Varanasi News: 8 स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति, चोरी में 21 लोगों के खिलाफ FIR; बढ़ी सख्ती
Varanasi News: बिजली चोरी को लेकर विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विद्युत चोरी कर रहे कुल 21 लोगों के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की गई है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई से विद्युत चोरी करने वालों में हड़कंप का माहौल है।
विस्तार
बिजली निगम की ओर से समय रहते उपकरणों की क्षमता वृद्धि नहीं करने का खामियाजा गर्मी में उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। शहर के आठ स्थानों पर अतिरिक्त ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति की जा रही है। ओवरलोडिंग की वजह से कही जंफर टूट रहे हैं तो कहीं तार जल जा रहे हैं। बिजली कर्मियों को जंफर और तार जोड़ने में डेढ़ से दो घंटे का समय लग जा रहा है।
गर्मी में लगातार टूट रहे बिजली के तारों की वजह से आपूर्ति में बाधा आ रही है। समस्या से निजात दिलाने के लिए बिजली निगम को ट्रॉली ट्रांसफाॅर्मर का सहारा लेना पड़ रहा है। आपात स्थिति से निपटने के लिए उपकेंद्रों पर अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर कम पड़ रहे हैं। शहर के कालीमहाल, मैदागिन चौराहा, साकेत नगर, चेतगंज क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रॉली ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति की जा रही है।
अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने के बाद जलने की घटनाओं को रोकने में आंशिक सफलता मिली है, लेकिन ओवरलोडिंग होन की वजह से तार के जलने और टूटने की घटना बढ़ गई है। पुराने जर्जर तार गर्मी में बिजली के बढ़ते भार को ढोने में अक्षम साबित हो रहे हैं। ककरमत्ता न्यू कॉलोनी में ट्रांसफाॅर्मर जलने से दोपहर 12 से 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। तार टूटने के कारण यहां ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई।
अधीक्षण अभियंता एसके सनोरिया ने बताया कि बिजली को सुचारु रखने के लिए ट्रांसफाॅर्मर की कोई कमी नहीं है। तार टूटने की घटना रोकने के लिए अतिरिक्त टीमें लगाई गई हैं। बताया कि क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगाने का क्षेत्रवासी विरोध कर रहे हैं। इस वजह से ट्रांसफाॅर्मर के लिए जगह नहीं मिल रही है। लोगों को बिजली चाहिए, लेकिन ट्रांसफाॅर्मर लगाने का विरोध कर रहे हैं।
बिजली चोरी कर रहे थे 16 लोग, एफआईआर
बिजली चोरी रोको अभियान के तहत बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने गुरुवार सुबह सात बजे रामनगर के मझरहट्टा और रामपुर क्षेत्र में छापा मारा। कटिया मारकर बिजली चोरी करते 16 लोग पकड़े गए।
एसडीओ रामनगर ने बताया कि सभी के खिलाफ भेलूपुर के बिजली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बताया कि क्षेत्र में ओवरलोडिंग की वजह से बार-बार तार टूटने और ट्रांसफॉर्मर जलने की शिकायत मिल रही थी। बताया कि बिजली निगम की ओर से ओवरलोडिंग का सामना कर रहे फीडर से संबंधित क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जाएगा।
मीटर बाइपास कर जला रहे थे बिजली एमआरआई एनालिसिस से हुआ खुलासा
बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली निगम की ओर से को मच्छोदरी, सोनिया और पितरकुंडा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। मीटर एनालिसिस में खुलासा हुआ की उपभोक्ता मीटर बाइपास कर बिजली जला रहे थे। अधिकारियों ने नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम व द्वितीय पांच संदिग्ध उपभोक्ताओं के परिसर की जांच की गई।
इसमें पोल से फेस और न्यूट्रल को काट कर मीटर के आउटपुट में कटआउट लगा कर मीटर चालू बंद किया जा रहा था। मीटर बंद होने पर भी उपभोक्ता की सप्लाई चालू थी। इसपर उपभोक्ता रोशन जहां, राजेश गुप्ता, संदीप कुमार, रेयाज अहमद और जैनब बीबी के खिलाफ बिजली निगम के भेलूपुर थाने में धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई।