योगी राज में 'रोमियो' के हौसले बुलंद, वाट्स एप पर शेयर की किशोरी की फोटो, पीटा
योगीराज में एंटी रोमियो स्क्वाड बनाए जाने के बाद भी मनचलों के हौसले बुलंद हैं। सोनभद्र में कुछ मनचले युवकों ने पहले युवती की फोटो वाट्स एप पर शेयर कर दी और फिर विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी।
सोनभद्र में वाट्स एप पर एक किशोरी का फोटो शेयर करने की बात को लेकर बुधवार को दो पक्षो में विवाद हो गया। मामला राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद करने के आरोप में दोनों पक्ष से एक-एक युवक को हिरासत में ले लिया है।
शाम करीब तीन बजे पड़ोस की एक युवक पड़ोस की एक किशोरी का फोटो अपने दोस्तों के वाट्स एप पर डाल दिया। इसकी जानकारी किशोरी को हुई तो उसने अपने भाई को बता दी। किशोरी का भाई फोटो शेयर करने वाले युवक से पूछने गया तो वह मारपीट पर अमादा हो गया।
फोटो डालने वाले युवक ने कुछ ही देर में अपने कई साथियों को बुलाकर किशोरी की पिटाई शुरू कर दी। इससे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने डॉयल 100 कॉल कर पुलिस को सूचना देने के साथ ही विवाद छुड़ाने में जुट गए।
घटनास्थल पर फोर्स पहुंची तो विवाद करने वाले भागने लगे। हालांकि पुलिस ने दोनों तरफ से एक-एक युवक को पकड़ कर कोतवाली ले गई। गुरुवार को दोनों पक्षों में सुलह समझौते की बात चल रही थी। पुलिस ने बताया कि सुलह न होने पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनका चालान किया जाएगा।