कोहरे का असर: इंडिगो की सात उड़ानें निरस्त; वंदेभारत एक्सप्रेस की रफ्तार पर भी लगा ब्रेक; 13 ट्रेनें लेट
मौसम में बदलाव और घने कोहरे का असर अब फ्लाइट और ट्रेनों पर भी पड़ने लगा है। दृश्यता कम होने के कारण शहरों से उड़ान भरकर आने वाले इंडिगो के सात विमान और स्पाइसजेट एयरलाइंस दिल्ली-वाराणसी विमान सेवा निरस्त रहीं।
विस्तार
अब तक के सबसे घने कोहरे का असर हवाई यात्रियों पर बुधवार को ज्यादा पड़ा। सुबह से लेकर शाम तक महानगरों को जाने वाली आठ उड़ानें निरस्त रहीं। दस उड़ानें दो से आठ घंटे की देरी से एयरपोर्ट पहुंचीं। शारजाह से आने वाला विमान आठ घंटे की देरी से पहुंचा। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने हंगामा भी किया। यात्रियों के परिजनों को पार्किंग एरिया में इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, निरस्त होने की सूचनाएं यात्रियों को रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए विमानन कंपनियां भेज रही हैं।
अकासा एयरलाइंस का बंगलुरू का विमान लगभग 3 घंटे की देरी से पहुंचा। इंडिगो मुंबई का विमान तीन घंटे, एयर इंडिया एक्सप्रेस बंगलूरू का विमान आई एक्स 1622 दो घंटे, इंडिगो कोलकाता का विमान 6ई 822 दो घंटे, इंडिगो हैदराबाद का विमान 6ई 915 दो घंटे, एयर इंडिया का दिल्ली विमान एआई 406 लगभग पांच घंटे, इंडिगो दिल्ली का विमान 6ई 2361 लगभग चार घंटे, इंडिगो एयर का दिल्ली का विमान 6ई 2362 लगभग चार घंटे, स्पाइसजेट दिल्ली का विमान एसजी 2741 2 घंटे की देरी और एयर इंडिया एक्सप्रेस शारजाह का विमान आई एक्स 184 अपने निर्धारित समय शाम के पांच बजे से आठ घंटे की देरी से रात 1.30 बजे एयरपोर्ट पहुंचा।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से शहरों से उड़ान भरकर आने वाले इंडिगो के सात विमान और स्पाइसजेट एयरलाइंस दिल्ली-वाराणसी विमान सेवा निरस्त रहीं। लखनऊ, हैदराबाद, मुंबई, कोलकाता, बंगलूरू, भुनेश्वर, दिल्ली से आने वाले विमान निरस्त रहे।
कोहरे ने रोकी वंदेभारत की रफ्तार, सवा पांच घंटे देरी से पहुंची
कोहरे की वजह से दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेनें काफी देरी से बुधवार को कैंट और बनारस स्टेशन पहुंची। ट्रेन संख्या 22436 वंदेभारत एक्सप्रेस लगभग 5.25 घंटे और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस करीब 13 घंटे देरी से पहुंची। इसके चलते नई दिल्ली जाने वाली 22435 वंदेभारत दोपहर 3 बजे की बजाय रात 8 बजे के बाद रवाना की गई। उधर, बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस 11.30 घंटे और शिवगंगा एक्सप्रेस 7.20 घंटे देरी से पहुंची।
कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ केंद्र कर्मियों ने बताया कि गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस 8 घंटे, एलटीटी-जयनगर पवन एक्सप्रेस 7 घंटे, दिल्ली-मालदा टाउन फरक्का एक्सप्रेस 6.10 घंटे, जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस 5.45 घंटे, जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस 4.55 घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल 4.15 घंटे, कोटा-पटना एक्सप्रेस 4 घंटे, भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस 3.50 घंटे, न्यू तिलक टर्मिनस-गोरखपुर 3 घंटे और फिरोजपुर कैंट-धनबाद गंगा सतलज एक्सप्रेस 2.40 घंटे देरी से कैंट पहुंचीं।