यूपी: सोनभद्र में हाथियों के झुंड ने गांव में मचाया आतंक, सात साल की मासूम बच्ची को कुचला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हाथियों ने जमकर आतंक मचा दिया। गांव में एक हाथियों ने एक बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हाथियों के इस आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सेंचुरी एरिया से हाथियों का झुंड भटक कर रविवार की रात सोनभद्र जिले में घुस गया था। झुंड ने बीजपुर थाना क्षेत्र और जरहां वन रेंज के नेमना गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने गांव में ही सात साल मासूम बच्ची को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं कई किसानों के फसलों को नुकसान भी पहुंचाया है। हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत है।
गांव के लोगों ने बताया कि हाथियों का कहर बढ़ता जा रहा है। बीती रात हाथियों का झुंड बीजपुर थाना क्षेत्र के नेमना गांव में अचानक पहुंच गया। हाथियों ने नेमना निवासी जगजीवन राम के घर की दीवार तोड़कर घर में रखे धान, मक्का को बोरा सहित बाहर फेंक दिया और खाने लगे।
हाथियों को देखते ही लोग घर से निकल कर भागे। इस दौरान हाथियों ने सुनैना(7) पुत्री रामसजीवन को सूंड़ से उठाकर पटक दिया। इसके बाद पैर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घर में सो रहे अन्य परिजन अपनी जान बचाकर भाग गए। वहीं हाथियों ने नेमना गांव में सुग्रीव प्रसाद, किशुन देव, अर्जुन प्रसाद, सियाराम, राधाकृष्ण, रामजी और शिवप्रसाद की फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
ग्रामीणों ने बच्ची की मौत की सूचना तत्काल बीजपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पीआरबी और थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर बच्ची को धन्वंतरी चिकित्साल्य बीजपुर ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद जहीर मिर्जा ने बताया कि रातभर वन विभाग की टीम हाथियों की निगरानी में लगी हुई है। रात होने और घना जंगल होने की वजह से हाथियों ने घटना को अंजाम दे दिया। हाथियों को छत्तीसगढ़ के जंगल में खदेड़ा गया है।