाम गौस और नदेसर के दानिश व शादाब को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में वांछित अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed