अखाड़े में बदली तस्वीर: पुरुषों के साथ महिला पहलवानों ने भी घुमाई जोड़ी-गदा, विराट दंगल; वेटलिफ्टिंग भी
Varanasi News: विराट दंगल, गदा और वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपने दाव-पेंच दिखाएं। जीतने पर उन्हें सम्मानित किया गया। इसके साथ ही आगे बढ़ने का हाैसला बढ़ा गया।
विस्तार
लोहता के परमंदापुर स्थित केशरी नंदन व्यायामशाला (पटेल चौराहे) में बृहस्पतिवार को विराट दंगल, गदा और वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें पुरुष खिलाड़ियों के साथ महिला खिलाड़ियों की भी संयुक्त भागीदारी रही। दंगल में खिलाड़ियों ने परंपरागत अखाड़ा कला और आधुनिक शक्ति प्रदर्शन का संगम प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के दौरान महिला पहलवानों ने जोड़ी गदा के प्रदर्शन में संतुलन, ताकत और तकनीक का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। हुकुलगंज के चमरूबीर अखाड़े के पहलवान कल्लू यादव ने 45 किलो का गदा को 40 हाथ फेरकर ओवरऑल विजेता बने।
दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्रभूषण राय ने की। जिला सचिव/प्रबंधक रविंद्र कुमार गौड़ ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उपाध्यक्ष अर्जुन भारद्वाज, ज्ञानेंद्र पहलवान, संजय राजभर, चंद्रभूषण, अजय राय, श्रीधर मिश्रा मौजूद रहे।
गदा फेरने में शिवाली ने मारी बाजी
बालिका वर्ग में 15 किलो भारवर्ग में गदा फेरने की प्रतियोगिता हुई। बालिका वर्ग में शिवाली ने सर्वाधिक बार गदा फेरकर बाजी मारी। इस प्रतियोगिता में राधिका को दूसरा और अंजली राजभर ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में माध्यमिक स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए ज्ञान शंकुल सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता पारंपरिक खेलों को बढ़ाने और खिलाड़ियों को इसकी जानकारी देने के लिए कराई जा रही है।
अलग-अलग हुईं पुरुष-महिला पहलवानों की कुश्ती
अखाड़े में शमशेर पहलवान, सुनील, लक्ष्मण, विजय और कल्लू पहलवान अपने-अपने वर्ग में विजयी रहे जबकि महिला वर्ग में शिवाली, राधिका और अंजली राजभर सहित 20 महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। गदा प्रतियोगिता में 45 किग्रा, 36 किग्रा और 32 किग्रा वर्ग रखे गए जबकि वेटलिफ्टिंग में 100 किग्रा, 80 किग्रा और 60 किग्रा भार वर्गों में प्रतिभागियों ने जोर आजमाइश की। उस्ताद संजय पहलवान की देखरेख में प्रतियोगिता संपन्न हुई।