वाराणसी में 5 ट्रेनें निरस्त: राजधानी समेत 24 गाड़ियां घंटों देरी से पहुंचीं, एक्स व रेल मदद एप शिकायत; दिक्कत
महाकुंभ में स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्थाएं भी चरमरा गईं। भीड़ के दबाव के बाद रेलवे ने यह निर्णय लिया है। इस कारण भारी संख्या में यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वे ट्रेनों का हाल जानते नजर आए।
विस्तार
महाकुंभ में भीड़ नियंत्रित करने के लिए तीन जोड़ी संगम स्पेशल ट्रेन गुरुवार को निरस्त कर दी गई। वहीं, शुक्रवार को नई दिल्ली से खुलने वाली बनारस सुपरफास्ट ट्रेन और झूंसी से चलने वाली 05003 झूंसी-गोरखपुर विशेष ट्रेन निरस्त रहेगी।
इस बीच डिब्रूगढ़ नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी समेत 24 ट्रेनें अपने निर्धारित समय दो से 18 घंटे की देरी से पहुंचीं। एक्स और रेल मदद एप पर यात्रियों ने शिकायत भी दर्ज कराईं।
कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ केंद्र के कर्मियों ने बताया कि मुंबई-वाराणसी महानगरी एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे, एकता नगर वाराणसी महामना एक्सप्रेस नौ घंटे, वाराणसी एकता नगर महामना एक्सप्रेस साढ़े सात घंटे, हावड़ा प्रयागराज विभूति एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, मैसूर वाराणसी मैसूर एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, सूरत छपरा ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ढाई घंटे, आनंद विहार सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस साढ़े 12 घंटे, रक्सौल आनंद विहार सद्भावना एक्सप्रेस ढाई घंटे, एलटीटी बलिया कामायनी एक्सप्रेस छह घंटे, नई दिल्ली जयनगर स्वतंत्रता सेनानी 18 घंटे देरी से पहुंची।
वहीं, बलिया प्रयागराज पैसेंजर साढ़े पांच घंटे, दुर्ग छपरा सारनाथ एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, दुर्ग नौतनवा साढ़े पांच घंटे, अहमदाबाद गोरखपुर एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, एलटीटी जयनगर पवन एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, आनंद विहार रक्सौल सद्भावना एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, वाराणसी मुंबई महानगरी एक्सप्रेस तीन घंटे (रिशेड्यूल), एलटीटी बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस साढ़े नौ घंटे, बनारस दादर सुपरफास्ट तीन घंटे (रिशेड्यूल), ग्वालियर बनारस बुंदेलखंड एक्सप्रेस साढ़े सात घंटे, बनारस ग्वालियर बुंदेलखंड एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, बलिया लोकमान्य तिलक कामायनी एक्सप्रेस तीन घंटे, जयनगर लोकमान्य तिलक चार घंटे, डिब्रूगढ़ नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से पहुंची।
एप में नहीं शो हुई ट्रेन की लोकेशन
यात्रियों को ट्रेनों की सही जानकारी नहीं दी जा रही है। रेलवे के एप में भी ट्रेनों की लोकेशन शो नहीं हुई। इससे यात्री खासे परेशान हुए। ट्रेनों के निरस्तीकरण के अलावा अन्य गुजरने वाली ट्रेनें डिस्प्ले पर शो नहीं हुई। इसे लेकर यात्रियों में काफी नाराजगी रही। उधर, पूछताछ केंद्र पर दिन भर यात्रियों की लंबी कतार रही।