फुटबॉल चैंपियनशिप: चौथे दिन आठ रोमांचक मुकाबले, बस्ती, विंध्याचल, झांसी, मेरठ पर भारी पड़ी काशी; 4-1 से जीता
सिगरा में आयोजित सीनियर पुरुष प्रादेशिक फुटबॉल चैंपियनशिप के चौथे दिन आठ मुकाबले खेले गए। वाराणसी ने बस्ती को 4-1 से हराया। काशी, लखनऊ, बरेली और कानपुर की टीमें विंध्याचल, झांसी और मेरठ पर भारी पड़ीं। प्रयागराज, अलीगढ़, कानपुर, देवीपाटन और गोरखपुर की टीमों ने भी अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर की उम्मीदें मजबूत कीं।
विस्तार
काशी के सिगरा स्टेडियम में बस्ती, विंध्याचल, झांसी, मेरठ पर काशी, लखनऊ, बरेली, कानपुर के फुटबॉलर्स भारी पड़े। साथ में प्रयागराज, अलीगढ़, कानपुर, देवीपाटन और गोरखपुर ने शानदार जीत हासिल की।
डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिगरा में चल रही सीनियर पुरुष प्रादेशिक फुटबॉल चैंपियनशिप के चौथे दिन आठ रोमांचक मुकाबले हुए। मेजबान वाराणसी ने बस्ती मंडल को 4-1 से पराजित कर अपनी तीसरी जीत हासिल की।
काशी के अजय ने छठवें, अंकित सिंह ने नौवें, आशीष कुमार ने 14वें और शुभम पटेल ने 42वें मिनट में गोल किए, जबकि बस्ती के तौसीफ ने 78वें मिनट में अपने जिले का एकमात्र गोल किया। दूसरी ओर राजधानी लखनऊ ने विंध्याचल को 4-0 से पटकनी दे दी। लखनऊ के लिए दीशू वर्मा ने हैट्रिक सहित चार गोल दागा। इसमें 10वें और 22वें मिनट में मिली पेनल्टी किक को गोल में बदलना शामिल था।
अलीगढ़ मंडल ने सहारनपुर को 6-0 के बड़े अंतर से हराया। पहला गोल 27वें मिनट में रजत ने मारा। इसके बाद अयाद, विकास, कार्तिक और अंकुश ने अलीगढ़ के लिए गोल दागे। वहीं प्रयागराज ने मुरादाबाद को 1-0 से हराया, जिसमें सुजीत कुमार ने 46वें मिनट में विजयी गोल किया। कानपुर ने मेरठ को 3-0 से मात दी। पहले 32वें मिनट में टीम को बढ़त दिलाई, समीर ने 36वें मिनट में कॉर्नर से सिर से गोल किया और अमित पाल ने 58वें मिनट में विजयी गोल किया।
बाकी मुकाबलों में बरेली ने झांसी को 2-0 से हराया, जिसमें फैजान ने दो गोल दागे। देवीपाटन ने अयोध्या मंडल को 3-0 से पराजित किया, जिसमें दिव्यांशु द्विवेदी के दो गोल रहे। गोरखपुर मंडल ने चित्रकूट मंडल को 4-0 से मात दी। गौरव ने 24वें मिनट में पेनल्टी किक पर गोल किया। इसके अलावा सरफराज, निखिल और नीतीश श्याम ने भी एक-एक गोल दागे। क्रीड़ा अधिकारी नवीन सिंह के मुताबिक, उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय लखनऊ और उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के समन्वय से यह प्रतियोगिता 23 से 30 अक्तूबर तक खेली जाएगी। इसमें प्रदेश के कई मंडलों की टीमें फुटबॉल खेलने काशी आई हैं।