यूपी: कुएं में पंप ऊपर करने उतरे तीन लोग जहरीली गैस की चपेट में आए, सभी की मौत
मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के गोनौरा गांव बार्डर पर स्थित कुसहा गांव के राजपुर मजरे में मंगलवार की दोपहर कुएं में पंपसेट निकालने उतरे तीन लोगों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। पहले एक किसान रस्सी के सहारे पंपसेट को ऊपर करने के लिए कुएं में उतरा था। इस दौरान जहरीली गैस के चलते वह नीचे गिर गया। उसे बचाने के बाद बारी-बारी से गांव के दो लोग कुएं में उतरे और वो भी जहरीली गैस की चपेट में आने से नीचे गिर गए।
चौथा युवक भी कुएं में उतरा जिसे ग्रामीणों ने समय रहते ऊपर खींचकर बचा लिया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड और पुलिस कुएं से शव निकालने के लिए देर शाम तक मशक्कत करती रही। कुसहां गांव का राजपुर मजरा गोनौरा गांव के बार्डर पर स्थित है। गांव निवासी 70 वर्षीय तौलन पाल के मकान के पास निजी कुंआ है जिसमें सिंचाई के लिए पंपसेट लगाया गया था।
तौलन दोपहर में पानी में डूबे पंपसेट को ऊपर करने के लिए रस्सी के सहारे नीचे उतरे थे। उनका छोटा भाई श्रीनाथ पाल ऊपर से देख रहा था। 20 फिट नीचे पहुंचने पर जहरीली गैस की चपेट में आने से तौलन वे नीचे पानी गिर गए। श्रीनाथ पाल उन्हें बचाने के लिए नीचे उतर रहे थे। तभी गांव निवासी 50 वर्षीय लालमणि उर्फ भुंवरपाल ने श्रीनाथ को रोका और वह खुद नीचे उतरे। वह भी नीचे गिर गए।
वहां पर प्रयागराज मांडा के रमगढ़वा मछहां गांव निवासी 20 वर्षीय अजय पाल पुत्र जगदीश भी मौजूद था। वह गांव निवासी लाल बहादुर के घर अपने मौसा के यहां आया था। एक के बाद एक दो लोगों के कुंए में गिरने पर अजय पाल रस्सी पकड़ कर नीचे उतरा। वह भी जहरीली गैस की चपेट में आने से नीचे गिर गया। उसके नीचे गिरने पर उसका मौसेरा भाई संदीप पाल उसे बचाने के लिए उतरा। वह भी बेहोश होने लगा, तब तक रस्सी खींचकर उसे बाहर निकाल लिया, नहीं तो वह भी जहरीली गैस का शिकार हो जाता।
सूचना पर पहुंचे जिगना थाने की पुलिस और फायर बिग्रेड ने लालटेन डाला तो वह 10 फिट पर ही बुझ गई। सूचना पर डीएम अनुराग पटेल और एसपी डॉ धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी डॉ धर्मवीर सिंह ने कहा कि जहरीली गैस के चलते तीन लोगों की मौत हुई है। शव को निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है।