पीएम को ‘मन की बात’ लिख फंदे से झूला किसान
गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के बिजहरा गांव बिजहरा गांव के एक किसान ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार को उनका शव गांव से 300 मीटर दूर ट्यूबवेल पर पेड़ पर लटका मिला। घटनास्थल से पीएम, सीएम, रेलमंत्री और ग़ाज़ीपुर के डीएम के नाम सुसाइड नोट मिला है जिसमें उन्होंने परिवार का ख्याल रखने की बात कही है। जान देने की वजह का पता नहीं चल सका है।
बिजहरा निवासी किसान रामअवतार राजभर (43) बुधवार की देर शाम खाना खाने के बाद घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सोने चले गए। बृहस्पतिवार को भोर में उनकी पत्नी खेत की तरफ जा रही थी, तभी देखा कि रामअवतार का शव ट्यूबवेल के पास स्थित एक पेड़ पर रस्सी के सहारे लटक रहा था।
उसकी चीख-पुकार सुनकर उसका बड़ा पुत्र सूरज वहां पहुंच गया और किसी तरह शव को नीचे उतारा गया। जानकारी होते ही अन्य ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। ग्राम प्रधान ने पुलिस सूचना दी। पुलिस के साथ ही फोरेसिंक टीम भी मौके पर पहुंच गई। मौके से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें राम अवतार ने ‘मन की बात’ लिखी है।
‘श्रीमान प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, रेलमंत्री तथा जिलाधिकारी जी’ मैं अपना तथा अपनी मां और पत्नी का वोट आपको दिया लेकिन सपा, बसपा, कांग्रेस तीनों के गठबंधन के डर से मैं मोबाइल और मीटिंग द्वारा आपको वोट नहीं दिला सका। इसके लिए हमें क्षमा करना और हो सके तो मेरे परिवार को बचा लेना। आगे उसने लिखा है कि अगर आपको विश्वास नहीं हो तो ईवीएम में मेरा वोट चेक कर लेना। हालांकि इसकी पुष्टि करना बाकी है कि सुसाइड नोट कितना सही है।
पुलिस को शव के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। किसान का कई साल से इलाज चल रहा था। उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी। बाद में परिजनों ने सुसाइड नोट दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप कुमार दुबे, एसपी सिटी।