यूपी: दीपावली की रात घर में घुसकर परिवार पर हमला, गड़ासी से काटकर युवक की हत्या, एक घायल; 9 पर मुकदमा
जिले के बसरा गांव में दीपावली की रात पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला किया गया। लाठी-डंडों और गड़ासी से पिटाई में रमेश यादव की मौत हो गई, जबकि भाई और 17 वर्षीय भतीजा घायल हैं। पुलिस ने आठ नामजद और एक अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गांव में फोर्स तैनात की है।
विस्तार
दीपावली की रात जब परिवार घर में त्योहार मना रहा था, तभी पुरानी रंजिश में हमलावरों ने घर में घुसकर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और गड़ासी से किए गए हमले में रमेश यादव (40) की मौत हो गई, जबकि उनके भाई मुन्नू यादव (50) और 17 वर्षीय भतीजा प्रदीप यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रमेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मामला तेजी बाजार थाना क्षेत्र के बसरा गांव का है। मृतक के बेटे शुभम यादव के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे परिवार के लोग घर में दीपावली मना रहे थे। इसी दौरान गांव की चौहान बस्ती से आठ से दस लोग लाठी-डंडों और गड़ासी से लैस होकर घर में घुस आए। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रमेश, उनके भाई मुन्नू और भतीजे प्रदीप को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना पर 108 एंबुलेंस से तीनों घायलों को बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। रमेश की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, वहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। मुन्नू और प्रदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुन्नू के दाहिने हाथ के पंजे में फ्रैक्चर है, जबकि प्रदीप का बायां हाथ टूट गया है।
एक सप्ताह पहले भी हुआ था विवाद
परिवार के लोगों का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इसी विवाद को लेकर दोबारा हमला किया गया। मृतक के बेटे शुभम की तहरीर पर पुलिस ने रितेश चौहान, लालू, प्रेम, शिवा, शैलेश, राम सिंह, वीरे चौहान और एक अज्ञात महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। रमेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।