सोनभद्र नरसंहार : एसआईटी ने देखे विवादित जमीन से जुड़े दस्तावेज, एसडीएम और तहसीलदार से पूछताछ
मुख्यमंत्री के आदेश पर सोनभद्र जिले के उभ्भा कांड की जांच के लिए आई एसआईटी गुरुवार को तहसील मुख्यालय पहुंची। यहां टीम के सदस्यों ने विभिन्न कागजात और दस्तावेजों का निरीक्षण किया। टीम ने उभ्भा में विवादित जमीन से संबंधित शिकायतों की जांच की।
सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे एसआईटी के दो सदस्य इंस्पेक्टर सुशील कुमार उपाध्याय एवं इंस्पेक्टर अवध किशोर शुक्ला घोरावल तहसील मुख्यालय पहुंचे। यहां एसडीएम कार्यालय में गए और करीब दो घंटे तक विभिन्न दस्तावेजों व पत्रावलियों की छानबीन की।
टीम ने एसडीएम और तहसीलदार से भी जानकारी ली। इंस्पेक्टर सुशील कुमार उपाध्याय और अवध किशोर शुक्ला ने एसडीएम के स्टेनो और फौजदारी अहलमद से पूछताछ की। एसआईटी ने डाकबही, पत्राचार रजिस्टर, शिकायती पत्रों और उभ्भा से जुड़े तमाम दस्तावेजों की जांच पड़ताल की। डेढ़ बजे एसआईटी यहां से निकल गई।
गौरतलब है कि 17 जुलाई को घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मूर्तिया ग्राम पंचायत के उभ्भा गांव में जमीन विवाद में गोंड़ समुदाय की तीन महिलाओं समेत दस लोगों की हत्या कर दी गई थी, जबकि 28 लोग घायल किए गए थे। मामले में प्रधान यज्ञदत्त, गणेश, धर्मेंद्र, नीरज, अशर्फी समेत 28 लोगों पर नामजद और 50 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
21 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव का दौरा कर मृतक आश्रितों को 18.50 लाख रुपये और घायलों को 2.50 लाख की सरकारी सहायता और घटना की निष्पक्ष जांच की घोषणा की थी। मामले में अब तक 55 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 19 ट्रैक्टर, पांच असलहे और दर्जन भर लाठी डंडे पुलिस बरामद कर चुकी है। मामले की जांच के लिए बुधवार को एसआईटी जनपद पहुंच गई थी।