कमरे में मिली तीन दिन पुरानी लाश: प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था युवक, दुर्गंध आने पर शक; पहुंची पुलिस
सारनाथ के पहड़िया बेनीपुर में किराये के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय विनय मौर्या का शव पंखे से लटका मिला। कमरे से दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। मोबाइल कब्जे में लिया गया है। प्रथम दृष्टया पढ़ाई के दबाव की बात सामने आई है।
विस्तार
पहड़िया स्थित बेनीपुर में किराये के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र विनय मौर्या का शव बुधवार को पंखे के सहारे लटका मिला। कमरे से दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव पिता त्रिलोकी मौर्या को सौंप दिया गया।
बीरभद्रपुर, शेरपुर, थाना जहानागंज, आजमगढ़ निवासी विनय मौर्या पिछले छह माह से पहड़िया बेनीपुर स्थित आनंद मौर्या के मकान में किराये पर रह रहा था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बुधवार तड़के उसके कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। इस पर मकान मालिक आनंद मौर्या को संदेह हुआ और उन्होंने स्थानीय थाने पर सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़वाया तो अंदर विनय का शव पंखे से सफेद गमछे के सहारे लटका मिला। शव करीब तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई गई, क्योंकि कमरे से काफी दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि युवक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया गया है। प्रथम दृष्टया पढ़ाई के दबाव से जुड़ा मामला सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मोबाइल की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर घटना की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
बताया गया कि विनय दो भाइयों में बड़ा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।