फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Crime news from Varanasi Convict sentenced to five years for attempted murder Titli Gang criminals arrested

वाराणसी में अपराध की खबरें: हत्या के प्रयास में दोषी को पांच साल की सजा, तितली गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार

Wed, 02 Sep 2026 05:15 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 02 Sep 2026 05:15 PM IST
सार

वाराणसी में पिछले 24 घंटे में कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें हत्या के प्रयास में दोषी को पांच साल की सजा और तितली गैंग के तीन आरोपियों की गिरफ्तारी समेत अन्य खबरें शामिल हैं। 

विज्ञापन
Crime news from Varanasi Convict sentenced to five years for attempted murder Titli Gang criminals arrested
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अपर सत्र न्यायाधीश न्यायालय आलोक कुमार की अदालत ने मंगलवार को हत्या के प्रयास के मामले में आकाश सिंह को दोषी करार देते हुए पांच साल के कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियान पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी संतोष कुमार तिवारी ने पैरवी की। न्यायालय ने आदेश दिया कि अभियुक्त ने जेल में जितनी अवधि बिताई है, उसे सजा की अवधि में समायोजित किया जाएगा। अर्थदंड की 70 प्रतिशत राशि पीड़ित को देने का भी आदेश दिया गया है।

विज्ञापन


अभियोजन के अनुसार, मामला 15 अगस्त 2021 का है। चेतगंज थाना क्षेत्र में फल के ठेले पर सेब खाने को लेकर अरुण सोनकर का एक युवक से विवाद हो गया था। आरोप था कि युवक ने अरुण की गर्दन पर धारदार वस्तु से वार कर दिया। इससे वह घायल हो गए। आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी भी देकर गया था। अरुण की तहरीर पर चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। विवेचना और सुनवाई के बाद अदालत ने आकाश सिंह को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।  
विज्ञापन


तितली गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार, 4 लाख का माल मिला
चोरी करने वाले अंतरजनपदीय तितली गिरोह के तीन आरोपियों को लंका और भेलूपुर पुलिस ने सोमवार रात रविंद्रपुरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उनके पास से एक स्कूटी, सफेद धातु की दो सिल्ली और 50000 रुपये मिले हैं। सामान की कीमत चार लाख रुपये है।
विज्ञापन
विज्ञापन


एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आराेपियों में भगवानपुर निवासी समीर सोनकर, नगवा निवासी करन सोनकर और बिहार के रोहतास विक्रमगंज का मूल निवासी और वर्तमान में भगवानपुर का रहने वाला हिमांशु गिरी है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशा करने के लिए चोरी करते थे। जुलाई और अगस्त में भागवत धाम कॉलोनी, श्यामनगर कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी और जानकी नगर कॉलोनी में चोरी की वारदात कबूल कीं। चांदी को पिघलवाकर सिल्ली बनवाते थे। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि सर्राफ की भूमिका की भी जांच करवाई जा रही है। समीर पर 20, करन पर 6 और हिमांशु पर 4 मामले दर्ज हैं।  

पांच लाख रुपये और बुलेट की मांग, विवाहिता को बच्चों समेत घर से निकाला
जौनपुर के हरिहरपुर गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर दो बच्चों समेत घर से निकालने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगा है। पीड़िता की तहरीर पर बड़ागांव पुलिस ने पति समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बड़ागांव थाना क्षेत्र के धरमनपुर गांव निवासी इम्तियाज शाह की बेटी सितारा की शादी 12 अक्तूबर 2020 को जौनपुर के हरिहरपुर गांव निवासी मुनीब के बेटे राहुल के साथ हुई। 

विवाहिता के मुताबिक, शादी में मायके पक्ष ने 50 हजार रुपये नकद, गृहस्थी का सामान और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। आरोप है कि पति राहुल, ससुर मुनीब, सास नसरून, जेठ असगर समेत अन्य पांच लाख नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित करने लगे। सितारा के अनुसार, विवाद सुलझाने के लिए कई बार पंचायत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। 

आरोप है कि 26 जुलाई 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उसे बाबतपुर में छोड़ दिया। इसके बाद से वह दो बच्चों के साथ मायके में रह रही है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के सामने मिला अज्ञात शव
बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के सामने मंगलवार को सड़क पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। लोगों से पूछताछ की गई। सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। थाना मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।   

दोस्ती के बाद शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
इंस्टाग्राम से दोस्ती कर शादी का भरोसा देने और दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी निहाल राजभर को शीतला माता मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। महाराष्ट्र के पालघर जिले की युवती की एक साल पहले इंस्टाग्राम पर पुरानापुल, सारनाथ निवासी निहाल से दोस्ती हुई थी। युवती का आरोप है कि तीन महीने पहले निहाल ने शादी का भरोसा देकर उसे बनारस बुलाया। एक सप्ताह तक आरोपी के घर रही, जहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए गए। युवती ने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इन्कार कर उसके साथ मारपीट की और घर से भगा दिया। आहत युवती ने चूहे मारने की दवा खाकर जान देने का प्रयास किया। डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली। पीड़िता ने आरोपी और उसके परिजनों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। चिकित्सीय परीक्षण के बाद पीड़िता को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। 
 
चोरी के बर्तन के साथ आरोपी गिरफ्तार
चोरी के बर्तनों के साथ आरोपी सुभाष वनवासी को चेकिंग के दौरान कपसेठी पुलिस ने मंगलवार को शिवदासपुर के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी के बर्तन बरामद हुए। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भदोही के मोढ़ थाना क्षेत्र का निवासी है। उसके पास से पीले धातु के तीन चोरी के बर्तन मिले। दो दिन पहले बजरडीहा गांव से बर्तन चोरी हुए थे। सुभाष इन बर्तनों को बेचने के लिए कपसेठी स्टेशन से वाराणसी जाने की फिराक में था। 

दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के मामले में पति-सास गिरफ्तार
दहेज उत्पीड़न और विवाहिता अनीता देवी व उसकी पुत्री की आत्महत्या के मामले में वांछित पति अजीत कुमार गोंड और सास को जंसा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। दोनों को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। यह मामला थाना क्षेत्र के लच्छीपुर गांव से जुड़ा है। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि अनीता देवी की शादी 2021 में लच्छीपुर गांव निवासी अजीत कुमार गोंड से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग करने लगा। कई बार पंचायतें भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। प्रताड़ना से परेशान अनीता 2023 में मायके चली गई थी। उसने वहां एक पुत्री को जन्म दिया था। आरोप है कि 9 मार्च 2026 को अजीत पत्नी और पुत्री को साथ ले गया। बाद में अजीत ने सूचना दी कि अनीता देवी और उसकी पुत्री ने आत्महत्या कर ली है। यह घटना चौखंडी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के सामने कूदकर हुई थी। मायके वालों ने पति और सास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।  

पति ने पत्नी, बच्चे और सास पर किया हमला
पैगंबरपुर पंचकोशी में पति ने अपनी पत्नी, मासूम बच्चे और सास के साथ मारपीट की। पीड़िता ने मंगलवार को तहरीर में पति पर बच्चे को जमीन पर पटकने का भी आरोप लगाया। बुलबुल देवी साहू ने बताया कि पति ऑटो चालक है। रोज मारपीट करते हैं। दोपहर में बेरहमी से पिटाई की। छोटे बच्चे को जमीन पर पटक दिया। पीड़िता की मां सरिता साहू मौके पर पहुंची तो उन्हें भी थप्पड़ मार दिया। पति ने पीड़िता को घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने सास, ननद और ससुर पर भी प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।  

भटकती मिली मानसिक रूप से कमजोर किशोरी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के शेरवानीपुर गांव के पास सोमवार को एक मानसिक रूप से कमजोर किशोरी भटकती मिली। पुलिस ने पहचान न होने पर उसे राजकीय बालिका गृह रामनगर भेजा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि लोगों ने किशोरी को एक दुकान पर बैठा देखा। तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोरी से उसका नाम-पता पूछने का काफी प्रयास किया। हालांकि, वह कोई जानकारी नहीं दे पाई। पुलिस ने सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से उसकी पहचान कराने और परिजनों को तलाशने की कोशिश की।  

पशु तस्कर गिरफ्तार, तीन पशु और दो वाहन बरामद
चौबेपुर पुलिस ने पशु तस्करी के आरोपी राकेश वनवासी को सोमवार रात चिरईगांव बराई अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तीन पशु और दो पिकअप मिले। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चौबेपुर के बरथरा खुर्द का निवासी है। राकेश दो पिकअप वाहनों में अवैध रूप से पशुओं को वध के लिए ले जा रहा था।  

कंपोजिट विद्यालय में चार साल में दूसरी बार चोरी
डायट सारनाथ के बगल में कंपोजिट विद्यालय में चोरों ने कार्यालय का ताला तोड़कर नकदी समेत दो पीतल की घंटियां और दो स्पीकर चोरी कर लिए। प्रधानाध्यापिका ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रभारी प्रधानाध्यापिका मंजू यादव ने बताया कि सुबह विद्यालय पहुंचने पर कार्यालय का ताला टूटा मिला और दरवाजा खुला था। बताया कि विद्यालय में चार साल के भीतर चोरी की यह दूसरी घटना है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि विद्यालय में चोरी की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।  

किशोरी से दुष्कर्म के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता मिली
किशोरी से दुष्कर्म और बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में दो आरोपियों शहजादे और अनिल कन्नौजिया को मंडुवाडीह पुलिस ने मंगलवार को चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। साथ ही पीड़िता को भी खोज लिया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि दोनों आरोपी सिंधौरिया कॉलोनी, शिवदासपुर के निवासी हैं। पीड़िता के भाई ने 31 अगस्त को मंडुवाडीह थाने में बहन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि उसकी बहन बिना बताए घर से चली गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। दो आरोपियों का नाम सामने आने के बाद गिरफ्तारी हुई।  

नहाते समय वरुणा नदी में डूबा 17 वर्षीय युवक
जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खीघाट स्थित हिदायत नगर में मंगलवार दोपहर वरुणा नदी में नहाने गया युवक तेज बहाव में डूब गया। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका। सूचना के बाद पुलिस, एनडीआरएफ, जल पुलिस और निजी गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी है। हिदायत नगर निवासी मोनू (17) पुत्र स्व. जगर्देव मंगलवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ वरुणा नदी में नहा रहा था। 

नदी में बाढ़ का पानी बढ़ा होने के बावजूद युवक अपने साथियों के साथ पानी में उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद उसके दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन तबतक मोनू तेज बहाव में बह गया। देर शाम तक मोनू के घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करते हुए नक्खीघाट पुल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि मोनू दोपहर में नहाने गया था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। 

घटना की जानकारी मिलने पर जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई, लेकिन अंधेरा होने के कारण मोनू का पता नहीं चल सका। एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ, जल पुलिस के साथ निजी गोताखोरों की टीम लगाई गई है। बुधवार को भी नदी में व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाया जाएगा। मोनू छह भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी करता था। उसके पिता की काफी पहले मृत्यु हो चुकी है। मां चिंतामणि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं।
 
फैमिली कोर्ट में उतरा करंट, सभी मुकदमों में लगी जनरल डेट
दीवानी न्यायालय परिसर के परिवार न्यायालय में मंगलवार को बिजली का करंट उतरने से हड़कंप मच गया। सुनवाई के लिए आए सभी मुकदमों में जनरल डेट लगा दी गई। पुरानी इमारत और जर्जर विद्युत तारों के कारण कहीं से करंट आ गया। बारिश के बीच दीवारों में भी करंट उतरने की शिकायत सामने आई। इससे न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं और वादकारियों में अफरातफरी की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलने पर बिजली कर्मियों और नाजिर ने पहुंचकर विद्युत फॉल्ट की जांच शुरू की। खराबी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री आशीष कुमार सिंह ने बताया कि विद्युत समस्या को जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। 

मुकदमे में सुलह से इन्कार पर दंपती को रास्ते में रोककर पीटा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांगकला बाजार में सोमवार रात मुकदमे में सुलह-समझौता करने से इन्कार करने पर कुछ लोगों ने विनोद कुमार गोंड और उनकी पत्नी को रास्ते में रोकर पीटा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। विनोद कुमार गोंड ने पुलिस को तहरीर में बताया कि 2022 में राकेश उर्फ कान्हा, अमन कुमार सिंह उर्फ दीपु और लकी सिंह ने गिरोह बनाकर मारपीट की थी।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी उस मुकदमे में सुलह-समझौते का दबाव बना रहे थे। विनोद के मुताबिक, सुलह से इन्कार करने पर सोमवार रात दुकान बंद कर पत्नी सरोजा देवी के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ते में रोक लिया और दोनों के साथ मारपीट की। घटना में पति-पत्नी घायल हो गए। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।  

यातायात पुलिस कर्मियों पर धक्का देने का आरोप, धरने पर वायु सेना के पूर्व स्क्वाड्रन लीडर
लक्सा थाना क्षेत्र के पीडीआर मॉल के पास मंगलवार देर शाम वायु सेना के पूर्व स्क्वाड्रन लीडर के परिजनों के साथ यातायात पुलिस के दो कर्मियों ने दुर्व्यवहार किया। आहत वायुसेना से सेवानिवृत्त स्क्वाड्रन लीडर अजिताभ ने परिजनों के साथ लक्सा चौराहे के पास धरना दिया। चेतगंज और लक्सा पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया। अजिताभ ने पुलिस को बताया कि वह शाम 6.30 बजे परिवार के 10 सदस्यों के साथ पीडीआर मॉल में हनुमान अंश फिल्म देखने जा रहे थे।

चेतगंज से पीडीआर मॉल से 500 मीटर पहले ऑटो बदलने के दौरान सफेद रंग की ड्रेस में दो पुलिस कर्मी आए और ई-रिक्शे को तेज से धक्का मारा। 60 साल की मामी के कंधे में चोट आ गई। विरोध किया तो दोनों पुलिसकर्मियों ने गालीगलौज और हाथापाई की। परिवार के 6 सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया। लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि पीड़ित को समझाया गया। उनकी मांग थी कि दोनों पुलिस कर्मी माफी मांगे और उन्हें नोटिस भी जारी किया जाए।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed