Varanasi News: पोखरे मे मिली युवक की लाश, हाथ-पैर बांधकर रेत दिया गया था गला, मौके पर पहुंची पुलिस
Varanasi News: मौके पर पहुंची चितईपुर पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
विस्तार
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी के आदित्य नगर तालाब के पास गड्ढे में पत्थर के साथ युवक का हाथ-पैर बंधा हुआ शव पुलिस ने बुधवार को बरामद किया। आशंका है कि युवक की हत्या के बाद शव फेंका गया है। गर्दन पर किसी धारदार हथियार से पहले वार किया गया था। युवक के बाएं हाथ पर आरएस लिखा है। फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पुलिस जांच कर रही है।
लोगों ने बताया कि तालाब के पास दो दिन से बदबू आ रही थी। शाम को कुछ युवाओं ने शव को देखा। पांच से छह दिन पुराना होने के कारण शव फूलकर सड़ चुका था। ऐसे में उसकी पहचान नहीं हो सकी है। लोगों ने आशंका जताई है कि पहले युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया। दोनों हाथ-पैर वजनी पत्थर के साथ रस्सी से बांधकर शव पानी में फेंका गया।
युवक ने शर्ट और पैंट पहन रखा था। घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर अंग्रेजी और देसी शराब की दुकान है। चितईपुर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा। थानों को मैसेज भेजकर पता कराया जा रहा है कि हफ्ते भर में किसी युवक की गुमशुदगी तो दर्ज नहीं हुई है।