सीओ की कार की टक्कर से हवा में उड़ा बच्चा, मौके पर मौत, लोगों ने शव रख रोड किया जाम
आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के कोतवालीपुर मोड़ पर शुक्रवार की दोपहर सीओ बूढनपुर की तेज रफ्तार बोलेरो ने एक साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इससे साइकिल पर पीछे बैठा बालक आनंद चौहान(10) करीब आठ फुट ऊपर हवा में उड़कर सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साइकिल चला रहे उसके नाना रामबचन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल ले जाने के बजाय सीओ वाहन सहित वहां से भाग निकले। इससे गुस्साए लोगों ने अहरौला थाने के पास चांदनी चौक पर शव रखकर रोड पर जाम लगा दिया।
एसओ अहरौला जाम खुलवाने पहुंचे तो लोगों ने खदेड़ दिया। थानाध्यक्ष और सिपाहियों ने एक मकान में छिप कर जान बचाई। बाद में एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह और एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे बाद शव को जबरन कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद जाम समाप्त हो गया।
एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने बताया मृत बालक के पिता रामनयन चौहान की तहरीर पर सीओ बूढनपुर की गाड़ी और चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद घर वालों को दी गई है। नियम के तहत अन्य सरकारी सुविधाएं भी दिलाई जाएंगी।
मृत बालक आनंद चौहान(10) पुत्र रामनयन चौहान सरायमीर थाने के कमालपुर गांव का निवासी था। जबकि घायल उसके नाना रामबचन चौहान(55) अहरौला क्षेत्र के आलमपुर गांव के निवासी हैं। आनंद ननिहाल में रहता था। उसकी तबियत खराब होने पर शुक्रवार को उसके नाना रामबचन साइकिल पर बैठाकर दवा लेने जा रहे थे।
जैसे ही साइकिल कोतवालीपुर मोड़ के पास पहुंची कि उधर से तहसीलदार बूढनपुर, सीओ बूढनपुर और सपा नेत्री मनोरमा गिरी की गाड़ी बड़ी तेजी से गुजरी। आगे चल रही सीओ बूढनपुर की अनियंत्रित बोलेरो से रामबचन की साइकल में टक्कर लग जाने से पीछे बैठा आनंद करीब आठ फुट ऊपर हवा में उड़कर सड़क पर गिरा और उसकी मौत हो गई, जबकि रामबचन घायल हो गए। उन्हें क्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर बनी हुई है।