डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले: जो अफसर पीएम, सीएम के अनुसार काम नहीं कर सकते, वह सेवानिवृत्ति ले लें
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जो अफसर पीएम, सीएम के अनुसार काम नहीं कर सकते हैं वह सेवानिवृत्ति ले लें। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के राशन कार्ड की समस्याओं पर भी चर्चा की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को सर्किट हाउस में अफसरों के साथ बैठक की। कहा कि जनहित की समस्याओं के समाधान में अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। जो अफसर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुसार कार्य नहीं कर सकते वह अपनी मर्जी से सेवानिवृत्ति ले लें। बैठक में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी रहे।
उन्होंने ठेला पटरी व्यवसायियों के उत्पीड़न, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, दुर्गा पूजा विसर्जन, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक अधिकारियों के व्यवहार जैसे मुद्दे उठाए। डिप्टी सीएम ने अफसरों को निर्देश दिए कि शहर के चौकों और चौराहों के नजदीक ठेला पटरी व्यवसायियों के लिए स्थान का चयन कर उन्हें मूलभूत सुविधाएं दी जाएं। ताकि उनका व्यवसाय सुचारु रूप से चल सके।
बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के राशन कार्ड की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। निर्देश दिए कि ऐसे परिवारों का चयन कर उन्हें समय सीमा के भीतर राशन कार्ड दिया जाए। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनवाने की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
उपमुख्यमंत्री की बैठक से अनुपस्थित रहे अपर निदेशक स्वास्थ्य, जवाब तलब
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की निगरानी करने को कहा। इस दौरान जल जीवन, स्वास्थ्य, आजीविका मिशन के साथ ही सड़कों के चौड़ीकरण कार्यों को समय से पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. एमपी सिंह अनुपस्थित रहे। इससे नाराज होकर उपमुख्यमंत्री ने जवाब तलब किया है।
समीक्षा बैठक में ब्रजेश पाठक ने कहा कि जिले में 70 वर्ष के ऊपर के सभी व्यक्तियों का कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाने की कार्रवाई जल्द से जल्द करें। उन्होंने सभी सूचीबद्ध पैनल्ड अस्पतालों की सूची का भी प्रचार-प्रसार कराने पर विशेष जोर दिया।
कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं। यदि किसी भी सरकारी अस्पताल में कोई भी डॉक्टर बाहर की दवा लिखता है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य केंद्रों के आसपास साफ-सफाई, जलजमाव न होने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
उपमुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास स्थल का चयन कर एक सर्व सुविधा युक्त चिकित्सालय बनाने जोर दिया। बैठक में यूपी के आयुष एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा मौजूद रहे।
सड़क मरम्मत का कार्य हो तेज, समय पर हो भुगतान
ब्रजेश पाठक ने रामनगर में निर्माणाधीन बलुआ घाट के कार्यों की गुणवत्ता की जांच एचबीटीआई या आईआईटी कानपुर से कराए जाने की बात कही। कहा कि कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर को खुद बनारस में उपस्थित रहकर योजनाओं की मॉनिटरिंग करनी चाहिए।
नए सड़कों के निर्माण, प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण को गुणवत्ता के साथ कराने को कहा। कज्जाकपुरा आरओबी सहित समस्त निर्माणाधीन पुल के कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने, निराश्रित गोवंश को गोआश्रय स्थलों में संरक्षित करने, आवारा पशुओं का अभियान चला कर पकड़ने के निर्देश दिए।
महोत्सव का लोगो भी लॉन्च किया
उपमुख्यमंत्री ने काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव, काशी सांसद खेल प्रतियोगिता सहित अन्य प्रतियोगिताओं का लोगो, पोर्टल और क्यू आर कोड लॉन्च किया। ताकि प्रतिभागी अपना पंजीकरण करवा सके।