यूपी: ससुर को फोन कर कहा- तुम्हारी बेटी का हो गया काम तमाम, जब घर पहुंचे तो...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर गांव की प्रज्ञा सिंह(27) पत्नी दीपक सिंह गुरुवार की शाम सवा छह बजे घर में ही गोली मार कर हत्या कर दी गई। पहले परिवार के लोगों ने बाइक सवार दो बदमाशों पर गोली मारने की बात कही, लेकिन सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर ही हत्या का आरोप लगाया।
घटना के समय मृतका बारामदे के बगल में स्थित कमरे में अपने मासूम बच्चे के साथ टीवी देख रही थी। गोली प्रज्ञा के नाक के पास चेहरे पर लगी। गोली लगते ही प्रज्ञा की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
सूचना पर एसपी त्रिवेणी सिंह, एसपी सिटी पंकज पांडेय के साथ ही देवगांव कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं मृतका के पिता कुलदीप सिंह निवासी लोधापुर पल्हना थाना देवगांव कोतवाली भी कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौके पर ही बेटी के ससुराल वालों पर ही हत्या का आरोप लगाया।
पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी के पति दीपक सिंह ने घटना की सूचना देने के लिए जब फोन किया तो उसने यही कहा कि तुम्हारी बेटी का काम हो गया है, मैने उसे गोली मार दी है। मृतका के पिता के इस बयान के आधार पर ही पुलिस ने पति दीपक सिंह, ससुर व सास को हिरासत में ले लिया है। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कवायद चल रही है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की दो साल पूर्व शादी हुई थी और वह दो बच्चों की मां थी।
ससुर के आरोप से इंकार करता रहा आरोपी
मृतका के पिता के बयान ने पति दीपक सिंह के कहानी को ही उलट कर रख दिया। इसके बाद भी पति दीपक सिंह अपने ससुर के आरोप से इंकार करता रहा। वह पुलिस को अपनी बनाई कहानी ही समझाने में जुट रहा। जिसमें वह बाइक सवार बदमाशों द्वारा प्रज्ञा की गोली मार कर हत्या की बात कह रहा था।
एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर पति ने ही विवाहिता प्रज्ञा सिंह की गोली मार कर हत्या की है। पति, ससुर व सास को हिरासत में ले लिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है। अब विवेचना के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।