एयरपोर्ट पर कारतूस के साथ पकड़ा गया क्रिकेटर, पुलिस हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार शाम एक यात्री को सुरक्षा कर्मियों ने न्यू टर्मिनल भवन के अंदर चेक इन के दौरान कारतूस के साथ पकड़ा। जेब से मिले कारतूस और यात्री को सीआईएसएफ ने फूलपुर पुलिस को सौंप दिया। हैदराबाद की एक क्रिकेट अकादमी में प्रैक्टिस करने वाला क्रिकेटर इंडिगो के विमान से हैदराबाद जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था।
देवरिया जिले के बरहज निवासी 17 वर्षीय किशोर शाम को इंडिगो एयरलाइंस के विमान 6ई 6624 से हैदराबाद जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा। प्रारंभिक जांच से गुजरते हुए वह चेक-इन एरिया तक पहुंच गया। सिक्योरिटी होल्ड एरिया में प्रवेश से पहले एक्सरे जांच के दौरान उसके पॉकेट पर्स में .32 बोर का कारतूस मिला।
सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया और फूलपुर पुलिस को सूचना दी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने पूछताछ के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह हैदराबाद स्थित क्रिकेट एकेडमी में लगभग तीन वर्ष से प्रैक्टिस करता है। देवरिया से आते समय बस की फर्श पर कारतूस मिला तो उसने पर्स में रख लिया। फूलपुर एसओ सनवर अली ने बताया कि यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पांच चरणों में हो रही है जांच
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एयरपोर्ट पर अलर्ट है और पांच चरणों में जांच की जा रही है। यात्रियों के पूरे शरीर के साथ बेल्ट जूता-चप्पल आदि की भी जांच की जा रही है। इसके बावजूद कारतूस लेकर टर्मिनल में प्रवेश कर जाना सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं कारतूस व असलहा
- 24 अगस्त 2018 को भदोही निवासी कुमुद सिंह को देशी रिवाल्वर के साथ हिरासत में लिया गया था।
- 1 अक्टूबर 2018 को बलिया के फेफना निवासी शुभम कुमार मिश्रा को कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था।
- 12 जनवरी 2020 को मझियावा, बिहार के ओमप्रकाश शर्मा को एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मियों ने कारतूस के साथ पकड़ा था।