Varanasi Crime News: पुजारी पर दो बालिकाओं को गायब करने का आरोप, रेप पीड़िता के परिवार को धमकी
वाराणसी के उमरहां बाजार के समीप मंदिर के एक पुजारी पर दो बालिकाओं को गायब करने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने शनिवार को मंदिर घेर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों का समझा बुझाकर शांत कराया। वहीं, पुलिस ने दोनों बच्चियों को एक बगीचे से बरामद किया।
पुलिस की पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि लकड़ी बीनने के लिए वह बगीचे में गई थी। सीओ पिंडरा अभिषेक पांडेय भी मौके पर पहुंचे और पुजारी समेत दोनों बच्चियों से पूछताछ की।
आरोपी के भाई ने बाइक से मारा पीड़ित को टक्कर
दुष्कर्म आरोपी के भाई पर पीड़ित परिवार ने बाइक से टक्कर मारने और मुकदमे में पैरवी नहीं करने की धमकी देने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर बड़ागांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। फूलपुर थाना अंतर्गत रहने वाले दुष्कर्म पीड़ित पिता का आरोप है कि मुकदमे में आरोपी के भाई ने बाइक से टक्कर मारी, जिससे छोटे भाई का पैर फ्रैक्चर हो गया। आरोप लगाया कि मुकदमा वापस लेने की लगातार धमकी दे रहा है।
पति के दोस्त पर महिला ने दर्ज कराया छेड़खानी का मुकदमा
विवाहिता ने अपने पति के दोस्त के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा लक्सा थाने में दर्ज कराया। लक्सा थाना अंतर्गत रहने वाली विवाहिता के अनुसार उसके पति के बचपन का मित्र अक्सर घर आता-जाता था। पियरी कला निवासी पवन श्रीवास्तव अक्सर घर आकर छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी देता रहा। इसके बाद वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए रुपये की मांग करने लगा। थाना प्रभारी के अनुसार मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पति सहित छह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
पत्नी ने पति समेत छह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज करते हुए मिर्जामुराद पुलिस ने जांच शुरू की। छतेरी मानापुर निवासी विवाहिता सपना के अनुसार पांच लाख नकदी और कार की मांग को लेकर ससुराल में प्रताड़ित किया जाता है। विरोध करने पर पीटा जाता है। पति विकास, ससुर विनय, सास माधुरी, देवर मनीष सहित ननद अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
हिरासत में लिए गए छात्रों को पुलिस ने निजी मुचलके पर छोड़ा
बीएचयू में मारपीट छेड़खानी के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद शुक्रवार को हिरासत में लिए गए छात्रों को पूछताछ कर फार्म 41 भरवाने के बाद निजी मुचलके पर छोड़ा। इंस्पेक्टर लंका बृजेश कुमार सिंह के अनुसार हिरासत में लिए गए छात्रों को पूछताछ के बाद मुचलके पर छोड़ा गया। आगे की कार्रवाई विवेचना के बाद होगी। पुलिस ने रवि कुमार राय की तहरीर पर संजय गांधी, दुर्गेश यादव और अंकित पाल के खिलाफ छेड़खानी, बलवा मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किया था।
भटकते बच्चे को पुलिस ने परिजनों से मिलाया
लखनपुर के रहने वाले जगत नारायण का तीन वर्षीय पुत्र रवि भटक गया। पुलिस ने खोजबीन के परिजनों से मिलवाया। लखनपुर गांव से रवि दानगंज बाजार तीन किलोमीटर दूर भटकता हुआ चला गया, बच्चे को भटकता देख व्यापारियों ने बच्चे का नाम और उसके पिता का नाम पूछा। बच्चा बताने में असमर्थ रहा। दानगंज पुलिस को सुपुर्द किया, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की गई, पिता ने अपने पुत्र की पहचान करते हुए दानगंज चौकी पर पहुंचा।