दशहरा: बरेका में 100 साल पुराना रावण दहन नहीं देख सकेंगे आमजन, जिला प्रशासन ने लिया निर्णय; ऐसे होगी इंट्री
Dussehra 2025: जिला और बरेका प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से यह निर्णय लिया है।दशहरे पर केंद्रीय खेल मैदान में होने वाले रावण दहन के लिए सात हजार पास जारी किए गए हैं। इसमें एक लाख से ज्यादा लाेगों की भीड़ उमड़ती है।
विस्तार
Varanasi News: बनारस रेलइंजन कारखाना (बरेका) में दशहरा यानी दो अक्तूबर को बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा कारणों के चलते जिला और बरेका प्रशासन ने निर्णय लिया है कि सुबह 10 बजे से रावण दहन तक बरेका मुख्य द्वार समेत सभी प्रवेश द्वार बंद रहेंगे।
इस दौरान किसी भी आमजन को प्रवेश नहीं मिलेगा। चुनिंदा और प्रमुख लोगों को पास जारी किया गया है। ये पास दिखाकर वे बरेका में इंट्री ले सकेंगे। यानी शहरवासी 100 साल पुराना रावण दहन नहीं देख सकेंगे।
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि विजयदशमी के दिन बरेका में भारी भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन और बरेका ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।
दो अक्तूबर यानी बृहस्पतिवार को दशहरे के दिन बरेका के सभी प्रवेश द्वार जैसे ककरमत्ता मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट और कंदवा गेट को सुबह 10 बजे से लेकर रावण पुतला दहन तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान रेल कर्मचारियों को पहचान पत्र दिखाने के बाद प्रवेश मिलेगा। इनके अलावा उन लोगों को प्रवेश मिलेगा जिनके पास रावण पुतला दहन का विशेष पास होगा।
इस बार जारी किए गए हैं सात हजार पास
दशहरे पर केंद्रीय खेल मैदान में होने वाले रावण दहन को देखने के लिए बरेका परिसर और आसपास के क्षेत्रों से करीब एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ती है। जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बिना पास सभी तरह का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। विजयादशमी समिति के अध्यक्ष रामजन्म चौबे ने बताया कि हर साल चार हजार पास जारी किए जाते थे। इस बार सात हजार पास जारी किए गए हैं। इसे दिखाकर गेट से इंट्री मिलेगी।