दो नामजद और पांच सौ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
रेवड़ी तालाब निवासी साड़ी कारोबार से जुड़े जाहिद अनवर को गुरुवार की रात अज्ञात हमलावरों ने रवींद्रपुरी में मारपीट कर घायल कर दिया था।
जाहिद का आरोप है कि हमलावर गले में केसरिया गमछा और इसी रंग की पगड़ी बांधे हुए थे। घटना से गुस्साए लोगों ने भेलूपुर थाने का घेराव किया तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे की मोहलत मांगी। शनिवार की रात तक गिरफ्तारी न होने पर गौरीगंज, शिवाला और रेवड़ी तालाब के लोगों ने फिर भेलूपुर थाने का घेराव कर दिया। इसी दौरान थाने पर पथराव हुआ जिसमें फॉलोअर विजय मौर्या समेत दो लोग घायल हो गए। भेलूपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिवाला निवासी अफजल व वकार अहमद और पांच सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। माहौल बिगाड़ने वाले आरोपी छोड़े नहीं जाएंगे। उधर, रविवार को गौरीगंज, रेवड़ी तालाब, शिवाला और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस और पीएसी के जवान चक्रमण करते रहे।
भेलूपुर थाने के सामने पथराव और जाहिद अनवर के साथ हुई मारपीट की घटना के मद्देनजर मुफ्ती-ए-शहर मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी के नेतृत्व में रविवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी नितिन तिवारी से मुलाकात की। मुफ्ती-ए-शहर ने एसएसपी से मांग की कि जाहिद पर हमला करने वालों और भेलूपुर थाने के सामने माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में न बख्शा जाए। मगर, इस दौरान किसी बेकसूर के साथ अन्याय न हो। एसएसपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी। इस दौरान बारह के बुनकर सरदार मोहम्मद हाशिम अंसारी, अतीक अंसारी, रिजवान, मोहम्मद खालिद, अफजल सिद्दीकी, वजीउद्दीन अंसारी, मोहम्मद गुफरान, विक्रम विज मौजूद रहे। मुफ्ती-ए-शहर ने शहरवासियों से भी अपील की है कि अफवाहें फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने वालों पर कतई ध्यान न दें। ऐसे लोगों की सूचना सीधे पुलिस को दें।
रेवड़ी तालाब निवासी जाहिद अनवर पर हुए हमले के बहाने कुछ लोग अपना उल्लू सीधा करने की फिराक में हैं। 48 घंटे के भीतर रात के समय ही दो बार भेलूपुर थाने के घेराव और पथराव के बाद माहौल की टोह लेने में जुटी खुफिया इकाइयों के अनुसार कुछ लोग जान बूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों को खुफिया इकाइयां चिह्नित कर रही हैं। रवींद्रपुरी में गुरुवार की रात जिस जगह जाहिद पर हमला हुआ था, आसपास की सीसीटीवी फुटेज में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किसने और क्या पहनकर किया। रविवार को लंका-रवींद्रपुरी मार्ग पर चार और जगह से सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा की गई कि तस्दीक की जा सके। मगर कुछ भी स्पष्ट न हो सका। शनिवार की रात भेलूपुर थाने पर हुए पथराव के बाद टोह लेने में जुटी खुफिया इकाइयों के अनुसार जाहिद का सहारा लेकर कुछ लोग बेवजह मामले को तूल दे रहे हैं। खुफिया इकाइयों का यह भी मानना है कि अवैध बूचड़खानों पर हुई सख्ती से नाराज कुछ लोग जान-बूझकर इस मामले को तूल देकर अपना गुस्सा पुलिस और प्रशासन के सामने जाहिर करना चाहते हैं। वहीं, जाहिद के साले जलालीपुरा निवासी वकील अहमद का कहना है कि हमें पुलिस पर पूरा भरोसा है। हम थाने का घेराव और पथराव करने वालों को जानते तक नहीं। इस संबंध में एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि जाहिद के हमलावरों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। जो भी कानून हाथ में लेगा वह पुलिस की कार्रवाई की जद में आएगा।