वाराणसी में कोरोना का कहर: तीसरी लहर में पहली बार एक दिन में मिले 210 संक्रमित, टोल फ्री नंबर जारी
वाराणसी में कोरोना के मामले कम होने के नाम नहीं ले रहे हैं। रोजाना डेढ़ या दोगुना मामले बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को भी एक दिन में ही जिले में 210 लोग कोविड पॉजिटिव मिले।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में कोरोना संक्रमण की रफ्तार घटने की बजाए तेजी से बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को तीसरी लहर में एक दिन में सबसे ज्यादा 210 नए मरीज मिले हैं। इसमें बीएचयू में डॉक्टर, कर्मचारी समेत 30 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि व्यवसायी, पुलिस कर्मी, छात्रों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
नए मरीजों के मिलने के बाद अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या भी 630 हो गई है। इससे पहले बुधवार को 120 जबकि गुरुवार को 149 कोरोना संक्रमित मिले थे। कोरोना की भयावहता को देखते हुए जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देश पर सिगरा स्थित इंटीग्रेटेड कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर की ओर से टोल फ्री नंबर जारी किया गया है।
जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक दो और छह साल की बच्ची और 15 साल से कम उम्र के पांच बच्चे भी संक्रमित हुए हैं। शुक्रवार को होम आइसोलेशन में एक मरीज स्वस्थ घोषित किया गया। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि सभी मरीजों का सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि किस वैरिएंट से लोग संक्रमित हुए हैं, फिलहाल जिले में ओमिक्रॉन का कोई केस नहीं है।
पढ़ेंः कोरोना का असर: बीएचयू ओपीडी के लिए फिर से ऑनलाइन बुकिंग, विभागवार देखे जाएंगे मात्र 50 मरीज , ऑपरेशन भी कम होंगे
टोल फ्री नंबर पर मिलेगी कोरोना से जुड़ी हर जानकारी
सीएमओ डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि टोल फ्री नंबर 1077 पर कॉल कर कोई भी व्यक्ति कोविड संबंधित जानकारी के साथ ही मदद हासिल कर सकता है। इसके अलावा 0542-2221937, 0542-2221941, 0542-2221942, 0542-2221944 के साथ ही 0542-2720005 पर भी कॉल कर मदद ली जा सकती है।
उन्होंने बताया कि कोविड पीड़ित किसी व्यक्ति को यदि एम्बुलेंस की जरूरत है अथवा उसे किसी भी अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत है तो वह मोबाइल नंबर 7307413510 पर काल कर मदद प्राप्त कर सकता है।
पूर्वांचल में पांव पसार रहा कोरोना
वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। आजमगढ़, वाराणसी और विंध्य मंडल के जिलों में शुक्रवार को कोरोना के 302 मरीज मिले। वाराणसी में सबसे अधिक 210, चंदौली में 20, आजमगढ़ 17, गाजीपुर 16, सोनभद्र 13, मिर्जापुर 10, जौनपुर 8, बलिया 6 और मऊ में 2 मरीज मिले।
कोरोना संक्रमण से बचाव को चला जागरूकता अभियान
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए शुक्रवार को बनारस रेल इंजन कारखाना में जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यशाला सहित अन्य स्थानों पर लोगों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन एवं मास्क पहनने को लेकर जागरूक किया। सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की गई। कार्यशाला में 15 से 18 वर्ष के मध्य प्रशिक्षुओं को भी टीकाकारण के लिए प्रेरित किया गया और बताया गया कि यह पूर्णत: सुरक्षित है।
कोहरे के चलते सात उड़ानें निरस्त
कोहरे के चलते शुक्रवार को भी आधा दर्जन से अधिक उड़ानें एक से तीन घंटे तक प्रभावित रहीं। वहीं, एयरपोर्ट से सात उड़ानें निरस्त रहीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। टिकट निरस्त और कंफर्म कराने को लेकर काउंटरों पर यात्रियों को भागदौड़ करनी पड़ी। वहीं, यात्रियों को छोड़ने आए लोगों को भी हलाकान होना पड़ा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, मुंबई से स्पाइस जेट का विमान तीन घंटे, एयर इंडिया का विमान ढाई घंटे, विस्तारा का विमान दो घंटे, बंगलूरू से इंडिगो का विमान दो घंटे 20 मिनट, दिल्ली से स्पाइसजेट और गोएयर का विमान सवा घंटे, अहमदाबाद से इंडिगो का विमान दो घंटे की देरी से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचा।
वहीं, गोएयर , इंडिगो का वाराणसी-नई दिल्ली विमान, इंडिगो का वाराणसी-हैदराबाद विमान, गोएयरवेज व इंडिगो का वाराणसी-मुंबई विमान और इंडिगो का वाराणसी-भुवनेश्वर और इंडिगो की वाराणसी-बंगलूरू विमान सेवा निरस्त रहीं।