बीएचयू अस्पताल में सुविधा बढ़ाने की मांग: विद्यार्थी परिषद ने एमएस कार्यालय पर दिया धरना, आंदोलन की चेतावनी
बीएचयू अस्पताल में मरीजों की समस्याओं और अव्यवस्था के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एमएस ऑफिस का घेराव कर प्रदर्शन किया।
विस्तार
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) बीएचयू इकाई के सदस्यों ने शुक्रवार को बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल चिकित्सालय के एमएस कार्यालय के समक्ष धरना दिया। धरने पर बैठे विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) से चिकित्सकीय सेवाओं में बढ़ोतरी की मांग की।
प्रदर्शनकारी छात्र हाथों में तख्तियां लेकर धरने पर बैठे थे। जिस पर चिकित्सकों के प्राइवेट प्रैक्टिस पर रोक, एंबुलेंस की व्यवस्था, ट्रामा सेंटर में विशेषज्ञ सीनियर रेजीडेंट की 24 घंटे की उपस्थिति, सभी टेस्ट बीएचयू में कराने और मरीजों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क बनाने की मांग को लेकर स्लोगन लिखा था।
कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रशासन पर मरीजों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग पत्र को एमएस की गाड़ी पर चस्पा कर दिया। एमएस कार्यालय पर करीब एक घंटे तक छात्रों ने धरना दिया।
पढ़ेंः बीएचयू कुलपति के नाम एनएसयूआई ने जारी किया खुला पत्र, कार्यभार ग्रहण न करने पर उठाए सवाल
एम्स जैसी सुविधा के लिए मिले फंड का हो रहा दुरुपयोग
धरने पर बैठे बीएचयू इकाई अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मरीजों की समस्याओं के लिए कई बार मांग करने के बावजूद चिकित्सा अधीक्षक की ओर से कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है।
आरोप लगाया कि अस्पताल को एम्स के तर्ज पर विकसित करने के लिए मिले फंड का दुरुपयोग हो रहा है। इसी वजह से अस्पताल में सुविधाओं की कमी है और भ्रष्टाचार भी बढ़ रहा है।