बैंक से लौट रहे पिता-पुत्र को बाइक सवार बदमाशों ने हाईवे पर रोका, दिनदहाड़े हाथापाई कर छीने पैसे
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में बैंक से लौट रहे पिता-पुत्र से बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े हाथापाई कर पैसे छीन लिए और मौके पर से फरार हो गए। पिता-पुत्र ने उनका पीछा भी किया, लेकिन बाइक का तेल खत्म होने से ज्यादा दूर नहीं जा पाए। नकाबपोश बदमाशों को पिता-पुत्र ने पहचान लिया है। बादमाशों की बाइक अंबेडकरनगर जनपद में रजिस्टर्ड है। पुलिस बदमाशों की तलाश में रवाना हो गई है।
आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के दत्तापुर निवासी सत्यनारायण पांडेय(77) अपने बेटे दामोदर पांडेय के साथ सोमवार सुबह बाइक से मिल्कीपुर बैंक गए थे। वहां से वह दस हजार रुपये निकालकर बेटे के साथ घर जा रहे थे। जैसे ही वह सिक्सलेन की निर्माणाधीन पुलिया के पास पहुंचे, पीछे से बैंक से ही लगे बाइक सवार तीन बदमाशों ने आगे बढ़ कर उन्हें रोक लिया।
उन्होंने पिता-पुत्र से हाथापाई कर 10 हजार रुपये छीन लिए। तीनों मुंह पर गमछा बांधे थे। हाथापाई में उनका मुंह खुल गया था। दामोदर ने उनका चेहरा देख लिया। तीनों वापस मिल्कीपुर होते हुए भाग निकले। दामोदर ने इनका पीछा सुम्हडीह बाजार तक किया।
तेल खत्म होने के कारण वह आगे तक नहीं जा सके। दामोदर ने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया था। पुलिस को मामले की सूचना दी। थानाध्यक्ष संजय कुमार बैंक पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे को देखा। इसमें आरोपी की पहचान दामोदर ने की।
मोटरसाइकिल का नंबर अंबेडकरनगर जिले का है। इसके आधार पर सीओ रविशंकर प्रसाद और थानाध्यक्ष पवई जलालपुर तक गए, लेकिन पता नहीं चला। सीओ ने बताया कि गाड़ी का नंबर मिला है। बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।