कैंट स्टेशन पर डिजिटल लॉकर : जयपुर, जबलपुर और महाकुंभ की तर्ज पर हुई व्यवस्था; जानें- इसका शुल्क
कैंट रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लाॅकर की सुविधा हो जाने से यात्रियों को लाभ मिल सकेगा। बंगलूरू की निजी कंपनी इसका संचालन करेगी। इसके माध्यम से खास सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
विस्तार
जयपुर, जबलपुर और महाकुंभ की तर्ज पर कैंट रेलवे स्टेशन पर अब डिजिटल लॉकर की भी सुविधा यात्रियों को मिलेगी। 16 डिजिटल अलमारी कैंट स्टेशन पर पहुंच गई है। इन्हें तीसरे यात्री हाॅल में रखा गया है। बंगलूरू की निजी कंपनी इसका संचालन करेगी।
उत्तर रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एक अलमारी में चार कंपार्टमेंट है। यह मोबाइल एप और क्यूआर कोड स्कैन की तरह काम करेगी। यात्री अपने मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त कर लॉकर का उपयोग कर सकते हैं। इसमें ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की भी सुविधा है।
मोबाइल के जरिए कर सकेंगे लॉकर का उपयोग
डिजिटल लॉकर के ऊपर छोटा सा स्क्रीन है, उस पैनल पर यात्री अपना मोबाइल नंबर फीड कर ओटीपी के माध्यम से इसे ऑपरेट कर सकते हैं। मोबाइल एप या फिर ईमेल आईडी व नाम के साथ वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा। उसके बाद पैनल पर अपनी सुविधा अनुसार साइज का लॉकर सेलेक्ट करना होगा।
प्रति घंटे 14 और 19 रुपये होगा शुल्क
दो कैटेगरी में लॉकर की सुविधा मिलेगी। लार्ज व एक्स्ट्रा लार्ज का प्रति घंटे किराया अलग-अलग है। एक्स्ट्रा लार्ज सामान रखने के लिए 24 घंटे का 472 रुपये देना होगा। वहीं, लार्ज लगेज का 24 घंटे में 330 रुपये देने होंगे। प्रति घंटे 14 रुपये, तीन घंटे का 42, पांच घंटे का 83, आठ घंटे का 124 और 12 घंटे का 165 रुपये शुल्क देना होगा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि हफ्ते भर के अंदर डिजिटल लॉकर की सुविधा यात्रियों को मिलने लगेगी। महाकुंभ को देखते हुए प्रयागराज जंक्शन और संगम पर भी सुविधा शुरू की गई है।