Eid ul Adha 2022: बनारस में 8 हजार से डेढ़ लाख तक है बकरों की कीमत, पंजाब से आया बकरा बना आकर्षण का केंद्र
वाराणसी के रेवड़ी तालाब, पीलीकोठी और भेलूपुर के ललिता सिनेमा हॉल के पास बकरों की मंडी में खरीदारों की भीड़ जुट रही है। पंजाब से आया डेढ़ लाख का बकरा हर किसी के आकर्षण का केंद्र बना है।
विस्तार
कुर्बानी के त्योहार बकरीद के लिए वाराणसी में बकरों की खरीदारी तेज हो गई है। शहर के कई इलाकों में सजी बकरा मंडी में तरह-तरह के बकरे बिक रहे हैं। ललिता मार्केट में पंजाब से आया डेढ़ लाख का बकरा हर किसी के आकर्षण का केंद्र बना है। मंडी में इस वक्त सबसे बड़ा बकरा यही है। बाजार में इसको देखने वालों की भीड़ लग रही है।
रेवड़ी तालाब, पीलीकोठी, भेलूपुर के ललिता सिनेमा हॉल में शुक्रवार को बकरों की मंडी में खरीदारों की भीड़ लगी रही। बाजार में इस समय आठ हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक के बकरे बिक रहे हैं। ललिता मार्केट में पंजाब से आए 120 किलो के बकरे की कीमत डेढ़ लाख रुपये रखी गई है।
छत्तीसगढ़ से आए गुलाम मोहम्मद हुसैन ने बताया कि यह पंजाबी नस्ल का बकरा है। इसे अमृतसरी बीटल कहते हैं। बकरे की लंबाई 45 इंच है। बेनियाबाग में मंडी बंद होने से इस बार फेरी लगाकर और छोटे बाजार लगाकर बकरे बेचे जा रहे हैं।
संरक्षित पशुओं की नहीं होगी कुर्बानी
सावन और बकरीद को देखते हुए पुलिस सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों में जुट गई है। शुक्रवार को थानावार शांति समितियों की बैठक हुई। इसमें धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों और व्यापारियों से चर्चा की गई। बकरीद को लेकर यह अपील की गई कि किसी भी संरक्षित पशु की कुर्बानी न दी जाए, उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा और फारवर्ड न करें। यातायात पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने सभी पुलिस अधिकारियों और धर्म गुरुओं से चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मोहल्ले के मुवज्जिज व्यक्तियों से संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
सभी धर्मगुरुओं से लगातार संवाद किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर 24 घंटे साइबर सेल और सर्विलांस सेल पैनी नजर बनाए हुए है। यदि कोई अफवाह फैलाएगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है। शहर में धारा 144 सहित सेक्टर स्कीम लागू किया गया है। सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
ईदगाहों और मस्जिदों में बकरीद की नमाज का समय
- ईदगाह काशी विद्यापीठ-8:00
- ईदगाह लाट सरैयां-9:00
- ईदगाह लोहता-9:00
- ईदगाह अहले सुन्नत लल्लापुरा-6:30
- ईदगाह अहले सुन्नत शक्कर तालाब-6:30
- मस्जिद ज्ञानवापी चौक-7:30
- मस्जिद लंगड़े हाफिज-नई सड़क - 10:00
- खजूर वाली मस्जिद-नई सड़क-7:30
- जामा मस्जिद नदेसर - 7:15
- बख्शीजी की मस्जिद तेलियाबाग - 7:30
- मस्जिद वरुणापुल-7:00
- मस्जिद दायम खां पुलिस लाइन चौराहा - 6:45
- मस्जिद बिचली, कचहरी-7:00
- मस्जिद गफूरी, कचहरी-7:45
- मस्जिद उल्फत बीबी-अर्दली बाजार-7:00
- मस्जिद नवाब टोंक-गिलट बाजार-8:30
- मस्जिद ढाई कंगूरा-कोयला बाजार-7:00
- मस्जिद बीबी रजिया-दालमंडी-8:00
- शाही मस्जिद-हकाक टोला-7:30
- मस्जिद कौआ शाह-हड़हा-8:00
- बड़ी मस्जिद बजरडीहा-6:30
- मस्जिद हनफिया गौसिया बजरडीहा-7:00
- ऊंची मस्जिद मदनपुरा-6:45
शिया मस्जिदों में नमाज का समय
- सदर इमामबाड़ा सरैया-10:15
- दरगाह फातमान-9:30
- शिया जामा मस्जिद दारानगर-9:00
- मस्जिद मीर घूरा-9:00
- मस्जिद पितरकुंडा-10:00
- मस्जिद मीर गुलाम अब्बास-अर्दली बाजार-8:30
- मस्जिद हैदरी दोषीपुरा-8:00
- मस्जिद आरिफ-कच्चीबाग-9:00
- मस्जिद चौहट्टा लाल खां-9:30
- मस्जिद नक्खीघाट-9:00